क्रिकेट

Punjab vs Karnataka: कर्नाटक के खिलाफ टीम को मिली हार क्या बोले कप्तान शुभमन गिल

Punjab vs Karnataka, Shubman Gill Statement: रणजी ट्रॉफी में पंजाब के लिए शुभमन गिल ने कप्तानी पारी, लेकिन इसके बाद भी टीम को हार का सामना करना पड़ा। टीम के हार के बाद शुभमन गिल ने बड़ा बयान दिया।

Image

शुभमन गिल (फोटो- AP)

Photo : AP

Punjab vs Karnataka, Shubman Gill Statement: शुभमन गिल ने कर्नाटक के खिलाफ रणजी मैच के दौरान दूसरी पारी में एक बेहतरीन शतक लगाया। हालांकि उनकी यह शतकीय पारी बेक़ार गई और उनकी टीम पंजाब को पारी और 207 रनों से हार का सामना करना पड़ा। मैच के बाद गिल ने कहा, "लाल गेंद के मैच में कई बार अच्छी शुरूआत करने के बाद मैं ख़ुद पर दबाव ले लेता हूं। मुझे लगता है कि अगर मैं सेट हो गया हूं, तो बड़े रन आने ही चाहिए। इससे कई बार मेरा ध्यान भंग होता है।"

शनिवार को गिल द्वारा खेली गई पारी दो भागों में बंटी रही। पहले भाग में वह कर्नाटक की बेहतरीन स्विंग गेंदबाज़ी के सामने सजग नज़र आए। पहली पारी में इसी पिच पर इसी गेंदबाज़ी के सामने पंजाब सिर्फ 55 रन पर ऑलआउट हो गई थी, इसलिए यह सजगता जरूरी भी थी। पहली पारी में गिल ड्राइव करते हुए आउट हुए थे। दूसरी पारी में गिल ध्यान रख रहे थे कि उनके बल्ले और पैड में कम से कम गैप बने। हालांकि यह पूरी तरह से गिल की पारी नहीं थी।

गिल कहते हैं, "पहली पारी के दौरान विकेट काफ़ी नम था। यह उसी विकेट की तरह था, जिस तरह की पिच पर हम न्यूज़ीलैंड के ख़िलाफ़ खेले थे। इस पिच पर घास भी थोड़ा अधिक था। हालांकि दूसरी पारी में शॉट खेलना थोड़ा आसान हो गया था। पहली पारी में गेंद रूक कर आ रही थी और सीम भी अधिक हो रही थी। दूसरी पारी में गेंद सीम ज़रूर हो रही थी, लेकिन शॉट खेलना थोड़ा आसान हुआ था क्योंकि गेंद अच्छी गति से बल्ले पर आ रही थी।"

"जिस तरह से मैं खेला, यह मेरे लिए एक संतोष देने वाली पारी थी। पहली 130 गेंदों पर मैंने 40 के क़रीब रन बनाए थे। वे अच्छी गेंदबाज़ी कर रहे थे और उन्हें विकेट से मदद भी मिल रही थी। इसे देखते हुए यह एक संतुष्ट करने वाली पारी थी।"

गिल ने आगे कहा, "आप चाहे किसी भी स्तर पर खेलें, रन बनाना और फ़ॉर्म में आना बहुत महत्वपूर्ण होता है। आप उस ज़ोन में लंबे समय तक रहना चाहते हो। मैं भी वही कोशिश कर रहा था। लंच के बाद मैं अपने शॉट्स खेलना चाहता था और विकेट भी एक तरफ़ से थोड़ा आसान हो रहा था। इसलिए मुझे तब रन भी मिले।"

57 के स्कोर पर गिल को गली में एक जीवनदान भी मिला, लेकिन गिल के मुताबिक वह दूसरे बल्लेबाज़ों के आउट होने से पहले अधिक से अधिक रन बनाना चाहते थे। गिल की इस पारी के दौरान कुछ बेहतरीन पुल, कट और ड्राइव शामिल थे और उन्होंने अगले 50 रन सिर्फ 40 गेंदों में बनाए। उनका शतक 159 गेंदों में पूरा हुआ।

