क्रिकेट

मानव सुथार ने अपने टेस्ट करियर का पहला मुश्किल दिन देखा, जानिए इस पर क्या बोले टीम इंडिया के स्पिन कोच बहुतुले

Spin coach Bahutule On Manav Suthar: टेस्ट क्रिकेट में अब तक अपने छोटे से टेस्ट करियर में शानदार प्रदर्शन किया है लेकिन कोलंबो टेस्ट, जो उनके करियर का तीसरा टेस्ट है, उसके चौथे दिन सुथार ने अपना पहला कठिन दिन देखा। इसको लेकर भारतीय टीम के स्पिन कोच मानव सुथार ने क्या कहा, यहां जानिए।

Image

साइराज बहुतुले ने मानव सुथार के कोलंबो टेस्ट में कठिन दिन पर प्रतिक्रिया दी (X/AP)

शानदार फॉर्म में चल रहे मानव सुथार ने बुधवार को टेस्ट क्रिकेट में अपना पहला मुश्किल दिन देखा क्योंकि दूसरे टेस्ट के चौथे दिन श्रीलंकाई बल्लेबाजों ने इस भारतीय बाएं हाथ के स्पिनर पर जमकर रन बनाए जिससे उन्होंने पांच रन प्रति ओवर से अधिक की दर से रन दिए। पासिंदु सूरियाबंडारा, कामिंदु मेंडिस और धनंजय डिसिल्वा ने मिलकर सुथार की गेंदों पर चार छक्के लगाए। सुथार के पहले स्पेल का आंकड़ा 12 ओवर में 65 रन देकर कोई विकेट नहीं रहा। भारत के स्पिन गेंदबाजी कोच साईराज बहुतुले ने कहा कि यह युवा क्रिकेटर के लिए सीखने का अच्छा अनुभव होगा।

बहुतुले ने दिन के खेल के बाद प्रेस कांफ्रेंस में कहा, "यह उसके लिए एक अनुभव है। यह उसका सिर्फ तीसरा टेस्ट मैच है। उसे अलग-अलग परिस्थितियों का सामना करना पड़ेगा और वह इसके लिए अच्छी तरह तैयार है। उसे पता था कि बल्लेबाज उस पर आगे बढ़कर हमला करने वाले हैं। उसने मौके बनाए, लेकिन उस दौरान चीजें उसके पक्ष में नहीं गईं।"

हालांकि, 25 वर्षीय सुथार ने खराब शुरुआत के बाद शानदार वापसी की। उन्होंने अपने दूसरे स्पेल के छह ओवरों में सिर्फ 15 रन देकर दो विकेट हासिल किए। सूरियाबंडारा और डिसिल्वा के विकेट ने दिन के अंतिम सत्र में मैच का रुख निर्णायक रूप से भारत के पक्ष में कर दिया।

बहुतुले सुथार के हालात को बदलने के दृढ़ संकल्प से प्रभावित हुए। उन्होंने कहा, ठवह निश्चित रूप से सीखने वाला क्रिकेटर है। मुझे उसके बारे में जो बात सबसे अच्छी लगती है, वह है उसका जुझारूपन। यह शानदार है। परिस्थिति चाहे जैसी भी हो, जब भी आप उसे गेंद देते हैं, वह अपना शत प्रतिशत देता है। वह बहुत संयमित है और समझता है कि उससे क्या अपेक्षा की जाती है।"

उन्होंने कहा, "आज श्रीलंकाई बल्लेबाज भी उसके खिलाफ अच्छा खेले। उन्होंने कुछ अच्छे शॉट लगाए। लेकिन मुझे यकीन है कि वह इस मैच से मिली सीख को आगे लेकर जाएगा। जब ऐसी स्थिति दोबारा आएगी, तो वह उसका सामना करने के लिए और बेहतर तरीके से तैयार होगा।"

पूर्व भारतीय लेग स्पिनर बहुतुले ने टेस्ट पदार्पण करने वाले सारांश जैन के प्रदर्शन पर भी बात की। उन्होंने कहा, ’’सारांश आज थोड़ा रक्षात्मक था और सामान्य से कुछ तेज गेंदबाजी कर रहा था। उसने वर्षों तक घरेलू क्रिकेट में काफी मेहनत की है और भारत के लिए टेस्ट पदार्पण करने का मौका खास होता है। थोड़ी घबराहट थी। जब आप अपना पहला टेस्ट खेल रहे होते हैं तो घरेलू मैच की तुलना में सहज महसूस करना आसान नहीं होता।" जैन ने 17.4 ओवर गेंदबाजी करते हुए 55 रन देकर एक विकेट हासिल किया।

Shivam Awasthi
शिवम अवस्थीauthor

शिवम् अवस्थी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में स्पोर्ट्स डेस्क के इंचार्ज हैं। इनको खेल पत्रकारिता में तकरीबन 17 सालों का अनुभव है। इनको क्रिकेट, फुटबॉल और टेनिस में खास रुचि है। उन्हें खेलना भी पसंद है और वो देहरादून में फुटबॉल व क्रिकेट इंटर डिस्ट्रिक्ट चैंपियनशिप में विजेता टीम के कप्तान भी रहे। पत्रकारिता में कदम रखने के कुछ समय बाद कॉमनवेल्थ गेम्स 2010 का संपूर्ण फील्ड कवरेज किया और कई ब्रेकिंग न्यूज दी। कई चर्चित भारतीय एथलीटों के इंटरव्यू लिए हैं। 2011 वनडे क्रिकेट वर्ल्ड कप का ऑनफील्ड रहकर शहर-शहर घूमते हुए पूरा टीवी कवरेज किया। विश्व कप से पहले युवा विराट कोहली का इंटरव्यू किया। डिजिटल जैसे-जैसे आगे बढ़ा उन्हें ब्रेट ली, सुनील गावस्कर, राहुल द्रविड़, जैसे तमाम धुरंधरों के साक्षात्कार किए और 16 वर्षीय ऋषभ पंत का पहला डिजिटल इंटरव्यू किया जिसे इंग्लिश और हिंदी वेबसाइट पर काफी रीडरशिप मिली। उन्होंने स्पोर्ट्स मल्टी पॉडकास्ट भी किया। आईपीएल के 18 सीजन से ऑनफील्ड जुड़े रहे। अब तक तकरीबन 6000 से ज्यादा एक्सक्लूसिव स्टोरीज लिख चुके हैं। साल 2025 में खेल जगत के तमाम बड़े रिकॉर्ड्स व आंकड़ों को ट्रैक किया है और उन पर आर्टिकल तैयार किए हैं।

और पढ़ें
End of Article