स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। श्रीलंका के हम्बनटोटा में दूसरे वनडे मैच में पाकिस्तान महिला टीम की अनुभवी बल्लेबाज सिदरा अमीन ने शतकीय पारी खेली। अमीन ने मुश्किल में फंसी टीम को उबारते हुए 273 के स्कोर तक पहुंचाया। वह अंत तक नाबाद रहीं। अपनी शतकीय पारी के दौरान सिदरा अमीन ने भारत की मिताली राज और हरमनप्रीत कौर सहित चार खिलाड़ियों को पीछे छोड़ते हुए नया इतिहास रच दिया।
श्रीलंका महिला क्रिकेट के खिलाफ पहला वनडे मैच 5 विकेट से जीतकर दूसरे मुकाबले में आत्मविश्वास के साथ पाकिस्तान की टीम उतरी। महिंदा राजपक्षे अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम में श्रीलंकाई कप्तान चमारी अट्टापट्टू ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। सादाफ सम्स को 12 के निजी स्कोर पर आउट करके श्रीलंका ने अच्छी शुरुआत की।
संभाले रखा एक छोर
इसके बाद 55 के स्कोर पर पाकिस्तान ने अपना दूसरा विकेट गंवा दिया। यहां से सिदरा अमीन और आयशा जफर ने बागडोर संभाली। दोनों तीसरे विकेट के लिए 89 गेंद पर 78 रन की साझेदारी की। अर्धशतक से एक रन दूर आयशा 49 रन बनाकर आउट हो गईं। एक छोर पर खड़ी अमीन ने मुनीबा अली के साथ मिलकर चौथे विकेट के लिए 105 गेंद पर 88 रन की साझेदारी की। इस दौरान अमीन ने अपना अर्धशतक पूरा किया।
पाकिस्तान के लिए सबसे ज्यादा शतक
मुनीबा 45 रन बनाकर आउट हुईं। हालांकि, दूसरे छोर से अमीन ने रन बनाना जारी रखा और 50वें ओवर की चौथी गेंद पर एक रन लेकर अपना शतक पूरा किया। इस शतकीय पारी में अमीन ने 13 चौके जड़े। यह उनके वनडे करियर का 7वां शतक रहा। वह पाकिस्तान महिला क्रिकेट टीम के लिए वनडे में सबसे ज्यादा शतक लगाने वाली पहली खिलाड़ी हैं।
बनीं 15वीं खिलाड़ी
वहीं, महिला वनडे क्रिकेट में सिदरा अमीन सबसे ज्यादा शतक लगाने वाली 15वीं खिलाड़ी बन गईं। उन्होंने भारत की मिताली राज (7), हरमनप्रीत कौर (7), न्यूजीलैंड की एमी सैटरथवेट (7) और इंग्लैंड की सारा टेलर (7) को पीछे छोड़ दिया है। सिदरा अमीन ने 91वें वनडे मैच की 87वीं पारी में यह कमाल किया। अमीन के नाम वनडे में कुल 2810 रन दर्ज हैं। उनका हाइएस्ट स्कोर नाबाद 176 रन है।
120 गेंद पर बनाए नाबाद 100 रन
वहीं, पाकिस्तान के लिए वनडे में सबसे ज्यादा शतक बनाने के मामले में पहले स्थान पर काबिज हैं। उनके पीछे दूर-दूर तक कोई नहीं हैं। गुल फिरोजा और जवेरिया खान ने 2-2 शतक जड़े हैं। सादाफ सम्स, मुनीबा अली और नैन अबिदी ने एक-एक शतक लगाए हैं। अमीन 120 गेंद पर 100 रन बनाकर नाबाद रहीं। अमीन का शतक लगभग एक साल बाद आया है।
