ICC T20 Ranking: भारतीय टीम ने भले ही टी20 वर्ल्ड कप 2026 में अपने सेमीफाइनल की राह मुश्किल कर ली हो, लेकिन शानदार गेंदबाजी करने वाली स्पिन गेंदबाज श्री चरणी को बड़ा रिवॉर्ड मिला है। आईसीसी द्वारा जारी ताजा रैंकिंग में चरणी नंबर वन टी20 गेंदबाज बन गई है। उन्होंने इंग्लैंड की गेंदबाज लिंजी स्मिथ (Linsey Smith) को पछाड़कर नंबर वन की कुर्सी हासिल की। श्री चरणी मौजूदा टी20 वर्ल्ड कप की सबसे सफल गेंदबाज हैं और 3 मैच में 10 विकेच चटका चुकी हैं।
12 महीने में नंबर वन का सफर
21 वर्षीय श्री चरणी ने महज 12 महीने पहले ही अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में अपना डेब्यू किया था। उन्होंने नीदरलैंड्स के खिलाफ दूसरे मुकाबले में चार विकेट जबकि मैनचेस्टर में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ मैच में तीन विकेट चटकाए, जिसने उन्हें नंबर वन गेंदबाज बना दिया। इंग्लैंड की स्मिथ को खराब गेंदबाजी करने का भारी नुकसान हुआ है। स्मिथ अब नंबर 3 पर खिसक गई है, जबकि उनकी साथी खिलाड़ी चार्ली डीन टूर्नामेंट में तीन मैचों में पांच विकेट लेने के बाद दूसरे स्थान पर पहुंच गई हैं।
टाइम्स नाउ नवभारत पर यह भी पढ़ें- वैभव सूर्यवंशी के सबसे तेज शतक का रिकॉर्ड किसने तोड़ा
इंग्लैंड की एक और स्पिन गेंदबाज जो कभी नंबर वन की कुर्सी पर काबिज थी, उन्हें भी 4 स्थान का फायदा हुआ है। अब सोफी एक्लेस्टन चौथे पायदान पर पहुंच गई हैं। वेस्टइंडीज की कप्तान हैली मैथ्यूज को भी 11 स्थान का फायदा हुआ है और अब वो नंबर 11 पर पहुंच गई हैं। टॉप-10 में भारत की एक अन्य गेंदबाज दीप्ति शर्मा का नाम शामिल हैं जो सबसे ज्यादा विकेट लेने के मामले में झूलन गोस्वामी की बराबरी पर खड़ी हैं। दीप्ति मौजूदा रैंकिंग में 8वें नंबर पर हैं। टॉप-10 में इंग्लैंड टीम का दबदबा रहा है। 4 गेंदबाज टॉप-10 में शामिल हैं। पाकिस्तान की सादिया इकबाल ने दो स्थान की छलांग लगाकर नंबर 5 पर जगह बना ली।
