Sourav Ganguly: भारतीय टीम के दिग्गज खिलाड़ी सौरव गांगुली का फोन चोरी हो गया है। पूर्व बीसीसीआई प्रमुख ने अपने फोन में डेटा की सुरक्षा में मदद के लिए पुलिस से संपर्क किया है। उन्होंने ठाकुरपुकुर थाने में चोरी की शिकायत दर्ज करायी है। टाइम्स ऑफ इंडिया के मुताबिक, उनका फोन आखिरी बार शनिवार सुबह 11.30 बजे के आसपास ट्रेस किया गया था। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने कहा कि पुलिस उन कुछ श्रमिकों से पूछताछ कर सकती है जो वर्तमान में बेहाला चौरास्ता स्थित घर की पेंटिंग कर रहे हैं।
लाइवमिंट के मुताबिक, गांगुली 1.6 लाख रुपये का स्मार्टफोन इस्तेमाल करते थे। फोन चोरी होने के बाद गांगुली को फोन की कीमत नहीं बल्कि फोन के अंदर मौजूद महत्वपूर्ण जानकारी परेशान करती है। गांगुली का कई महत्वपूर्ण डेटा उस फोन में था और कई कांटेक्ट भी थे जिसका फायदा कोई और उठा सकता है।
मैं फोन खोने से काफी चिंतित हूं- सौरव गांगुली
सौरव गांगुली ने एचटी बांग्ला से कहा है कि “मुझे लगता है कि मेरा फोन घर से चोरी हो गया है। मैंने आखिरी बार फोन 19 जनवरी को सुबह 11:30 बजे के आसपास देखा था। मैंने फोन ढूंढने की कोशिश की लेकिन वह नहीं मिला। मैं अपने फ़ोन के खो जाने से बहुत चिंतित हूँ। क्योंकि फ़ोन में कई संपर्क नंबर होते हैं और व्यक्तिगत जानकारी और खातों तक पहुंच होती है। मैं आपसे फोन का पता लगाने या उचित कार्रवाई करने का अनुरोध करता हूं।''
जांच में जुटी कोलकाता पुलिस
गांगुली ने यह भी कहा कि उनके फोन में संवेदनशील निजी डेटा है जो लीक होने पर उनके लिए बड़ी समस्या पैदा हो सकती है। कोलकाता पुलिस फिलहाल सक्रिय रूप से फोन वापस पाने और यह सुनिश्चित करने की कोशिश कर रही है कि उसका डेटा सुरक्षित रहे। फिलहाल चोर का पता नहीं चल पाया है।
