जिम्बाब्वे दौरे के लिए टीम इंडिया के 15 सदस्यीय टीम में एक बड़ा बदलाव हुआ है। दरअसल पहली बार टीम में शामिल किए गए नीतीश कुमार रेड्डी इंजरी के कारण बाहर हो गए हैं। उनके स्थान पर टी20 वर्ल्ड कप में खेल रहे शिवम दुबे को शामिल किया गया है। बीसीसीआई द्वारा दी गई जानकारी में लिखा है कि शिवम दुबे नीतीश रेड्डी की जगह जिम्बाब्वे दौरे का हिस्सा होंगे। टीम इंडिया शुभमन गिल के नेतृत्व में 5 मैच की टी20 अंतरराष्ट्रीय सीरीज खेलने जिम्बाब्वे जाएगी जिसकी शुरुआत 6 जुलाई से होने वाली है। नीतीश रेड्डी की इंजरी बीसीसीआई की मेडिकल टीम मॉनिटर करेगी। उन्हें पहली बार टीम इंडिया से बुलावा आया था।
टी20 वर्ल्ड कप टीम का हिस्सा हैं शिवम
शिवम दुबे फिलहाल टी20 वर्ल्ड कप टीम का हिस्सा हैं और वेस्टइंडीज में हैं। टी20 वर्ल्ड कप 2024 में दुबे का प्रदर्शन मिला-जुला रहा है। एक-दो मैच को छोड़ दें तो उनका प्रदर्शन औसत रहा है। उन्होंने बांग्लादेश के खिलाफ सर्वाधिक 34 रन की पारी खेली थी। इसके अलावा शिवम ने यूएसए के खिलाफ नाबाद 31 और ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 28 रन की पारी खेली थी।नीतीश को मिला था आईपीएल का ईनाम
नीतीश कुमार रेड्डी को आईपीएल 2024 में शानदार प्रदर्शन का ईनाम मिला था। आईपीएल के इस सीजन में सनराइजर्स हैदराबाद की टीम यदि फाइनल तक पहुंच पाई थी तो उसके पीछे एक बड़ा कारण नीतीश की बैटिंग थी। नीतीश ने 13 मैच की 11 पारी में 33 की औसत और 150 की स्ट्राइक रेट से 303 रन बनाए थे। इस दौरान उन्होंने 2 अर्धशतकीय पारी भी खेली थी।टीम इंडिया का अपडेटेट स्क्वॉड (Team India Updated Squad): शुभमन गिल (कप्तान), यशस्वी जयसवाल, रुतुराज गायकवाड़, अभिषेक शर्मा, रिंकू सिंह, संजू सैमसन (विकेटकीपर), ध्रुव जुरेल (विकेटकीपर), रियान पराग, वाशिंगटन सुंदर, रवि बिश्नोई, अवेश खान, खलील अहमद, मुकेश कुमार, तुषार देशपांडे, शिवम दुबे।
