क्रिकेट

Shubman Gill Injury Update: शुभमन गिल को मिली अस्पताल से छुट्टी, गुवाहाटी टेस्ट में खेलने पर संशय बरकरार

टीम इंडिया के टेस्ट कप्तान शुभमन गिल को रविवार को कोलकाता के वुडलैंड्स मल्टीस्पेशलिटी अस्पताल से छुट्टी मिल गई जहां उन्हें दूसरे टेस्ट के दूसरे दिन गर्दन में चोट लगने के बाद भर्ती कराया गया था। गुवाहाटी में खेले जाने वाले सीरीज के दूसरे टेस्ट मैच में उनके खेलने पर अभी भी संशय बना हुआ है।

Image

शुभमन गिल

Photo : AP

कोलकाता: भारतीय कप्तान शुभमन गिल को रविवार को अस्पताल से छुट्टी मिल गई जहां गर्दन में लगी चोट के लिए उनका इलाज चल रहा था। दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ पहले टेस्ट मैच के दौरान गिल की गर्दन में चोट लग गई थी। बंगाल क्रिकेट संघ (सीएबी) के अध्यक्ष सौरव गांगुली रविवार को वुडलैंड्स मल्टीस्पेशलिटी अस्पताल में गिल से मिलने गए। भारत को ईडन गार्डन्स की चुनौतीपूर्ण पिच पर 30 रन से हार का सामना करना पड़ा और दो मैचों की श्रृंखला में दक्षिण अफ्रीका ने 1-0 की बढ़त बना ली।

गुवाहाटी में खेलने पर संशय बरकरार

खेल के दूसरे दिन बल्लेबाजी करते समय चोटिल हुए गिल तीसरे दिन का खेल शुरू होने से पहले ही पहले टेस्ट से बाहर हो गए थे। गिल दूसरी पारी में बल्लेबाजी के लिए उपलब्ध नहीं थे जिसमें भारतीय टीम 93 रन पर आउट हो गई। हालांकि टीम प्रबंधन ने 22 नवंबर से गुवाहाटी में शुरू होने वाले दूसरे मैच में उनके खेलने पर अभी फैसला नहीं किया है। टीम मंगलवार को गुवाहाटी के लिए रवाना होगी।

भारत को कर लेना चाहिए था 124 का लक्ष्य हासिल

इस बीच गांगुली ने कहा कि ईडन की पिच ‘सर्वश्रेष्ठ टेस्ट विकेट’ नहीं थी लेकिन भारत को 124 रन का लक्ष्य हासिल कर लेना चाहिए था। उन्होंने मैच के बाद पत्रकारों से कहा,'इसमें कोई विवाद ही नहीं है। यह सर्वश्रेष्ठ टेस्ट विकेट नहीं था, लेकिन दुर्भाग्य से भारत हार गया। उन्हें फिर भी 120 रन बनाने चाहिए थे। यह सर्वश्रेष्ठ टेस्ट पिच नहीं थी। गंभीर ने कहा कि उन्हें ऐसी पिच चाहिए थी और उन्होंने खुद क्यूरेटर को निर्देश दिए थे। यह सच है कि निर्देश दिए गए थे और मैं वही दोहराऊंगा जो मैंने पहले कहा था। गौतम ने इंग्लैंड में वनडे और टी20 क्रिकेट में भारत के लिए अच्छा प्रदर्शन किया है। हम कुछ समय तक ऐसा ही करते रहेंगे, लेकिन हमें अच्छी पिचों पर खेलना चाहिए।'

मोहम्मद शमी का वापसी की गांगुली ने की वकालत

भारत के मुख्य कोच के रूप में गंभीर के काम की प्रशंसा करने के अलावा गांगुली ने टेस्ट टीम के लिए मोहम्मद शमी की मौजूदगी के महत्व पर भी विशेष जोर दिया जो एक स्पष्ट संदेश है कि भारत को अपने अनुभवी तेज गेंदबाज को नजरअंदाज नहीं करना चाहिए। उन्होंने कहा,'उन्हें बुमराह, सिराज और शमी पर भरोसा होना चाहिए। स्पिनरों पर भी, जो उनके लिए टेस्ट मैच जीतते हैं।' गांगुली ने टेस्ट टीम को मैच की रणनीति के बारे में भी सलाह दी। उन्होंने कहा,'टेस्ट मैच तीन दिन में नहीं, पांच दिन में जीतो।'

(भाषा)

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article