बांग्लादेश के 118 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए भारत ने शेफाली के अर्धशतक और स्मृति मंधाना के साथ उनकी पहले विकेट की 12.1 ओवर में 91 रन की साझेदारी से 18.3 ओवर में तीन विकेट पर 121 रन बनाकर आसान जीत दर्ज की।इस साल टी20 महिला विश्व कप बांग्लादेश में ही होना है और इसलिए भारतीय टीम का यह प्रदर्शन काफी महत्वपूर्ण है।
बांग्लादेश की खराब बल्लेबाजी
बांग्लादेश की टीम इससे पहले सलामी बल्लेबाज दिलारा अख्तर (25 गेंद में 39 रन) और कप्तान निगार सुल्ताना (28) की उम्दा पारियों के बावजूद 20 ओवर में आठ विकेट पर 117 रन ही बना सकी।भारत की ओर से राधा यादव ने 22 रन देकर दो विकेट चटकाए। रेणुका सिंह, पूजा वस्त्राकर और श्रेयंका पाटिल को एक-एक विकेट मिला। बांग्लादेश की टीम को दो दिन पहले इसी मैदान पर 119 रन पर सिमटने के बाद बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद थी लेकिन मुर्शीदा खातून (09) के रन आउट होने के बाद उसने नियमित अंतराल पर विकेट गंवाए और टीम एक बार फिर बड़ा स्कोर बनाने में नाकाम रही। मुर्शीदा को दीप्ति शर्मा और विकेटकीपर रिचा घोष ने रन आउट किया।तेज गेंदबाज रेणुका ने इसके बाद दिलारा को विकेट के पीछे रिचा के हाथों कैच कराया।
भारत ने शेफाली-स्मृति के दम पर जीता मैच
लक्ष्य का पीछा करने उतरे भारत को शेफाली और स्मृति ने तूफानी शुरुआत दिलाई। दोनों ने पावर प्ले में बिना विकेट खोए 59 रन जोड़े। स्मृति ने मारूफा अख्तर जबकि शेफाली ने फारिहा त्रिशना पर चौके से खाता खोला।शेफाली ने शोरिफा खातून का स्वागत तीन चौकों के साथ किया जबकि नाहिदा अख्तर पर भी लगातार तीन चौके मारे।
