Smriti Mandhana creates history: भारतीय महिला क्रिकेट टीम की स्टार सलामी बल्लेबाज स्मृति मंधाना ने एकदिवसीय अंतर्राष्ट्रीय (ODI) फॉर्मेट में एक कैलेंडर वर्ष में 1,000 रन बनाने वाली दुनिया की पहली महिला क्रिकेटर बनकर इतिहास रच दिया है। मंधाना ने यह ऐतिहासिक उपलब्धि महिला विश्व कप 2025 के 13वें मुकाबले में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ खेलते हुए हासिल की। उन्होंने साल 2025 में अब तक कुल 18 मैच खेलकर यह रिकॉर्ड अपने नाम किया है।
क्लार्क का 28 साल पुराना रिकॉर्ड तोड़ा
स्मृति मंधाना ने यह कीर्तिमान स्थापित करके ऑस्ट्रेलिया की दिग्गज खिलाड़ी बेलिंडा क्लार्क के 28 साल पुराने रिकॉर्ड को ध्वस्त कर दिया। इस सूची में बेलिंडा क्लार्क दूसरे पायदान पर हैं, जिन्होंने साल 1997 में 16 मुकाबलों की 14 पारियों में 80.83 की बेहतरीन औसत के साथ 970 रन बनाए थे।
साल 2025 में मंधाना का तूफानी प्रदर्शन
भारतीय उप-कप्तान स्मृति मंधाना के लिए यह साल (2025) बेहद शानदार रहा है। उन्होंने इस कैलेंडर वर्ष में अब तक आयरलैंड, श्रीलंका और ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ कुल चार शतक लगाए हैं, जो उनकी बेहतरीन फॉर्म का प्रमाण है। हालांकि, मौजूदा विश्व कप में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ इस मुकाबले से पहले वह 8, 23 और 23 रन की छोटी पारियां खेल चुकी थीं, लेकिन उन्होंने इस बड़े मैच में एक बार फिर अपनी क्लास साबित की।
विश्व कप में टीम इंडिया की स्थिति
भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच जारी यह मुकाबला महिला विश्व कप 2025 का एक महत्वपूर्ण मैच है। ऑस्ट्रेलियाई टीम ने टॉस जीतकर भारत को पहले बल्लेबाजी के लिए आमंत्रित किया है।तीन में से दो मैच जीतकर भारतीय टीम प्वाइंट्स टेबल में तीसरे पायदान पर मौजूद है। वहीं, ऑस्ट्रेलिया की टीम भी 3 में से 2 मुकाबले जीतकर प्वाइंट्स टेबल में दूसरे स्थान पर है। उन्होंने अपने पहले मैच में न्यूजीलैंड को 89 रन से हराया, श्रीलंका के खिलाफ मुकाबला बेनतीजा रहा और तीसरे मैच में पाकिस्तान को 107 रन से धूल चटाई थी।
