क्रिकेट

IND vs AUS 1st ODI: अर्शदीप सिंह ने बताया भविष्य में कैसे कप्तान बनेंगे पर्थ में वनडे कप्तानी डेब्यू करने वाले शुभमन गिल

पर्थ में टीम इंडिया की 7 विकेट से हार के बाद अर्शदीप सिंह ने खाता खोले बगैर पवेलियन लौटने वाले विराट कोहली का बचाव किया है। साथ ही उन्होंने बताया है कि शुभमन गिल आने वाले समय में कैसे कप्तान बनेंगे।

Image

शुभमन गिल

Photo : AP

पर्थ: भारतीय तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह ने करिश्माई विराट कोहली के ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ पहले वनडे मैच में आठ गेंदों पर शून्य पर आउट होने को ज्यादा तवज्जो नहीं देते हुए कहा कि इस महान बल्लेबाज के साथ ड्रेसिंग रूम साझा करना उनके लिए ‘सौभाग्य’ की बात है। अर्शदीप को लगता है कि 50 ओवरों के प्रारूप में माहिर होने के कारण कोहली इस श्रृंखला के बाकी बचे दो मैचों में रन बनाएंगे।

विराट के लिए फॉर्म है केवल एक शब्द

अर्शदीप ने मैच के बाद संवाददाता सम्मेलन में कहा,'उन्होंने भारत के लिए 300 से ज्यादा मैच खेले हैं, इसलिए उनके लिए ‘फॉर्म’ बस एक शब्द है।’’ उन्होंने कहा,'वह जानते हैं कि कैसे आगे बढ़ना है। उनके साथ एक ही ड्रेसिंग रूम में होना हमेशा किसी आशीर्वाद की तरह होता है। मुझे लगता है कि वह आगे चलकर इस श्रृंखला में वह ढेरो रन बनायेंगे।'

विराट और रोहित जैसे कप्तान बनेंगे गिल

कोहली के सिर्फ एक प्रारूप में खेलने के बारे में पूछे जाने पर अर्शदीप ने कहा,'उन्हें (कोहली) इस प्रारूप में महारत हासिल है। मुझे नहीं पता कि वह कैसा महसूस कर रहे हैं। मैं उनसे उनकी सोच के बारे में पूछूंगा। इसके बारे में शायद अगले संवाददाता सम्मेलन में कुछ कहूंगा।' बाएं हाथ का यह तेज गेंदबाज शुभमन गिल की सीमित ओवरों की कप्तानी शैली से बिल्कुल परिचित नहीं हैं, लेकिन उन्हें उम्मीद है कि यह युवा कप्तान अपने पूर्ववर्तियों कोहली और रोहित शर्मा की तरह गेंदबाजों का कप्तान बनेगा।

गिल ने किया हमारी हर योजना का समर्थन

अर्शदीप ने कहा,'मैंने बहुत कम वनडे खेले हैं, इसलिए मैं अभी तक अंतर नहीं बता सकता। मैं कहूंगा कि दोनों (विराट और रोहित शर्मा) ही गेंदबाजों के अच्छे कप्तान थे। गिल ने हमारी हर योजना का समर्थन किया। उन्होंने (गिल) अपनी योजनाओं के अनुसार खुलकर गेंदबाजी। करो और बस उस पल का आनंद लो।'अर्शदीप आयु स्तर के क्रिकेट में पंजाब के लिए गिल के साथ ड्रेसिंग रूम साझा कर चुके है। उन्होंने कहा,'हमें पता था कि हमारे पास ज्यादा रन नहीं हैं, लेकिन हम बस अपनी क्षमता दिखाना चाहते थे, यही उनका संदेश था।'

(भाषा)

Navin Chauhan
नवीन चौहान author

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों स... और देखें

End of Article