SL vs AUS 2nd Test Pitch Report In Hindi: दो टेस्ट मैचों की सीरीज के दूसरे व आखिरी टेस्ट मैच में मेजबान श्रीलंकाई क्रिकेट टीम और मेहमान ऑस्ट्रेलियाई टेस्ट टीम के बीच मुकाबला होगा। दूसरा टेस्ट मैच गॉल (Galle) के गॉल अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम में गुरुवार सुबह से खेला जाएगा। इसी मैदान पर हुए सीरीज के पहले टेस्ट मैच में कप्तान स्टीव स्मिथ (Steve Smith) की अगुवाई में लंबे समय बाद खेल रही ऑस्ट्रेलियाई टीम ने पारी और 242 रनों से विशाल जीत दर्ज करके सीरीज में 1-0 की अहम बढ़त हासिल कर ली थी। अब धनंजय डी सिल्वा (Dhananjaya de Silva) की कप्तानी वाली श्रीलंकाई टीम सीरीज में सूपड़ा साफ होने से बचने के लिए किसी भी हाल में दूसरा टेस्ट जीतना चाहेगी। भारतीय समय के मुताबिक श्रीलंका-ऑस्ट्रेलिया दूसरा टेस्ट मैच सुबह 10:00 बजे से आरंभ होगा और टॉस 9:30 बजे किया जाएगा।
श्रीलंका-ऑस्ट्रेलिया दूसरे टेस्ट मैच से पहले जान लेते हैं कि टेस्ट क्रिकेट इतिहास में दोनों टीमों के आंकड़े क्या कुछ कहते हैं। श्रीलंका और ऑस्ट्रेलिया के बीच टेस्ट क्रिकेट इतिहास में आज तक 34 टेस्ट मैच हुए हैं। जिनमें मौजूदा सीरीज का पहला टेस्ट मैच भी शामिल है। इन 34 मुकाबलों में ऑस्ट्रेलिया ने 21 टेस्ट मैचों में जीत दर्ज की है। वहीं श्रीलंका की टीम सिर्फ पांच मुकाबलों में सफल रही। दोनों टीमों के बीच 8 मैच ड्रॉ रहे। श्रीलंकाई जमीन पर इन दोनों टीमों के बीच हुए टेस्ट मैचों के आंकड़े देखें, तो अभी तक श्रीलंका में इन दोनों टीमों के बीच 19 टेस्ट मैच हो चुके हैं जिनमें 8 मैच ऑस्ट्रेलिया ने जीते हैं, जबकि मेजबान श्रीलंकाई टेस्ट टीम को पांच टेस्ट मैचों में जीत मिली है। शुक्रवार से होने वाले दूसरे टेस्ट मैच में फैंस की नजरें श्रीलंका के जेफरे वेंडरसे (Jeffrey Vandersay) और प्रभात जयसूर्या (Prabath Jayasuriya) के साथ-साथ पिछले मैच में 72 रन बनाने वाले दिनेश चंडीमल (Dinesh Chandimal) पर टिकी होंगी। वहीं ऑस्ट्रेलिया की तरफ से पिछले मैच में डबल सेंचुरी लगाने वाले उस्मान ख्वाजा (Usman Khawaja), शतकवीर रहे कप्तान स्मिथ और बेहतरीन सेंचुरी लगाने वाले जोश इंग्लिस (Josh Inglis) से सबकी उम्मीदें होंगी। वहीं गेंदबाजों में मैथ्यू कुह्नेमन (Matthew Kuhnemann), नाथन ल्योन (Nathan Lyon) और मिशेल स्टार्क (Mitchell Starc) पर निगाहें रहेंगी।
श्रीलंका-ऑस्ट्रेलिया दूसरे टेस्ट मैच की पिच रिपोर्ट (SL vs AUS 2nd Test Pitch Report)
