दुनिया

PoK में पाकिस्तान का एक और ड्रामा, नवाज शरीफ ने इफ्तिखार गिलानी को ‘प्रधानमंत्री' पद के लिए नामित किया

नवाज शरीफ ने PoK के तथाकथित प्रधानमंत्री पद के लिए बैरिस्टर इफ्तिखार गिलानी को नामित किया है। हिंसा और धांधली के आरोपों के बीच शुक्रवार को चुनाव होने की संभावना है।

Image

पाकिस्तान के पूर्व पीएम नवाज शरीफ (फाइल फोटो- PTI)

पाकिस्तान के सत्तारूढ़ दल पीएमएल-एन के प्रमुख नवाज शरीफ ने पाकिस्तान के अवैध कब्जे वाले कश्मीर (PoK) के तथाकथित प्रधानमंत्री पद के लिए बैरिस्टर इफ्तिखार गिलानी को नामित किया है। क्षेत्र की तथाकथित विधानसभा के लिए चुनाव 27 जुलाई, दो अगस्त और तीन अगस्त को तीन चरणों में हुए थे। इन चुनावों के दौरान हिंसक प्रदर्शन हुए थे और बड़े पैमाने पर धांधली के आरोप भी लगे थे। विधानसभा के शुक्रवार को पीओके के तथाकथित प्रधानमंत्री का चुनाव करने की संभावना है।

हार के बाद प्रधानमंत्री

पाकिस्तान मुस्लिम लीग-नवाज (पीएमएल-एन) के एक वरिष्ठ नेता ने ’पीटीआई-भाषा’ को बताया कि एक सीट से चुनाव हारने के बावजूद बाद में तकनीकविदों के लिए आरक्षित सीट से विधानसभा के लिए निर्वाचित हुए गिलानी के नाम को नवाज शरीफ की सिफारिश पर प्रधानमंत्री पद के लिए अंतिम रूप दिया गया है। पीओके विधानसभा में कुल 53 सीट हैं। इनमें 45 सीट पर सीधे चुनाव होता है, जबकि आठ सीट महिलाओं, तकनीकविदों और धार्मिक विद्वानों के लिए आरक्षित हैं।

पीएमएल-एन नेता ने कहा कि तीन बार प्रधानमंत्री रह चुके नवाज शरीफ ने प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ, पीएमएल-एन के क्षेत्रीय अध्यक्ष शाह गुलाम कादिर, क्षेत्र के पूर्व प्रधानमंत्री राजा फारूक हैदर और अन्य नेताओं से विचार-विमर्श के बाद यह फैसला लिया। गिलानी को मुजफ्फराबाद निर्वाचन क्षेत्र में पाकिस्तान पीपुल्स पार्टी के उम्मीदवार सरदार मुख्तार अहमद खान अब्बासी ने हराया था।

विधानसभा नए प्रधानमंत्री का चुनाव अपनी 53-सदस्यों की पूरी संख्या के बिना करेगी। सीधे निर्वाचित 45 सीट में से सात सीट - पुंछ जिले की पांच और सुधनौती जिले की दो सीट - पर चुनाव नहीं हो सका। अधिकारियों ने इसका कारण कानून-व्यवस्था की स्थिति बताया है।

पाकिस्तान का अवैध कब्जा

पीओके पर पाकिस्तान का अवैध कब्जा है। जम्मू-कश्मीर और लद्दाख के तहत संपूर्ण केंद्र शासित प्रदेश भारत का अभिन्न और अविभाज्य अंग हैं। पाकिस्तान ने इन केंद्र शासित प्रदेशों के कुछ हिस्सों पर ’’अवैध और जबरन कब्जा’’ किया हुआ है।

Shishupal Kumar
शिशुपाल कुमारauthor

शिशुपाल कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें 13 वर्षों का अनुभव हासिल है। राजनीतिक, अंतरराष्ट्रीय और क्राइम रिपोर्टिंग में गहरी रुचि और मजबूत पकड़ के साथ वे समाचारों की बारीकियों को समझने और उन्हें प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। शिशुपाल ने अपने करियर की शुरुआत एक इन्वेस्टिगेटिव जर्नलिस्ट के रूप में की, जहां उन्होंने प्रोडक्शन से लेकर ग्राउंड रिपोर्टिंग तक पत्रकारिता के कई महत्वपूर्ण पहलुओं में काम किया। फील्ड रिपोर्टिंग और डेस्क दोनों स्तरों पर उनकी दक्षता है। अब तक शिशुपाल कुमार 15,000 से अधिक खबरें प्रकाशित कर चुके हैं। वह ब्रेकिंग न्यूज, रियल-टाइम कवरेज, डेटा-आधारित विश्लेषण और एक्सप्लेनर लिखने में खास महारत रखते हैं। उनकी स्टोरीज तथ्यों की सटीकता और सहज भाषा की वजह से पाठकों पर मजबूत प्रभाव छोड़ती हैं।

और पढ़ें
End of Article