लखनऊ: टीम इंडिया के वनडे कप्तान शुभमन गिल ने अफगानिस्तान के खिलाफ तीन मैच की वनडे सीरीज में अपने शानदार फॉर्म को बरकरार रखते हुए शानदार शतक लखनऊ के इकाना स्टेडियम में जड़ दिया। तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी करने आए गिल ने यशस्वी जायसवाल के सस्ते में पवेलियन लौटने के बाद मोर्चा संभाला। उन्होंने रोहित शर्मा के साथ अर्धशतकीय और ईशान किशन के साथ शतकीय साझेदारी करके टीम को बड़े स्कोर तक पहुंचाने में अहम भूमिका अदा की और वनडे फॉर्मेट में बतौर कप्तान अपना पहला शतक भी 77 गेंद में जड़ दिया। गिल ने चौके के साथ अपना शतक पूरा किया। गिल ने इस दौरान 13 चौके और 2 छक्के जड़े। गिल 110 गेंद पर 154 रन बनाकर आउट हुए। इस दौरान 22 चौके और 2 छक्के जड़े।
वनडे में भारत के लिए सबसे तेज एक हजार रन
यह उनके वनडे करियर का नौवां शतक है। उन्होंने 63वें मैच की 63वीं पारी में अपना नौवां शतक जड़ा। धर्मशाला में वनडे क्रिकेट इतिहास में 3 हजार रन पूरा करने वाले शुभमन गिल ने लखनऊ में भी कई रिकॉर्ड अपने नाम कर लिए। वो भारतीय सरजमीं पर सबसे तेज गति से एक हजार रन पूरे करने वाले बल्लेबाज भी बन गए। उन्होंने 19 पारी में ये उपलब्धि हासिल की और विराट कोहली-शिखर धवन का साझा रिकॉर्ड तोड़ दिया। इन दोनों बल्लेबाजों ने 24-24 पारी में ये उपलब्धि हासिल की थी। वहीं गेंदों के लिहाज से देखें तो गिल भारतीय सरजमीं पर 954 गेंद में 1000 रन पूरे करके भारतीय सरजमीं पर सबसे तेज गति से ये कारनामा करने वाले तीसरे बल्लेबाज बन गए। उन्होंने कपिल देव के रिकॉर्ड की बराबरी कर ली है। गिल से कम गेंद में एक हजार रन हार्दिक पांड्या(857) और केदार जाधव (936) ने पूरे किए थे।
साल 2024 से घर पर जारी है धमाल
साल 2024 के बाद से शुभमन गिल का बल्ला वनडे क्रिकेट में घर पर लगातार रन उगल रहा है। उन्होंने अबतक खेली 8 पारी में 2 शतक और 5 अर्धशतक जड़े हैं। अफगानिस्तान के खिलाफ धर्मशाला में 66 गेंद में 84 रन की नाबाद मैच जिताऊ पारी खेलने के बाद अब गिल ने लखनऊ में शतक जड़ दिया है।
तोड़ा बाबर आजम का रिकॉर्ड
शुभमन गिल 26 साल की उम्र में सबसे ज्यादा अंतरराष्ट्रीय शतक जड़ने के मामले में बाबर आजम को पछाड़कर दुनिया के दिग्गज बल्लेबाजों की सूची में पांचवें स्थान पर पहुंच गए हैं। बाबर आजम ने 26 साल में 20 अंतरराष्ट्रीय शतक जड़ थे। गिल 21 शतक के साथ उनसे आगे निकल गए हैं। 26 साल की उम्र में सबसे ज्यादा 47 शतक सचिन तेंदुलकर ने जड़े थे। वहीं विराट कोहली ने इस उम्र में 34, केन विलियमसन ने 26 और जो रूट ने 23 शतक जड़े थे।
भारत के लिए सबसे ज्यादा शतक
गिल अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में सबसे ज्यादा सबसे ज्यादा शतक जड़ने वाले भारतीय बल्लेबाजों की सूची में 12वें स्थान पर पहुंच गए हैं। उनसे ज्यादा शतक सचिन तेंदुलकर(100), विराट कोहली(85), रोहित शर्मा (50), राहुल द्रविड़ (48), सौरव गांगुली(38), वीरेंद्र सहवाग(38), सुनील गावस्कर(35), मोहम्मद अजहरुद्दीन(29), शिखर धवन(24), वीवीएस लक्ष्मण(23), केएल राहुल(22) ने जड़े हैं।
