क्रिकेट

क्या वनडे और टी20 सीरीज से बाहर हुए शुभमन गिल? विशेषज्ञ ने जांच के बाद दी क्या सलाह

दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ गुवाहाटी में खेले जा रहे दूसरे टेस्ट मैच से चोट की वजह से बाहर हुए कप्तान शुभमन गिल ने मुंबई ने विशेषज्ञों से जांच कराने के बाद सलाह ली है। क्या गिल दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ वनडे और टी20 सीरीज में भी खेलते हुए नजर नहीं आएंगे?

Image

शुभमन गिल

Photo : AP

गुवाहाटी: शुभमन गिल गर्दन की चोट के कारण दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ तीन मैचों की आगामी वनडे श्रृंखला से भी बाहर रहेंगे। बीसीसीआई के सूत्रों ने शनिवार को जानकारी दी कि उनकी गर्दन की चोट के सही होने में लंबा समय लगने की उम्मीद है। विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत और सीनियर बल्लेबाज केएल राहुल के नाम पर कप्तानी के लिये विचार किया जा सकता है जबकि सीनियर बल्लेबाज रोहित शर्मा भी टीम में हैं। गिल के दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ नौ दिसंबर से शुरू होने वाली आगामी टी20 अंतरराष्ट्रीय श्रृंखला में भी खेलने की संभावना भी कम ही है।

गिल को है आराम की जरूरत

बीसीसीआई के विश्वस्त सूत्रों के अनुसार गिल की चोट सिर्फ गर्दन की ऐंठन नहीं है । उन्हें आराम की जरूरत होगी और भारतीय टीम प्रबंधन उनकी वापसी के लिये हड़बड़ी नहीं करेगा। गिल को कोलकाता में पहले टेस्ट में बल्लेबाजी के दौरान गर्दन में ऐंठन का सामना करना पड़ा था । वह चोट के कारण गुवाहाटी टेस्ट नहीं खेल सके हैं। वह इस समय मुंबई में हैं जहां उनके एमआरआई समेत बाकी टेस्ट हो रहे हैं। सूत्र ने कहा,'यह देखने के लिये टेस्ट किये जा रहे हैं कि मांसपेशी में चोट है या टिश्यू में चोट लगी है। अभी तक तो चयनकर्ता उम्मीद लगाए हैं कि वह दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ टी20 तक फिट हो जाएं।'

टी20 सीरीज में खेल पाना है संदिग्ध

पता चला है कि गिल ने मुंबई के रीढ़ की हड्डी के विशेषज्ञ डॉ अभय नेने से परामर्श लिया है और चिकित्सा रिपोर्ट की जांच को मुख्य चयनकर्ता अजीत अगरकर को फॉरवर्ड किया है। बीसीसीआई सूत्र ने कहा,'गिल को दर्द के लक्षणों को कम करने के लिए एक इंजेक्शन दिया गया है। रिहैबिलिटेशन, ट्रेनिंग और स्किल वर्क शुरू करने से पहले उन्हें कुछ समय आराम करने की जरूरत होगी। इस बात की पूरी संभावना है कि उनका टी20 अंतरराष्ट्रीय श्रृंखला में खेलना भी संदिग्ध हो सकता है।'

ऋषभ पंत हो सकते हैं वनडे में कप्तान

कप्तानी के लिये पंत प्रबल दावेदार हैं जो दूसरे टेस्ट में भी कप्तानी कर रहे हैं। पिछले एक साल में हालांकि उन्होंने एक ही वनडे खेला है। रोहित शर्मा के साथ यशस्वी जायसवाल पारी का आगाज कर सकते हैं। अभिषेक शर्मा रिजर्व सलामी बल्लेबाज हो सकते हैं। हर्षित राणा, मोहम्मद सिराज और अर्शदीप सिंह तेज गेंदबाजी का जिम्मा संभालेंगे। जसप्रीत बुमराह को आराम दिया जा सकता है। वहीं चोट से जूझ रहे हार्दिक पंड्या अगले साल विश्व कप तक सिर्फ टी20 खेलेंगे। कुलदीप यादव निजी कारणों से ब्रेक ले सकते हैं। ऐसे में स्पिन का दारोमदार अक्षर पटेल, वरूण चक्रवर्ती और वॉशिंगटन सुंदर पर होगा।

(भाषा)

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article