स्पोर्ट्स

हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कॉमनवेल्थ गेम्स में पदक जीतने वाले राज्य के खिलाड़ियों को सम्मानित किया

Haryana CM Saini Honours State Players Who Won Medals In 2026 CWG: कॉमनवेल्थ गेम्स में हरियाणा के कई खिलाड़ियों ने पदक जीते। एक राज्य स्तरीय सम्मान समारोह में हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने इन पदक विजेताओं को सम्मानित किया व उनके साथ संवा किया।

Image

हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कॉमनवेल्थ गेम्स में पदक जीतने वाले राज्य के एथलीटों को सम्मानित किया (X/CMOHaryana)

हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने बुधवार को यहां आयोजित राज्य स्तरीय सम्मान समारोह में 2026 राष्ट्रमंडल खेलों के पदक विजेताओं और हिस्सा लेने वाले खिलाड़ियों को सम्मानित किया। इस मौके पर 24 खिलाड़ियों को कुल 13.97 करोड़ रुपये की नकद पुरस्कार राशि प्रदान की गई। खिलाड़ियों की उपलब्धियों पर गर्व व्यक्त करते हुए सैनी ने कहा कि किसी खिलाड़ी की कहानी पदक से शुरू नहीं होती। उन्होंने कहा, "यह उस मिट्टी से शुरू होती है, जहां उन्होंने पहली बार दौड़ना सीखा, उस मैदान से, जहां उन्होंने पहली बार हार का अनुभव किया और उन सुबहों से, जब बाकी दुनिया सो रही थी और वे अपने सपने को हासिल करने के लिए मेहनत कर रहे थे।"

उन्होंने कहा, "दुनिया किसी खिलाड़ी को कुछ पलों के लिए पोडियम पर देखती है, लेकिन अक्सर उन वर्षों के संघर्ष को नहीं देख पाती, जो उसे वहां तक लेकर गए।" सैनी ने कहा कि हरियाणा के खिलाड़ियों ने ग्लास्गो राष्ट्रमंडल खेलों में दुनिया के सामने अपनी ताकत और प्रतिभा का प्रदर्शन किया। हरियाणा के खिलाड़ियों ने इन खेलों कुल 11 पदक जीते जिनमें सात स्वर्ण, दो रजत और दो कांस्य पदक शामिल हैं। भारत के कुल पदक में उनका योगदान 28 प्रतिशत से अधिक रहा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि यह मौका सिर्फ पदक जीतने वाले खिलाड़ियों को सम्मानित करने का नहीं है, बल्कि उनके पीछे छिपे वर्षों के धैर्य, संघर्ष और दृढ़ संकल्प को सम्मान देने का भी है।

उन्होंने हरियाणा की महिला खिलाड़ियों के प्रदर्शन की भी सराहना की। राज्य के खिलाड़ियों द्वारा जीते गए 11 पदकों में से छह पदक हरियाणा की बेटियों ने जीते जिनमें पांच स्वर्ण पदक शामिल हैं।

हरियाणा ने मुक्केबाजी में दबदबा बनाया। राज्य के मुक्केबाजों ने भारत के खेल में जीते गए सात स्वर्ण पदकों में से छह स्वर्ण अपने नाम किए। सैनी ने कहा कि प्रीति पवार, जैस्मीन लंबोरिया, साक्षी चौधरी, प्रिया घंघास, सचिन सिवाच और अंकुश पंघाल ने अपने प्रतिद्वंद्वियों को हराकर स्वर्णिम इतिहास रचा।

स्वर्ण पदक जीतने वाली पैरा-एथलीट शर्मिला का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि उन्होंने साबित कर दिया कि मानवीय जज्बे की ताकत के सामने कोई बाधा टिक नहीं सकती। नीरज चोपड़ा ने भाला फेंक में रजत पदक जीतकर एक बार फिर अपनी विश्वस्तरीय क्षमता का प्रदर्शन किया। वहीं मुक्केबाज नरेंद्र बेरवाल ने भी रजत पदक जीतकर राज्य का गौरव बढ़ाया।

सैनी ने बताया कि हरियाणा की उत्कृष्ट खिलाड़ियों की भर्ती नियमावली के तहत अब तक 260 खिलाड़ियों को ग्रुप ए, बी और सी श्रेणी में सरकारी नौकरियां दी जा चुकी हैं।

सैनी ने कहा कि पिछले करीब 12 वर्षों में राज्य सरकार ने 17,544 खिलाड़ियों को कुल 742 करोड़ रुपये के नकद पुरस्कार दिए हैं। सम्मान समारोह के बाद सैनी ने खिलाड़ियों के साथ विशेष संवाद भी किया।

Shivam Awasthi
शिवम अवस्थीauthor

शिवम् अवस्थी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में स्पोर्ट्स डेस्क के इंचार्ज हैं। इनको खेल पत्रकारिता में तकरीबन 17 सालों का अनुभव है। इनको क्रिकेट, फुटबॉल और टेनिस में खास रुचि है। उन्हें खेलना भी पसंद है और वो देहरादून में फुटबॉल व क्रिकेट इंटर डिस्ट्रिक्ट चैंपियनशिप में विजेता टीम के कप्तान भी रहे। पत्रकारिता में कदम रखने के कुछ समय बाद कॉमनवेल्थ गेम्स 2010 का संपूर्ण फील्ड कवरेज किया और कई ब्रेकिंग न्यूज दी। कई चर्चित भारतीय एथलीटों के इंटरव्यू लिए हैं। 2011 वनडे क्रिकेट वर्ल्ड कप का ऑनफील्ड रहकर शहर-शहर घूमते हुए पूरा टीवी कवरेज किया। विश्व कप से पहले युवा विराट कोहली का इंटरव्यू किया। डिजिटल जैसे-जैसे आगे बढ़ा उन्हें ब्रेट ली, सुनील गावस्कर, राहुल द्रविड़, जैसे तमाम धुरंधरों के साक्षात्कार किए और 16 वर्षीय ऋषभ पंत का पहला डिजिटल इंटरव्यू किया जिसे इंग्लिश और हिंदी वेबसाइट पर काफी रीडरशिप मिली। उन्होंने स्पोर्ट्स मल्टी पॉडकास्ट भी किया। आईपीएल के 18 सीजन से ऑनफील्ड जुड़े रहे। अब तक तकरीबन 6000 से ज्यादा एक्सक्लूसिव स्टोरीज लिख चुके हैं। साल 2025 में खेल जगत के तमाम बड़े रिकॉर्ड्स व आंकड़ों को ट्रैक किया है और उन पर आर्टिकल तैयार किए हैं।

और पढ़ें
End of Article