क्रिकेट

15 साल बाद: प्रिंस यादव ने T20I में रचा इतिहास, अश्विन और श्रीसंत के क्लब में हुए शामिल

भारतीय टी20 टीम के तेज गेंदबाज प्रिंस यादव ने नया इतिहास रच दिया। वेस्टइंडीज के खिलाफ तीसरे टी20 मुकाबले में तीन बाउंड्री लगाकर अपना नाम खास लिस्ट में शामिल करवा लिया। प्रिंस यादव एक T20I में भारत के नंबर 10/11 खिलाड़ी द्वारा सबसे ज्यादा बाउंड्री लगाने का रिकॉर्ड बनाया।

Image

प्रिंस यादव ने टी20 क्रिकेट में रचा इतिहास। फोटो- BCCI

स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। इंदौर में रविवार को वेस्टइंडीज के खिलाफ तीसरे T20I मैच में तीन चौके लगाने के बाद प्रिंस यादव ने इतिहास रच दिया। वह T20 इंटरनेशनल में नंबर 10 या नंबर 11 पर बल्लेबाजी करते हुए कम से कम तीन बाउंड्री लगाने वाले केवल तीसरे भारतीय बल्लेबाज बन गए हैं। प्रिंस ने एस. श्रीसंत और रविचंद्रन अश्विन की खास लिस्ट में जगह बना ली।

यह उपलब्धि 15 साल के लंबे अंतराल के बाद हासिल हुई है। इससे पहले 2011 में अश्विन ने ऐसा किया था। प्रिंस ने आखिर में 6 गेंद पर कैमियों पारी खेलते हुए 13 रन बनाए। इन रनों की बदौलत भारत का स्कोर 223 तक पहुंचा और मेजबान टीम ने 14 रन से जीत हासिल कर पांच मैचों की सीरीज में 2-1 की बढ़त बना ली। मैच के बाद श्रेयस अय्यर ने भी आखिर के इन रनों के महत्व की सराहना की।

श्रीसंत और अश्विन की लिस्ट में शामिल

प्रिंस यादव ने श्रीसंत और अश्विन के लिस्ट में अपनी जगह बनाई। श्रीसंत ने 2007 में जोहान्सबर्ग में न्यूजीलैंड के खिलाफ चार बाउंड्री लगाकर इस लिस्ट में सबसे ऊपर हैं। अश्विन ने 2011 में कोलकाता में इंग्लैंड के खिलाफ तीन चौके लगाए थे, जबकि प्रिंस ने 2026 में इंदौर में वेस्टइंडीज के खिलाफ उनके बराबर का स्कोर बनाया। प्रिंस की यह उपलब्धि श्रीसंत के कारनामे के 19 साल बाद और अश्विन की पारी के 15 साल बाद हासिल हुई।

एक T20I में भारत के नंबर 10/11 खिलाड़ी द्वारा सबसे ज्यादा बाउंड्री

  • 4 - एस श्रीसंत बनाम न्यूजीलैंड, जोहान्सबर्ग, 2007
  • 3 - रविचंद्रन अश्विन बनाम इंग्लैंड, कोलकाता, 2011
  • 3 - प्रिंस यादव बनाम वेस्टइंडीज, इंदौर, 2026

आखिरी ओवर में तीन बाउंड्री

19वें ओवर में जब भारत का स्कोर 202/8 था तब प्रिंस बल्लेबाजी करने आए। पारी के आखिर में विकेट गिरने के बावजूद उन्होंने शमर जोसेफ की गेंद पर तीन चौके लगाकर मिले मौके का पूरा फायदा उठाया। उन्होंने एक लो फुल टॉस गेंद पर डीप मिड-विकेट की तरफ बाउंड्री लगाकर अपना खाता खोला। दो गेंद के बाद उन्होंने गेंद को अच्छी तरह भांप लिया और विकेटकीपर शाई होप के ऊपर से स्कूप शॉट खेलकर एक और चौका जड़ा। इसके बाद प्रिंस ने शॉर्ट-ऑफ-लेंथ गेंद पर एक मोटा टॉप-एज लगाया, जिससे गेंद शॉर्ट थर्ड मैन के ऊपर से निकल गई और उन्हें ओवर की तीसरी बाउंड्री मिली।

    Umesh Kumar
    उमेश कुमारauthor

    उमेश कुमार पत्रकारिता में पिछले 7 वर्षों से सक्रिय हैं। उन्होंने इलाहाबाद विश्वविद्यालय से पत्रकारिता की पढ़ाई की है। करियर की शुरुआत प्रिंट मीडिया से करने के बाद उन्होंने डिजिटल मीडिया में बतौर स्पोर्ट्स राइटर अपनी मजबूत पहचान बनाई। उमेश ने अमर उजाला (प्रिंट), ईटीवी भारत (हैदराबाद), दैनिक भास्कर और दैनिक जागरण जैसे संस्थानों के साथ काम किया है। उमेश ने क्रिकेट की कई बायलेटरल सीरीज, आईपीएल, वर्ल्ड कप, प्रो कबड्डी लीग, फीफा वर्ल्ड कप, हॉकी वर्ल्ड कप और ओलंपिक जैसे बड़े राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। खेलों की गहरी समझ और डेटा-ड्रिवन स्टोरीटेलिंग उनकी लेखनी की खासियत है।

    और पढ़ें
    End of Article