श्रीलंका और पाकिस्तान के बीच पहले टेस्ट का पहला दिन मिला-जुला रहा। खेल खत्म होने तक श्रीलंका ने 6 विकेट के नुकसान पर 242 रन बना लिए हैं। धनंजया डी सिल्वा 94 रन बनाकर नाबाद हैं। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी श्रीलंका की शुरुआत अच्छी नहीं रही और 54 रन होते-होते उसने अपने टॉप 4 बल्लेबाजों को खो दिया।
मैथ्यूज और डी सिल्वा ने कराई वापसी
54 रन के स्कोर पर 4 विकेट गंवाने के बाद श्रीलंका को इस मुश्किल परिस्थिति से निकाला धनंजय डी सिल्वा और एंजेलो मैथ्यूज ने दोनों ने 5वें विकेट के लिए 131 रन की साझेदारी की। इस दौरान दोनों ने अपने-अपने अर्धशतक पूरे किए। जब लग रहा था कि श्रीलंका मजबूत स्थिति में जा रही है तो अबरार अहमद ने 185 रन के स्कोर पर इस साझेदारी को तोड़ दिया। हालांकि छठे विकेट के लिए भी श्रीलंका की तरफ से 57 रन जोड़े गए। खेल के खत्म होने तक धनंजय डी सिल्वा 94 रन बनाकर नाबाद हैं और बहुत हद तक दूसरे दिन उन पर निर्भर करेगा कि श्रीलंका की टीम कितना स्कोर बनाती है।
