लंबे समय से चयनकर्ताओं ने भारत के अनुभवी ओपनर शिखर धवन (Shikhar Dhawan) को नजरअंदाज किया है। धवन काफी समय से भारतीय क्रिकेट टीम से बाहर हैं, हालांकि बीच-बीच में जब किसी विदेशी दौरे पर सीनियर खिलाड़ियों को आराम दिया गया, तो धवन को कप्तान बनाकर टीम के साथ भेजा गया और वहां अधिकतर मौकों पर टीम को सफलताएं भी मिलीं, लेकिन अगले ही पल सीनियर्स की वापसी के साथ ही धवन को फिर से बाहर कर दिया गया। अब खबरें आ रही हैं कि शिखर धवन को एक बार फिर टीम इंडिया की कमान संभालनी पड़ सकती है।
दरअसल, कुछ ताजा रिपोर्ट्स के मुताबिक शिखर धवन को चीन के ग्वांगझू में होने वाले एशियन गेम्स 2023 में भारतीय क्रिकेट टीम का कप्तान बनाकर भेजा जा सकता है। खबरों के मुताबिक बीसीसीआई ने तय किया है कि एशियाई खेलों में भारत की पुरुष और महिला क्रिकेट टीमें, दोनों ही हिस्सा लेंगी। एशियन गेम्स का आगाज 27 सितंबर से हो रहा है।
ऐसे में उसके कुछ ही समय बाद भारत को वनडे विश्व कप की मेजबानी करनी है जिसके लिए भारतीय टीम के मुख्य खिलाड़ी विश्व कप की तैयारियों में जुटे होंगे। तब जब एशियन गेम्स में भारतीय पुरुष क्रिकेट टीम मेडल की उम्मीदों के साथ उतरेगी तो शिखर धवन उनकी अगुवाई करते नजर आ सकते हैं।
बीसीसीआई एशियन गेम्स में अपनी दूसरी दर्जे वाली टीम टीम को चीन भेजेगी। ऐसे में रोहित शर्मा और हार्दिक पांड्या की गैरमौजूदगी में और कोई चेहरा नजर नहीं आता जो एशियाई खेलों में टीम की अगुवाई कर सके। तो मुमकिन है कि धवन ही वो नाम होंगे जिनको एक बार फिर अपना फर्ज निभाना होगा। गौरतलब है कि एशियन गेम्स में टीमों को भेजने को लेकर बीसीसीआई अगले महीने कोई आधिकारिक घोषणा कर सकता है।
