PoK Drone Attack: पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर में एक बार फिर पाकिस्तानी सेना की बर्बरता देखने को मिली है। प्राप्त जानकारी के मुताबिक, पाकिस्तानी सेना ने नागरिकों के घरों पर ड्रोन से हमला किया और अंधाधुंध गोलियां भी चलाईं। इस हमले में अबतक सात लोगों के मारे जाने की सूचना है, जबकि अन्य 5 घायल हो गए।
रावलकोट में ड्रोन से हमला
पाकिस्तानी सेना ने रावलकोट निवासी एक नागरिक के घर पर ड्रोन से हमला किया। जम्मू कश्मीर ज्वाइंट अवामी एक्शन कमेटी (JAAC) ने पाकिस्तान से मिलिट्री ऑपरेशन को तत्काल रोकने की अपील की। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर रावलकोट की कई तस्वीरें और वीडियो तेजी से वायरल हो रहे हैं।
स्थानीयों के मुताबिक, पाकिस्तानी सुरक्षा बलों ने पीओके के रावलकोट में ड्रोन हमले किए। इन हमलों के बाद इलाके में तनाव और दहशत का माहौल है। दावा किया जा रहा है कि इलाके में मोबाइल इंटरनेट सेवाओं को पूरी तरह बंद कर दिया गया है। स्थानीय लोगों ने पाकिस्तानी सेना पर निर्दोष नागरिकों के खिलाफ सैन्य अभियान चलाने और बड़े पैमाने पर हिंसा करने के आरोप लगाए हैं।
