क्रिकेट

IND W vs NZ W: टीम इंडिया के खिलाफ करो या मरो के मुकाबले से पहले न्यूजीलैंड की कप्तान ने भरी हुंकार, कहा-भारत जीत का दावेदार लेकिन

महिला विश्व कप 2025 में भारत और न्यूजीलैंड के बीच करो या मरो का मुकाबला खेला जाएगा। इस अहम मुकाबले से पहले न्यूजीलैंड की कप्तान ने हुंकार भरते हुए कहा है भारत जीत का दावेदार है लेकिन हम अपनी क्षमता के अनुसार चीजों को नियंत्रित करने की कोशिश करेंगे।

Image

सोफी डिवाइन (फोटो क्रेडिट AP)

नवी मुंबई: न्यूजीलैंड की कप्तान सोफी डिवाइन ने बुधवार को कहा कि उन्हें इस बात का कोई भ्रम नहीं है कि महिला विश्व कप के क्वार्टर फाइनल जैसे मैच में भारी दबाव के बावजूद भारत प्रबल दावेदार है लेकिन उनकी टीम अपनी क्षमता के अनुसार चीजों को नियंत्रित करने की कोशिश करेगी। भारत और न्यूजीलैंड के बीच गुरुवार को होने वाला मुकाबला बेहद अहम होगा क्योंकि मेजबान टीम जीत से सेमीफाइनल के लिए अपना दावा बेहद मजबूत कर लेगी। न्यूजीलैंड को अंतिम चार में जगह बनाने के लिए अपने बाकी बचे दोनों मैच जीतने होंगे।

डिवाइन ने भारत के खिलाफ मैच की पूर्व संध्या पर कहा,'ईमानदारी से कहूं तो, मैं कल्पना भी नहीं कर सकती कि भारतीय टीम किस तरह के दबाव में है। मुझे पता है कि जब हम अपने दर्शकों के सामने घरेलू विश्व कप में खेलते हैं तो अच्छा प्रदर्शन करने का दबाव कई बार भारी पड़ जाता है। मैं कल्पना भी नहीं कर सकती कि एक अरब लोग टीवी स्क्रीन पर देखते हुए कैसा महसूस करते होंगे और उनके कंधों पर कितनी उम्मीदें और कितना बोझ होगा। मुझे सच में उनके लिए सहानुभूति है कि उन्हें इन सब से जूझने के साथ-साथ मैदान पर उतरकर अच्छा प्रदर्शन भी करना होगा।'

न्यूजीलैंड की कप्तान ने आगे कहा, 'हमें इस बात का कोई भ्रम नहीं है कि भारत अब भी प्रबल दावेदार है। हम ऐसे मैचों में ‘अंडरडॉग’ के तमगे के साथ मैदान पर उतरना पसंद करेंगे।' डिवाइन ने कहा कि न्यूजीलैंड भारत को चुनौती देने के लिए बारिश की भविष्यवाणी सहित बाहर के शोर को नजरअंदाज करने कोशिश करेगा। उन्होंने कहा,'हम जानते हैं कि भारत अपने घरेलू मैदान पर किस दबाव में है, लेकिन हम मैदान पर उतरेंगे और जो हम नियंत्रित कर सकते हैं उसे नियंत्रित करेंगे। हम यह सुनिश्चित करेंगे कि हम एक टीम के रूप में जो अच्छा करते हैं उस पर टिके रहें। यह लगभग क्वार्टर फ़ाइनल जैसा है और हम वास्तव में उस दबाव की ओर बढ़ रहे हैं।'

उन्होंने कहा,'मैंने ज्यादा बारिश वाले बादल नहीं देखे हैं, लेकिन कल रात जब भारत अभ्यास के लिए आया तो बारिश हुई। यह उन चीज़ों में से एक है जिसे आप नियंत्रित नहीं कर सकते। हमें आगे बढ़ना होगा। हमने एक टीम के रूप में ऐसा किया है और हम अच्छी तरह जानते हैं कि हमारा रास्ता हमें कहां ले जाता है और इसे हासिल करने के लिए हमें क्या करना है।'

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article