क्रिकेट

भारत की जीत के बाद न्यूजीलैंड के तेज गेंदबाज जेकब डफी ने जमकर की विराट कोहली की तारीफ

Jacob Duffy Praises Virat Kohli: भारत-न्यूजीलैंड के बीच ऑकलैंड के ईडेन पार्क में आयोजित हुए वनडे सीरीज के बारिश से प्रभावित पहले मुकाबले में टीम इंडिया ने शानदार जीत दर्ज की। इस जीत में अर्धशतकीय पारी खेलने वाले विराट कोहली की अहम भूमिका रही। मैच के बाद न्यूजीलैंड के पेसर जेकब डफी भी विराट की तारीफ किए बिना नहीं रह सके।

Image

जेकब डफी ने की विराट कोहली की तारीफ

Photo : AP

भारतीय क्रिकेट टीम के स्टार बल्लेबाज विराट कोहली (Virat Kohli) ने बुधवार को न्यूजीलैंड के खिलाफ पहले वनडे में 74 रनों की शानदार और आक्रामक पारी खेलकर भारत को मिली पांच विकेट से जीत में अहम भूमिका निभाई। विराट कोहली इस प्रदर्शन से प्रभावित न्यूजीलैंड के तेज गेंदबाज जैकब डफी (Jacob Duffy) ने कहा कि इस दिग्गज बल्लेबाज के खेल में कोई कमी नजर नहीं आती। कोहली ने महज 51 गेंद में 74 रन बनाए जिस दौरान उनके बल्ले से 13 चौके और 1 छक्का निकला और बारिश से प्रभावित मुकाबले में भारत ने संशोधित 143 रन के लक्ष्य को 56 गेंद शेष रहते हासिल करने में सफलता हासिल की।

जेकब डफी आईपीएल 2026 में खिताब जीतने वाली रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) टीम में विराट कोहली के साथी रह चुके हैं। बेंगलुरु में आरसीबी के अभ्यास सत्र के दौरान वह कई बार कोहली की बल्लेबाजी का सामना कर चुके हैं। मैच के बाद मीडिया से मुखातिब होते हुए जेकब डफी ने मजाकिया अंदाज में कहा, "हां, यह थोड़ा परेशान करने वाला था, क्या नहीं था?"

उन्होंने कहा, "जब लक्ष्य छोटा हो और कोई बल्लेबाज इस तरह के इरादे के साथ मैदान पर उतरकर तेजी से रन बनाने लगे, तो वह आसानी से लक्ष्य का पीछा कर सकता है। और ऐसा करने के लिए विराट से बेहतर खिलाड़ी कौन हो सकता है। उनका प्रदर्शन वाकई शानदार था।"

जेकब डफी ने विराट कोहली की बल्लेबाजी की तारीफ करते हुए कहा, "उन्हें गेंद के उछाल से कोई परेशानी नहीं हुई। उन्होंने हुक और पुल शॉट खेलने के लिए शानदार तरीके से खुद को तैयार किया और फिर गेंद को सीधे मैदान के पार भी पहुंचाया। इसमें कोई हैरानी की बात नहीं है, वह बेहतरीन खिलाड़ी हैं। वह कई वर्षों से ऐसा करते आ रहे हैं और बेंगलुरु में नेट अभ्यास के दौरान भी उन्होंने मेरे खिलाफ कई बार ऐसा किया है।"

Shivam Awasthi
शिवम अवस्थीauthor

शिवम् अवस्थी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में स्पोर्ट्स डेस्क के इंचार्ज हैं। इनको खेल पत्रकारिता में तकरीबन 17 सालों का अनुभव है। इनको क्रिकेट, फुटबॉल और टेनिस में खास रुचि है। उन्हें खेलना भी पसंद है और वो देहरादून में फुटबॉल व क्रिकेट इंटर डिस्ट्रिक्ट चैंपियनशिप में विजेता टीम के कप्तान भी रहे। पत्रकारिता में कदम रखने के कुछ समय बाद कॉमनवेल्थ गेम्स 2010 का संपूर्ण फील्ड कवरेज किया और कई ब्रेकिंग न्यूज दी। कई चर्चित भारतीय एथलीटों के इंटरव्यू लिए हैं। 2011 वनडे क्रिकेट वर्ल्ड कप का ऑनफील्ड रहकर शहर-शहर घूमते हुए पूरा टीवी कवरेज किया। विश्व कप से पहले युवा विराट कोहली का इंटरव्यू किया। डिजिटल जैसे-जैसे आगे बढ़ा उन्हें ब्रेट ली, सुनील गावस्कर, राहुल द्रविड़, जैसे तमाम धुरंधरों के साक्षात्कार किए और 16 वर्षीय ऋषभ पंत का पहला डिजिटल इंटरव्यू किया जिसे इंग्लिश और हिंदी वेबसाइट पर काफी रीडरशिप मिली। उन्होंने स्पोर्ट्स मल्टी पॉडकास्ट भी किया। आईपीएल के 18 सीजन से ऑनफील्ड जुड़े रहे। अब तक तकरीबन 6000 से ज्यादा एक्सक्लूसिव स्टोरीज लिख चुके हैं। साल 2025 में खेल जगत के तमाम बड़े रिकॉर्ड्स व आंकड़ों को ट्रैक किया है और उन पर आर्टिकल तैयार किए हैं।

और पढ़ें
End of Article