क्रिकेट

IND vs AUS 2nd ODI: एडिलेड वनडे से पहले विराट और रोहित के फॉर्म को लेकर बैटिंग कोच ने दिया बड़ा बयान

विराट कोहली और रोहित शर्मा ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ पहले वनडे में नाकाम रहे थे ऐसे में एडिलेड में गुरुवार को खेले जाने वाले दूसरे मुकाबले से पहले टीम इंडिया के बल्लेबाजी कोच सितांशु कोटक ने दोनों धाकड़ खिलाड़ियों के फॉर्म को लेकर बड़ा बयान दिया है।

Image

सितांशु कोटक (फोटो क्रेडिट IANS फोटो ग्रैब)

एडिलेड: रोहित शर्मा और विराट कोहली ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ पहले वनडे में भले ही अच्छा प्रदर्शन नहीं कर पाए लेकिन भारत के बल्लेबाजी कोच सितांशु कोटक उनकी फॉर्म को लेकर चिंतित नहीं हैं और उनका मानना है कि ये सीनियर खिलाड़ी अच्छी लय में हैं और अगले दो मैचों में अच्छा प्रदर्शन करेंगे। भारत पर्थ में पहला मैच सात विकेट से हार गया था और अब वह गुरुवार को श्रृंखला का दूसरा मैच खेलेगा।

रोहित और कोहली की बल्लेबाजी में नहीं है कोई कमजोरी

कोटक से जब पर्थ में रोहित के आठ रन और कोहली के शून्य पर आउट होने के बारे में पूछा गया तो उन्होंने कहा, 'मुझे नहीं लगता कि रोहित और कोहली की बल्लेबाजी में किसी तरह की कमजोरी है। वे आईपीएल में खेले थे और उनकी तैयारी काफी अच्छी रही है। मुझे लगता है कि दोनों के पास काफी अनुभव है।' उन्होंने बुधवार को यहां संवाददाताओं से कहा,'ऑस्ट्रेलिया आने से पहले ही उनकी तैयारियां बहुत अच्छी थीं। इसलिए मुझे लगता है कि अभी ऐसा सोचना (उनकी फॉर्म को लेकर चिंता करना) जल्दबाजी होगी।'

अच्छी लय में दिख रहे हैं दोनों खिलाड़ी

कोहली और रोहित दोनों ही टेस्ट और टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास ले चुके हैं और अब केवल वनडे में खेलते हैं। कोटक ने कहा, 'मुझे लगता है कि वे दोनों बहुत अच्छी लय में दिख रहे हैं। उन्होंने कल वाकई अच्छी बल्लेबाजी की। हर नेट सत्र में उनका अपने खेल के प्रति दृष्टिकोण शानदार रहा है।' यह पूछे जाने पर कि मार्च में चैम्पियंस ट्रॉफी जीतने के बाद राष्ट्रीय टीम से लंबे ब्रेक के दौरान क्या टीम प्रबंधन रोहित और कोहली के संपर्क में था, कोटक ने हां में जवाब दिया। उन्होंने कहा,'हम उनकी तैयारियों और उनकी फिटनेस की स्थिति से अच्छी तरह वाकिफ थे। वे कभी-कभी राष्ट्रीय क्रिकेट अकादमी जाते हैं। हमें वहां से अपडेट और वीडियो मिलते हैं। वे क्या कर रहे हैं, उनकी अभ्यास दिनचर्या, फिटनेस संबंधी काम इन सब की हमें जानकारी थी। लेकिन हम हमेशा ऐसा नहीं करते थे। सीनियर खिलाड़ियों के मामले में अगर जरूरत ना हो तो आप हस्तक्षेप नहीं करना चाहेंगे।'

पहले वनडे में टीम इंडिया को मिली सात विकेट से हार

भारत पहला वनडे सात विकेट से हार गया क्योंकि बारिश के कई व्यवधानों के कारण मैच 26-26 ओवर का रह गया। कोटक ने कहा कि लगातार ब्रेक का असर भारतीय बल्लेबाजों पर पड़ा। उन्होंने कहा,'मुझे लगता है कि अगर ऑस्ट्रेलिया पहले बल्लेबाज़ी करता तो भी स्थिति ऐसी ही होती। जब आपको पता नहीं होता कि आपको कितने ओवर बल्लेबाज़ी करनी है, तो रणनीति बनाना आसान नहीं होता है।'

हार्दिक की गैरमौजूदगी का हुआ है बड़ा नुकसान

कोटक ने कहा कि बाएं पैर की चोट से उबर रहे हरफनमौला हार्दिक पंड्या की अनुपस्थिति भी भारत के लिए बड़ा नुकसान है, लेकिन इससे नीतीश कुमार रेड्डी जैसे खिलाड़ियों के लिए अवसर खुल गए हैं। उन्होंने कहा,'हार्दिक जैसे खिलाड़ी का न होना हमेशा बड़ा नुकसान होता है। लेकिन अगर हम सकारात्मक पक्ष देखें, तो नीतीश को खेलने का कुछ समय मिल रहा है और हम उसे निखारने की कोशिश कर रहे हैं।' यशस्वी जायसवाल को मौका देने के बारे में पूछे जाने पर कोटक ने कहा,'वह अच्छा अभ्यास कर रहे हैं और उनको भी मौका मिलेगा लेकिन केवल 11 खिलाड़ी ही खेल सकते हैं और इसलिए उन्हें इंतजार करना होगा।'

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article