क्रिकेट

AUS vs SA 2nd ODI Highlights: दक्षिण अफ्रीका ने दूसरे वनडे में दी ऑस्ट्रेलिया को करारी मात, किया सीरीज पर कब्जा

दक्षिण अफ्रीका ने ऑस्ट्रेलिया के तीन मैच की सीरीज के दूसरे वनडे में मात देकर सीरीज पर 2-0 से कब्जा कर लिया है। यह दक्षिण अफ्रीका की ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ लगातार पांचवीं वनडे सीरीज जीत है।

Image

दक्षिण अफ्रीका क्रिकेट टीम (फोटो क्रेडिट @ProteasMenCSA X)

मैकेय: एडेन मार्करम की कप्तानी वाली दक्षिण अफ्रीकी क्रिकेट टीम ने ऑस्ट्रेलिया को तीन मैच की वनडे सीरीज के दूसरे वनडे में 84 रन के अंतर से मात देकर सीरीज पर 2-0 से कब्जा कर लिया। मैच में टॉस जीतकर दक्षिण अफ्रीका ने पहले बल्लेबाजी की फैसला किया और 49.1 ओवर में 10 विकेट पर 277 रन का स्कोर खड़ा किया। दक्षिण अफ्रीका के लिए मैथ्यू ब्रीट्जकी ने सबसे ज्यादा 88 और ट्रि्स्टन स्टब्स ने 74 रन की पारी खेली। इसके बाद जीत के लिए 278 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी ऑस्ट्रेलिया की टीम 37.4 ओवर में 193 रन बनाकर ढेर हो गई।

लुंगी नगिडी ने चटकाए पांच विकेट

जोश इंग्लिस के अलावा और कोई कंगारू बल्लेबाज दक्षिण अफ्रीकी गेंदबाजों का सामना नहीं कर सका। लुंगी नगिडी ने 42 रन देकर 5 विकेट लिए और टीम की जीत में अहम भूमिका अदा की। इस मुकाबले में जीत के साथ ही द. अफ्रीकी टीम ने सीरीज 2-0 के अंतर से अपने नाम कर ली। ये ऑस्ट्रेलिया की दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ लगातार पांचवीं वनडे सीरीज जीत है। नगिडी को शानदार गेंदबाजी के लिए प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।

दक्षिण अफ्रीका की टीम 277 रन पर हुई ढेर

दक्षिण अफ्रीका के कप्तान एडन मार्करम ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया लेकिन टीम की शुरुआत अच्छी नहीं रही। दक्षिण अफ्रीका ने अपने दोनों ओपनरों रियान रिकल्टन और एडन मार्करम को 23 के स्कोर पर खो दिया। लेकिन इसके बाद टोनी डी जॉर्जी और मैथ्यू ब्रीट्जके ने तीसरे विकेट के लिए 67 रन की साझेदारी कर टीम को संभाला। जॉर्जी 38 रन बनाकर आउट हुए। इसके बाद स्टब्स ने मैथ्यू ब्रीट्जके के साथ चौथे विकेट के लिए 89 रन की साझेदारी की। मैथ्यू ब्रीट्जके शतक का बेहतरीन मौका चूक गए और 78 गेंद पर 2 छक्के और 8 चौके की मदद से 88 रन बनाकर आउट हुए। डेवाल्ड ब्रेविस भी महज 1 रन बनाकर आउट हो गए। इसके बाद नियमित अंतराल पर विकेट गिरते रहे और दक्षिण अफ्रीका की पूरी टीम 49.1 ओवर में 277 रन पर सिमट गई। ट्रिस्टन स्टब्स ने 74, वियान मुल्डर ने 26 और केशव महाराज ने 22 रन बनाए।

दक्षिण अफ्रीका का लोअर ऑर्डर हुआ फेल

दक्षिण अफ्रीका के निचले क्रम के बल्लेबाज फ्लॉप रहे। नहीं तो, कुल स्कोर 300 के ऊपर जा सकता था। एडम जांपा ऑस्ट्रेलिया की तरफ से सबसे सफल गेंदबाज रहे। दाएं हाथ के इस स्पिनर ने 10 ओवर में 63 रन देकर 3 विकेट लिए। जेवियर बार्टलेट, नाथन एलिस और मार्नस लाबुशेन ने 2-2 विकेट लिए। जोश हेजलवुड को एक विकेट मिला।

खराब रही ऑस्ट्रेलिया की शुरुआत, 38 रन पर गंवाए 3 विकेट

जीत के लिए 278 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी ऑस्ट्रेलियाई टीम की शुरुआत बेहद खराब रही। 38 रन पर ही मेजबान टीम ने तीन विकेट गंवा दिए थे। ट्रेविस हेड (6), कप्तान मिचेल मार्श (18) और मार्नस लाबुशेन (1) रन बनाकर पवेलियन लौट गए थे। ऐसे में कैमरन ग्रीन और जोश इंग्लिस ने मोर्चा संभाला। दोनों स्कोर को 100 रन के पार ले गए। 105 के स्कोर पर ग्रीन मुथुस्वामी की गेंद पर उनके ही हाथों लपके गए। उन्होंने 35 रन बनाए। इसके बाद एक छोर पर जोस इंग्लिस अकेले मोर्चा संभाले रहे और दूसरे छोर से लगातार विकेट गिरते गए।

इंग्लिस के अलावा और कोई कंगारू गेंदबाज नहीं मचा पाया धमाल

इंग्लिस ने अपना अर्धशतक पूरा किया और ऑस्ट्रेलिया की जीत का आस को बनाए रखा लेकिन 184 के स्कोर पर वो 74 गेंद में 87 रन बनाकर लुंगी नगिडी का शिकार बने। इसके साथ ही ऑस्ट्रेलिया की जीत का आशा खत्म हो गई। पूरी टीम 37.4 ओवर में 193 रन पर ढेर हो गई। नगिडी द. अफ्रीका के सबसे सफल गेंदबाज रहे उन्होंने 42 रन देकर 5 विकेट चटकाए। वहीं 2-2 सफलता नांद्रे बर्गर और एस मुथुस्वामी को मिली। एक विकेट वियान मुल्डर के खाते में गया।

(IANS इनपुट के साथ)

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article