क्रिकेट

स्मृति मंधाना ने रचा T20I में सफलता का नया इतिहास, तोड़ा मिताली और हरमनप्रीत का विश्व कप रिकॉर्ड

भारतीय महिला टीम की उपकप्तान स्मृति मंधाना ने नीदरलैंड के खिलाफ टी20 विश्व कप 2026 के मुकाबले में 74 रन की अर्धशतकीय पारी के दौरान वो कारनामा कर दिखाया जो अंतरराष्ट्रीय टी20 में उनसे पहले कोई खिलाड़ी नहीं कर पाया।

Image

स्मृति मंधाना

Photo : AP

लीड्स: भारतीय महिला टी20 टीम की उपकप्तान और धाकड़ सलामी बल्लेबाज स्मृति मंधाना ने फॉर्म में वापसी करते ही एक बार फिर रनों का अंबार लगा दिया है। टी20 विश्व कप 2026 में मंधाना ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए लगातार दूसरा अर्धशतक जड़ दिया। उन्होंने बुधवार को नीदरलैंड के खिलाफ मुकाबले में 47 गेंद में 74 रन की पारी खेली और टीम इंडिया को 20 ओवर में 5 विकेट पर 209 रन तक पहुंचाने में अहम भूमिका अदा की। उन्होंने अपनी पारी में 11 चौके और एक छक्का जड़ा।

600 चौके जड़ने वाली दुनिया की पहली बैटर

आईसीसी विमेंस टी20 विश्व कप 2026 में नीदरलैंड के खिलाफ मुकाबले में मंधाना ने अंतरराष्ट्रीय टी20 में 600 चौके पूरे कर लिए। इस मुकाम पर पहुंचने वाली वो दुनिया की पहली महिला बैटर हैं। पुरुषों के अंतरराष्ट्रीय टी20 मुकाबलों में भी ऐसा कोई खिलाड़ी नहीं कर सका। उन्होंने ये उपलब्धि करियर के 168वें मैच की 162वीं पारी में हासिल की। मंधाना के खाते में अब कुल 604 चौके दर्ज हो गए हैं। उन्होंने इसके अलावा 88 छक्के भी अंतरराष्ट्रीय टी20 में जड़े हैं।

भारत के लिए टी20 विश्व कप में सबसे ज्यादा अर्धशतक

नीदरलैंड के खिलाफ मुकाबले में मंधाना ने अपना अर्धशतक 36 गेंद में 6 चौके और एक छक्के के साथ पूरा किया। इसके साथ ही स्मृति मंधाना टी20 विश्व कप के इतिहास में भारत के लिए 50 रन से ज्यादा की सबसे ज्यादा पारी खेलने वाली महिला बैटर बन गई हैं। बुधवार को उनके बल्ले से निकला अर्धशतक टी20 विश्व कप में छठा था। उन्होंने अर्धशतकों की रेस में मिताली राज और हरमनप्रीत कौर को पीछे छोड़ दिया। मिताली राज ने 24 पारी में भारत के लिए 6 अर्धशतक और हरमनप्रीत कौर ने 35 पारी में 5 अर्धशतक जड़े। वहीं मंधाना ने 24वीं पारी में छठा अर्धशतक जड़कर भारतीय रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया।

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article