श्रीलंका और ऑस्ट्रेलिया के बीच गुरुवार सुबह से शुरू होने जा रहा सीरीज का दूसरा टेस्ट मैच गॉल अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम (Galle International Stadium) में होने जा रहा है। पिछले मैच के आधार पर देखें तो यहां पर बल्लेबाजों के लिए बहुत कुछ है और इसका प्रमाण ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाजों ने पहली पारी में 6 विकेट पर 654 रन बनाकर पारी घोषित करते हुए दिया था। श्रीलंका को भी बल्लेबाजों को अच्छा मौका मिला था लेकिन पिच धीरे-धीरे खराब होती चली गई और ऑस्ट्रेलियाई गेंदबाज हावी होते गए, नतीजतन पहले 165 रन पर ऑलआउट हुई और फिर फॉलोऑन खेलते हुए 247 रन पर ऑलआउट हो गई, नतीजतन पारी और 242 रन के अंतर से ऑस्ट्रेलियाई विजयी रहा। ऐसे में यहां पर टॉस जीतने वाली टीम पहले बल्लेबाजी करना चाहेगी क्योंकि बहुत जल्दी यहां की पिच बदलने लगती है जिसका फायदा दोनों टीमों के स्पिनर्स को मिलेगा। पहले मैच में भी स्पिनर्स ने खूब विकेट चटकाए थे।
गॉल अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम में पिछले 5 टेस्ट मैचों के नतीजे और स्कोरकार्ड (Last 5 Test Match Results And Scorecards At Galle)
| तारीख | टीमें | स्कोरकार्ड | नतीजे |
| 24 अप्रैल 2023 | श्रीलंका बनाम आयरलैंड | आयरलैंड- 492 और 202 रन, श्रीलंका 704/3 dec | श्रीलंका पारी और 10 रन से जीता |
| 16 जुलाई 2023 | श्रीलंका बनाम पाकिस्तान | श्रीलंका- 312 और 279 रन, पाकिस्तान- 461 और 133/6 | पाकिस्तान 4 विकेट से जीता |
| 18 सितंबर 2024 | श्रीलंका बनाम न्यूजीलैंड | श्रीलंका- 305 और 309 रन, न्यूजीलैंड- 340 और 211 रन | श्रीलंका 63 रन से जीता |
| 26 सितंबर 2024 | श्रीलंका बनाम न्यूजीलैंड | श्रीलंका- 602/5 dec, न्यूजीलैंड- 88 और 360 ऑलआउट | श्रीलंका पारी और 154 रन से जीता |
| 29 जनवरी 2025 | श्रीलंका-ऑस्ट्रेलिया | ऑस्ट्रेलिया- 654/6 dec, श्रीलंका- 165 और फॉलऑन में 247 रन ऑलआउट | ऑस्ट्रेलिया पारी और 242 रन से जीता |
ऑस्ट्रेलिया और श्रीलंका की टेस्ट टीमें (Australia And Sri Lanka Test Squads)
ऑस्ट्रेलियाई टीमः स्टीव स्मिथ (कप्तान), ट्रेविस हेड, सैम कोंस्टास, उस्मान ख्वाजा, मार्नस लाबुशेन, ब्यू वेबस्टर, एलेक्स कैरी (विकेटकीपर), सीन एबॉट, मिशेल स्टार्क, नाथन ल्योन, स्कॉट बोलैंड, नाथन मैकस्वीनी, कूपर कोनोली, टॉड मर्फी, जोश इंग्लिस और मैथ्यू कुह्नमैन।
श्रीलंकाई टीमः धनंजय डी सिल्वा (कप्तान), दिमुथ करुणारत्ने, ओशादा फर्नांडो, दिनेश चंडीमल, एंजेलो मैथ्यूज, कामिंदु मेंडिस, कुसल मेंडिस (विकेटकीपर), प्रभात जयसूर्या, लाहिरू कुमारा, विश्वा फर्नांडो, निशान पेइरिस, सोनल दिनुषा, मिलन प्रियनाथ रथनायके, लाहिरू उदारा, असिथा फर्नांडो, सदीरा समरविक्रमा और जेफरी वेंडरसे।
