साउथ अफ्रीका की टीम को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ वनडे सीरीज से पहले एक और बड़ा झटका लगा है। तेज गेंदबाज ओटनील बार्टमैन बाएं पैर की हैमस्ट्रिंग में चोट के कारण पूरी सीरीज से बाहर हो गए हैं। यह चोट उन्हें सीजन के पहले फर्स्ट क्लास मैच में लगी।
हैमस्ट्रिंग की वजह से बाहर हुए बार्टमैन
रिपोर्ट के मुताबिक, डॉल्फिन्स की तरफ से खेलते हुए वे सिर्फ 5 ओवर ही डाल पाए और दूसरी पारी में बैटिंग करने भी नहीं आए। अब उनका पूरा मेडिकल टेस्ट होगा, जिसके बाद ही पता चलेगा कि वे कितने दिन तक बाहर रहेंगे। बार्टमैन से पहले कागिसो रबाडा भी इसी तरह की हैमस्ट्रिंग चोट के कारण बाहर हो चुके हैं। क्रिकेट साउथ अफ्रीका ने रबाडा की वापसी को लेकर अभी कोई जानकारी नहीं दी है। बोर्ड उनकी फिटनेस पर नजर रख रहा है ताकि 9 अक्टूबर से शुरू होने वाली टेस्ट सीरीज तक वे फिट हो जाएं।
दुआन जैनसन को मिला मौका
बार्टमैन की जगह अब दुआन जैनसन को टीम में बुलाया गया है। दुआन इस समय नामीबिया में साउथ अफ्रीका की 'ए' टीम के साथ हैं। वे अपने भाई मार्को जैनसन के साथ मुख्य टीम में जुड़ेंगे। दिलचस्प बात यह है कि मार्को ने उसी मैच में 7 विकेट लिए थे जिसमें बार्टमैन चोटिल हुए थे। दुआन ने हाल ही में नामीबिया में हुई टी20 ट्राई-सीरीज में शानदार गेंदबाजी की थी। जिम्बाब्वे और नामीबिया के खिलाफ उस सीरीज में वे सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज थे। इसके बाद दो वनडे मैचों में भी उन्होंने 5 विकेट लिए। इसी फॉर्म के चलते उन्हें सीनियर टीम में मौका दिया गया है।
24 सितंबर से शुरू हो रही वनडे सीरीज
साउथ अफ्रीका और ऑस्ट्रेलिया के बीच तीन वनडे मैचों की सीरीज 24 सितंबर से शुरू हो रही है। 2027 का वनडे वर्ल्ड कप साउथ अफ्रीका, जिम्बाब्वे और नामीबिया में ही खेला जाना है, इसलिए यह सीरीज दोनों टीमों के लिए बहुत अहम है। लेकिन दो मुख्य तेज गेंदबाजों के बिना साउथ अफ्रीका को नए गेंदबाजों के साथ मैदान में उतरना होगा।
