मुंबई: भारतीय सीनियर महिला टीम की सदस्य शैफाली वर्मा दक्षिण अफ्रीका में होने वाले अंडर-19 महिला टी20 वर्ल्ड कप में राष्ट्रीय टीम की कमान संभालेंगी। शैफाली वर्मा के साथ भारतीय विकेटकीपर बल्लेबाज ऋचा घोष को भी टीम में जगह मिली है। अंडर-19 महिला टी20 वर्ल्ड कप का उद्घाटन संस्करण दक्षिण अफ्रीका में आयोजित होगा।
अखिल भारतीय महिला चयन समिति ने सोमवार को दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ द्विपक्षीय टी20 सीरीज और अंडर-19 महिला वर्ल्ड कप के लिए भारतीय महिला टीम की घोषणा की। बता दें कि अंडर-19 महिला टी20 वर्ल्ड कप के उद्घाटन संस्करण में 16 टीमें नजर आएंगी। यह टूर्नामेंट 14 जनवरी 2023 से शुरू होगा और फाइनल मुकाबला 29 जनवरी 2023 को खेला जाएगा।
भारतीय टीम को अंडर-19 महिला टी20 वर्ल्ड कप में दक्षिण अफ्रीका, यूएई व स्कॉटलैंड के साथ ग्रुप-डी में रखा गया है। प्रत्येक ग्रुप की टॉप-3 टीमें सुपर सिक्स राउंड में प्रगति करेंगी, जहां छह टीमों के दो ग्रुप बनेंगे। इसके बाद दोनों ग्रुप की टॉप-4 टीमें सेमीफाइनल में पहुंचेंगी, जो कि 27 जनवरी को पोचेफ्स्ट्रूम में खेले जाएंगे। 29 जनवरी को फाइनल मुकाबला खेला जाएगा।
बहरहाल, अंडर-19 महिला टी20 वर्ल्ड कप से पहले शैफाली वर्मा के नेतृत्व वाली भारतीय महिला टीम दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ पांच टी20 इंटरनेशनल मैचों की द्विपक्षीय सीरीज खेलेगी। यह मुकाबले 27,29, 31 दिसंबर और 2,4 जनवरी को प्रीटोरिया के टुक्स ओवल में खेले जाएंगे।
दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ सीरीज के लिए भारतीय अंडर-19 महिला टीम इस प्रकार है:
शैफाली वर्मा (कप्तान), श्वेता सेहरावत (उप-कप्तान), ऋचा घोष, जी त्रिशा, सौम्या तिवारी, सोनिया मेहदिया, हर्ले गाला, ऋषिता बासू, सोनम यादव, मन्नत कश्यप, अर्चना देवी, पार्श्वी चोपड़ा, टिटस साधू, फलक नाज, शबनम एमडी, शिखा, नजला सीएमसी, यशश्री।अंडर-19 महिला टी20 वर्ल्ड कप के लिए भारतीय टीम इस प्रकार है:
शैफाली वर्मा (कप्तान), श्वेता सेहरावत (उप-कप्तान), ऋचा घोष, जी त्रिशा, सौम्या तिवारी, सोनिया मेहदिया, हर्ले गाला, ऋषिता बासू, सोनम यादव, मन्नत कश्यप, अर्चना देवी, पार्श्वी चोपड़ा, टिटस साधू, फलक नाज, शबनम एमडी।स्टैंडबाय खिलाड़ी: शिखा, नजला सीएमसी, यशश्री।
