क्रिकेट

स्मृति मंधाना ने रचा इतिहास, दूसरी बार बनीं ICC महिला वनडे क्रिकेटर ऑफ द ईयर

ICC Womens ODI Crickter of the Year 2024: भारतीय महिला क्रिकेट टीम की स्टार खिलाड़ी स्मृति मंधाना ने इतिहास के पन्नों में अपना नाम दर्ज करवा लिया है। वे आईसीसी महिला वनडे क्रिकेटर ऑफ द ईयर अवॉर्ड दूसरी बार जीतने वाली पहली भारतीय महिला क्रिकेटर बन गई हैं।

Image

स्मृति मंधाना (फोटो -PTI)

ICC Womens ODI Crickter of the Year 2024: भारत की करिश्माई सलामी बल्लेबाज स्मृति मंधाना को सोमवार को अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) की 2024 की साल की सर्वश्रेष्ठ महिला एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय क्रिकेटर चुना गया।भारत की उप कप्तान मंधाना ने 2024 में 13 पारियों में 747 रन बनाए जो किसी कैलेंडर वर्ष में उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन है।

बाएं हाथ की यह बल्लेबाज 2024 में सबसे अधिक रन बनाने वाली बल्लेबाज रहीं। उन्होंने इस दौड़ में दक्षिण अफ्रीका की लॉरा वोलवार्ट (697 रन), इंग्लैंड की टैमी ब्युमोंट (554 रन) और वेस्टइंडीज की हेली मैथ्यूज (469 रन) को पीछे छोड़ा।उन्होंने इस दौरान वनडे में चार शतक जड़कर महिला क्रिकेट का नया रिकॉर्ड कायम किया। उन्होंने इसके साथ सौ से अधिक बार गेंद को बाउंड्री पार पहुंचाया। मंधाना ने 2024 में 95 चौके और छह छक्के जड़ें।

इस 28 साल की बल्लेबाज ने 57.86 की शानदार औसत के अलावा 95.15 की प्रभावशाली स्ट्राइक रेट से रन बनाये।उन्होंने बेहतर गेंदबाजी इकाई वाली टीमों के खिलाफ भी कई बड़ी पारियां खेली। दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ जून 2024 में उन्होंने लगातार दो शतक लगाये। भारत ने इस श्रृंखला को 3-0 से जीता था।

न्यूजीलैंड के खिलाफ लगाया था शतक

उन्होंने अक्टूबर में न्यूजीलैंड के खिलाफ भी श्रृंखला के निर्णायक मैच में शतक लगाया था। मंधाना ने दिसंबर में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ पर्थ में भी शतक जड़ा था लेकिन उनकी शानदार पारी के बावजूद टीम को हार का सामना करना पड़ा।इस मैच में एक छोर से विकेटों के पतन के बीच मंधाना ने 14 चौके और एक छक्के की मदद से 105 रन बनाये थे।

SIddharth Sharma
SIddharth Sharma author

सिद्धार्थ शर्मा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के स्पोर्ट्स डेस्क से जुड़े हैं। सिद्धार्थ को बचपन से ही खेलों, खासकर क्रिकेट में गहरी रुचि रही है और इसी जुनून ने उन्हें स्पोर्ट्स जर्नलिज्म की ओर खींचा। वह खिलाड़ियों के रिकॉर्ड्स और स्पोर्ट्स एनालिसिस पर मजबूत पकड़ रखते हैं। अबतक 4,000 से अधिक आर्टिकल लिख चुके सिद्धार्थ अपनी स्टोरीज को सरल, सटीक और रोचक अंदाज में प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। उनकी प्राथमिकता हमेशा यही रहती है कि पाठकों तक तेजी से, सही समय पर और विश्वसनीय स्पोर्ट्स अपडेट्स पहुंचें।

और पढ़ें
End of Article