क्रिकेट

IND vs ZIM: रिंकू सिंह को लेकर बैटिंग कोच सितांशू कोटक ने दिया अपडेट, 26 को जिम्बाब्वे के खिलाफ है करो या मरो वाला मुकाबला

IND vs ZIM: भारत सुपर-8 में अपना दूसरा मुकाबला गुरुवार को खेलेगा। इस बार टीम इंडिया के सामने जिम्बाब्वे की टीम है। यह मुकाबला चेन्नई के एमए चिदंबरम क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाएगा। टीम इंडिया को हर हाल में यह मुकाबला जीतना होगा।

Image

सितांशू कोटक (साभार-X)

IND vs ZIM: गुरुवार को भारत और जिम्बाब्वे का करो या मरो वाला मैच है। टीम इंडिया को अब बाकी बचे दोनों मैच हर हाल में जीतने होंगे। इस मैच में टीम इंडिया की रणनीति और रिंकू सिंह के खेलने पर बैटिंग कोच सिंताशू कोटक ने अपडेट दिया। भारत के बल्लेबाजी कोच सिंताशू कोटकने बुधवार को स्वीकार किया कि जिम्बाब्वे के खिलाफ टी20 विश्व कप के सुपर आठ मैच में उनकी टीम पर दबाव रहेगा लेकिन इसके साथ ही उन्होंने विश्वास जताया कि खिलाड़ी इससे निपटने में सफल रहेंगे।

अहमदाबाद में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ सुपर आठ के पहले मैच में 76 रन से हारने के बाद भारत को अब सेमीफाइनल में जगह बनाने के लिए अपने बाकी बचे दोनों मैच जीतने होंगे। जिम्बाब्वे के बाद वह रविवार को कोलकाता में वेस्टइंडीज के खिलाफ खेलेगा। कोटक ने मैच की पूर्व संध्या पर पत्रकारों से कहा, ’’विश्व कप भारत में खेला जा रहा है इसलिए दबाव और उम्मीद होना स्वाभाविक है। मेरा मानना है कि आप कोई भी अंतरराष्ट्रीय मैच खेलें दबाव महसूस होता ही है। फिर यह तो निश्चित तौर पर बहुत दबाव वाला मैच है।’’

लेकिन कोटक को भारतीय खिलाड़ियों की मानसिक दृढ़ता पर कोई संदेह नहीं है। उन्होंने कहा, ’’मुझे सच में लगता है कि हम इसलिए एक मैच हार गए क्योंकि हमने अच्छी साझेदारी नहीं निभाई। लोग इसके बारे में (दबाव के बारे में) ज्यादा बात करते हैं। मेरा मानना है कि हमारे खिलाड़ी दबाव से निपटने में सक्षम है। अगर हम विश्व कप जीतना चाहते हैं तो हमें दबाव से निपटना होगा।’’ कोटक ने कहा कि भारत टूर्नामेंट में आगे भी आक्रामक बल्लेबाजी की अपनी रणनीति पर कायम रहेगा।

उन्होंने कहा, ’’निश्चित तौर पर हम उसी तरह की क्रिकेट खेलना जारी रखेंगे। मुझे लगता है कि हमें बहुत सकारात्मक रहना होगा और उसी तरह की क्रिकेट खेलनी होगी जिसने हमें सफलता दिलाई है। हम उसी तरह से खेलेंगे। हमारे रवैए में कोई बदलाव नहीं होगा।’’ कोटक ने इसके साथ ही कहा कि मध्य क्रम के बल्लेबाज रिंकू सिंह दिन में बाद में टीम में शामिल हो सकते हैं। बाएं हाथ का यह बल्लेबाज अपने पिता के बीमार होने के कारण मंगलवार को नयी दिल्ली चला गया। उन्होंने कहा, ’’रिंकू के पिता की तबीयत ठीक नहीं थी, इसलिए उसे टीम छोड़नी पड़ी। मुझे लगता है कि वह आज शाम तक वापस आ जाएगा।

Sameer Thakur
समीर कुमार ठाकुरauthor

समीर कुमार ठाकुर टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की स्पोर्ट्स टीम के सदस्य हैं। करीब 10 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ वे न केवल क्रिकेट, बल्कि हॉकी, फुटबॉल, बैडमिंटन और अन्य प्रमुख खेलों की गहरी समझ रखते हैं। खेलों की बारीकियों को पकड़ने, खिलाड़ियों के प्रदर्शन का विश्लेषण करने और मैच परिस्थितियों को सरल व रोचक अंदाज में समझाने की उनकी क्षमता उन्हें स्पोर्ट्स बीट का एक भरोसेमंद पत्रकार बनाती है। जर्नलिज़्म में डिप्लोमा कर चुके समीर ने टीवी मीडिया में भी काम किया है, जिससे उन्हें लाइव न्यूज प्रेजेंटेशन, ब्रेकिंग अपडेट्स और विजुअल स्टोरीटेलिंग का अनुभव मिला। समीर अब तक 10,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव स्पोर्ट्स इंटरव्यू, ऑन-ग्राउंड रिपोर्टिंग और मैच व सीरीज आधारित विश्लेषण शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article