क्रिकेट

'शेर-ए-पंजाब टी20 लीग' हुई लॉन्च, दिखेगा शुभमन गिल, अर्शदीप सिंह और अभिषेक शर्मा का जलवा

पंजाब क्रिकेट बोर्ड ने शेर ए पंजाब टी20 लीग के आयोजन का आधिकारिक तौर पर ऐलान कर दिया है। 30 अगस्त से 13 सितंबर तक खेले जाने वाले इस टूर्नामेंट में टीम इंडिया के कप्तान शुभमन गिल, अभिषेक शर्मा और अर्शदीप सिंह जैसे धाकड़ खिलाड़ी खेलते नजर आएंगे।

Image

शेर ए पंजाह टी20 लीग

चंडीगढ़: भारत के टेस्ट और वनडे कप्तान शुभमन गिल, तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह, अभिषेक शर्मा, गुरनूर बराड़, प्रभसिमरन सिंह और रमनदीप सिंह आगामी ’शेर-ए-पंजाब टी20 लीग’ में खेलते नजर आएंगे। इस लीग का आधिकारिक शुभारंभ रविवार को यहां किया गया। 30 अगस्त से 13 सितंबर तक खेले जाने वाले इस टूर्नामेंट का आधिकारिक लोगो मुल्लांपुर स्थित पंजाब क्रिकेट संघ (पीसीए) अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में लॉन्च किया गया। हालांकि गिल और तेज गेंदबाज गुरनूर बराड़ 28 अगस्त तक श्रीलंका दौरे पर भारतीय टीम के साथ राष्ट्रीय जिम्मेदारियों में व्यस्त रहेंगे।

युवा खिलाड़ियों के लिए लीग साबित होगी शानदार मंच

इस मौके पर गिल ने कहा कि यह टूर्नामेंट पंजाब और भारत के लिए खेलने का सपना देखने वाले युवा खिलाड़ियों के लिए शानदार मंच साबित होगा। उन्होंने कहा,'यह सभी युवा खिलाड़ियों के लिए बेहतरीन मौका होगा।' कार्यक्रम में पीसीए अध्यक्ष अमरजीत मेहता और सचिव गुरमीत सिंह भी मौजूद रहे। टूर्नामेंट में छह टीमें हिस्सा लेंगी और कुल 27 मुकाबले खेले जाएंगे। प्रतियोगिता का आयोजन राउंड-रॉबिन प्रारूप में होगा। प्रत्येक फ्रेंचाइजी के पास एक ’मार्की’ खिलाड़ी और कम से कम दो ’आइकन’ खिलाड़ी होंगे।

गिल ने अपने शुरुआती क्रिकेट दिनों को याद करते हुए कहा कि पंजाब के फाजिल्का में स्थित अपने गांव से उनका सफर शुरू हुआ और उनके पिता ने हमेशा उनके सपनों को पूरा करने में साथ दिया। उन्होंने कहा,'हम अपने गांव में एक क्रिकेट अकादमी भी चलाते हैं, जहां आसपास के बच्चों को मुफ्त प्रशिक्षण दिया जाता है ताकि वे वहां आकर खेल सकें। जब भी मेरे पिता को समय मिलता है, वह अकादमी जाकर बच्चों को खेलते हुए देखते हैं। मुझे लगता है कि क्रिकेट के प्रति उनका प्यार और जुनून ही है जिसकी वजह से मैं आज यहां तक पहुंच पाया हूं।'

बनेगी देश की प्रमुख घरेलू टी20 प्रतियोगिता

पीसीए सचिव गुरमीत सिंह ने कहा,'पंजाब हमेशा से भारतीय क्रिकेट को बेहतरीन खिलाड़ी देने वाला राज्य रहा है। लाला अमरनाथ से लेकर युवराज सिंह जैसे दिग्गजों और अब शुभमन गिल, अर्शदीप सिंह, प्रभसिमरन सिंह तथा भारतीय महिला टीम की कप्तान हरमनप्रीत कौर तक, इस राज्य ने लगातार विश्वस्तरीय क्रिकेटर तैयार किए हैं।पंजाब में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है। हमें विश्वास है कि ’शेर-ए-पंजाब टी20 लीग’ देश की प्रमुख घरेलू टी20 प्रतियोगिताओं में शामिल होगी।'

(भाषा)

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article