क्रिकेट

IND vs ENG 5th Test: शुभमन गिल ने बताया ओवल में बेन स्टोक्स की गैरमौजूदगी का मैच पर पड़ेगा कैसा असर

कप्तान शुभमन गिल ने अपनी कप्तानी में टीम इंडिया के प्रदर्शन का आकलन करते हुए बताया है कि बेन स्टोक्स के ओवल टेस्ट में गैरमौजूदगी का पड़ेगा कैसा असर?

Image

बेन स्टोक्स (फोटो क्रेडिट AP)

लंदन: भारतीय कप्तान शुभमन गिल ने बुधवार को कहा कि इंग्लैंड में पांच मैचों की टेस्ट श्रृंखला बराबर करना ‘बड़ी उपलब्धि’ होगी और वह कप्तान के रूप में अपने पहले दौरे से कहीं अधिक समझदार होकर लौटेंगे। बदलाव के दौर से गुजरने के बावजूद भारत ने श्रृंखला में कड़ी टक्कर दी है और अगर टीम मुश्किल लम्हों में थोड़ा बेहतर करती तो लीड्स और लॉर्ड्स में जीत दर्ज करती। श्रृंखला के अंतिम मैच से पहले गिल ने पिछले 50 दिन में टीम के कप्तान के रूप में अपने समय पर विचार किया।

सीख का बड़ा जरिया रही सीरीज

ओवल टेस्ट की पूर्व संध्या पर गिल ने कहा, 'यह बहुत रोमांचक रहा है। आखिरी टेस्ट से एक दिन पहले मैं यहां हूं और मैं बहुत उत्साहित हूं। यह श्रृंखला मेरे लिए सीखने का एक बड़ा जरिया रही है। कुछ चीजें आप केवल अनुभव से ही सीख सकते हैं और मैंने इन चार मुकाबलों से बहुत कुछ सीखा है। अगर आप देखें कि हमने किस तरह का क्रिकेट खेला है तो श्रृंखला में हमारी स्थिति को देखते हुए कभी-कभी स्कोरकार्ड इसका निर्धारण नहीं करता। हमने जो भी मैच खेले हैं, उनमें चार दिन के क्रिकेट के बाद यह तय करना बहुत मुश्किल था कि कौन सी टीम जीतेगी।अपेक्षाकृत युवा टीम के साथ भारत से बाहर आकर श्रृंखला बराबर करना हमारे लिए एक बड़ी उपलब्धि होगी।

तेज गेंदबाजों के लिए मददगार होगी पिच

मैच से पहले पिच श्रृंखला की अन्य सभी पिच से अधिक हरी दिख रही है और दोनों टीम को उम्मीद है कि पिच से गेंद को मूवमेंट मिलेगी। इंग्लैंड ने पहले ही मैच के लिए चार तेज गेंदबाजों के नाम तय कर लिए हैं जबकि भारत अभी अपने पत्ते नहीं खोल रहा है। गिल ने कहा,'हम कल फैसला करेंगे (जसप्रीत बुमराह को खिलाना है या नहीं)। विकेट काफी हरी दिख रही है। तो देखते हैं क्या होता है।'

बेन स्टोक्स की इंग्लैंड को खलेगी ओवल में कमी

गिल ने कहा कि इंग्लैंड के कप्तान बेन स्टोक्स ऐसे खिलाड़ी हैं जो चीजों को अंजाम तक पहुंचाते हैं और मेजबान टीम को ओवल में उनकी बहुत कमी खलेगी। भारतीय कप्तान ने कहा,'इंग्लैंड के लिए निश्चित रूप से एक बड़ा नुकसान। मुझे लगता है कि वह जब भी गेंदबाजी या बल्लेबाजी के लिए आते हैं तो वह हमेशा चीजों को दिलचस्प बना देते हैं। वह हमेशा कुछ ना कुछ कर दिखाते हैं। इसलिए उनके नजरिए से मुझे लगता है कि यह निश्चित रूप से उनके लिए नुकसान है।'

ऑलराउंडर्स के चयन ने टीम के रूख को साबित किया है सही

गिल ने कहा कि वॉशिंगटन सुंदर जैसे खिलाड़ी ने ऑलराउंडरों के चयन और आठवें नंबर तक बल्लेबाजी करने के टीम के रुख को सही साबित किया है। शार्दुल ठाकुर ने मैनचेस्टर में सिर्फ 11 ओवर गेंदबाजी की लेकिन पहली पारी में महत्वपूर्ण 41 रन बनाए। गिल ने कहा कि वॉशिंगटन को पहली पारी में बहुत देर से गेंदबाजी के लिए उतारा गया और जब कोई छह गेंदबाजों के साथ खेल रहा हो तो ऐसा अक्सर होता है। गिल ने कहा,'जैसा कि मैंने श्रृंखला में महसूस किया है, जैसे कि पिछले मैच में, बहुत से लोगों को भी लगा कि वॉशिंगटन को गेंदबाजी के लिए पहले आना चाहिए था जो एक सही बात है। लेकिन कभी-कभी जब आप मैदान पर होते हैं, जब पारी की शुरुआत में दो स्पिनर गेंदबाजी करते हैं तो तेज गेंदबाज लगभग आठ से दस ओवर के लिए खेल से बाहर हो जाते हैं।'

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article