हालांकि इसके ठीक बाद गिल लेग स्पिनर श्रेयस गोपाल की गेंद पर पगबाधा आउट हो गए। गिल को लगा कि उन्हें गलत आउट दिया गया है, इसलिए पवेलियन वापस जाते हुए गुस्से और निराशा में उन्होंने अपना बल्ला भी हवा में उछाल दिया।

(आईएएनएस)

Shekhar Jha
शेखर झाauthor

शेखर झा टाइम्स नाउ हिंदी (Timesnowhindi.com) की स्पोर्ट्स टीम के सदस्य हैं। वे मूल रूप से बिहार के मिथिलांचल से हैं। मूल रूप से बिहार के मधुबनी के रहने वाले शेखर ने शौकिया तौर पर साल 2011 में पत्रकारिता की दुनिया में कदम रखा। ये शौक वक्त के साथ जूनुन में बदल गया। उनके पास खेल पत्रकारिता का 12 साल का अनुभव है। क्रिकेट के अलावा टेनिस, कबड्डी और बैडमिंटन में खास रुचि है। खिलाड़ियों की बायोग्राफी पढ़ना उन्हें पसंद हैं। शेखर ने सुरेश रैना, संजय बांगड़, दीप्ति शर्मा, राधा यादव जैसे नामचीन भारतीय क्रिकेटरों सहित बैडमिंटन के स्टार भारतीय खिलाड़ियों लक्ष्य सेन, सात्विकसाईराज रैंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी के एक्सक्लूसिव इंटरव्यू किए हैं। शेखर की प्रारंभिक शिक्षा बिहार में हुई। बिहार बोर्ड से 12वीं की परीक्षा पास करने के बाद वो आगे की पढ़ाई के लिए छत्तीसगढ़ पहुंचे जहां उनका पत्रकारिता से पहला परिचय हुआ। रायपुर के अग्रसेन कॉलेज में ग्रेजुएशन करते हुए पत्रकारिता का काम शुरू किया और इसके बाद रायपुर स्थित कुशाभाऊ ठाकरे पत्रकारिता एवं जनसंचार विश्वविद्धालय से पत्राकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन किया और बतौर प्रोफेशनल अपने करियर की शुरुआत की। शेखर ने पत्रकारिता करियर की शुरुआत साल 2011 में ईटीवी छत्तीसगढ़/मध्यप्रदेश के साथ की। इस संस्थान में 6 महीने काम करने के बाद उन्होंने स्थानीय अखबार नेशनल लुक के साथ प्रिंट मीडिया में कदम रखा। इसके बाद राजस्थान पत्रिका समूह के छत्तीसगढ़ संस्करण से जुड़े और वहां तीन साल तक बतौर सब-एडिटर/रिपोर्टर सेवाएं दीं। इसके बाद भारत के सबसे बड़े प्रिंट मीडिया समूह दैनिक भास्कर के डीबी स्टार में रिपोर्टर की भूमिका अदा की और कई बड़े खुलासे स्थानीय स्तर पर किए। इसके बाद अपमे गृह राज्य बिहार की राजधानी पटना में दैनिक जागरण समूह के आईनेक्स्ट वेंचर से जुड़े। 8 महीने के छोटे कार्यकाल के बाद दैनिक भास्कर के रायपुर संस्करण में बतौर रिपोर्टर वापसी हुई। रायपुर में दूसरी पारी के तीन साल के कार्यकाल के सफल निर्वहन के बाद मैनेजमेंट ने भास्कर के भोपाल स्थित नेशनल न्यूजरूम में ट्रांसफर कर दिया। जहां 17 महीने स्पोर्ट्स डेस्क पर बड़े इवेंट्स पर काम किया। इस दौरान इंडियन प्रीमियर लीग, टोक्यो ओलंपिक जैसे बड़े खेल आयोजन का व्यापक कवरेज किया। भास्कर के नेशनल न्यूज रूम में डिजिटल जर्नलिज्म का ककहरा सीखने के बाद फरवरी,2023 में टाइम्स ग्रुप के साथ जुड़ने का मौका मिला। तब से वह टाइम्स नाउ नवभारत की हिंदी वेबसाइट की स्पोर्ट्स डेस्क पर बतौर प्रिंसिपल कॉरस्पान्डन्ट कार्यरत हैं। इस दौरान शेखर ने इंडियन प्रीमियर लीग, आईसीसी वर्ल्ड कप 2023 को कवर किया।

और पढ़ें
End of Article