क्रिकेट

CSK को बदल देना चाहिए अपना कप्तान, पूर्व भारतीय बल्लेबाज ने सुझाया नाम

आईपीएल 2026 में चेन्नई सुपर किंग्स का नया कप्तान कौन होगा। ऐसा इसलिए पूछा जा रहा है क्योंकि कई ऐसे खिलाड़ी मानते हैं कि रुतुराज गायकवाड़ को कप्तानी नहीं करना चाहिए। इसके लिए उन्होंने नाम भी सुझाया है।

Image

रुतुराज गायकवाड़ (साभार-x)

आईपीएल 2026 में 5 बार की चैंपियन टीम चेन्नई सुपर किंग्स 8वें नंबर पर रही थी। रुतुराज गायकवाड़ की कप्तानी में चेन्नई 14 में से केवल 6 मुकाबला जीत पाई थी। लगातार तीसरा सीजन ऐसा रहा जब चेन्नई की टीम प्लेऑफ में नहीं पहुंच पाई। ऐसे में गायकवाड़ की कप्तानी पर सवाल उठने लाजिमी हैं। इसी को लेकर पूर्व भारतीय बल्लेबाज सदगोपन रमेश ने चेन्नई टीम मैनेजमेंट को कप्तान बदलने की सलाह दे डाली। इतना ही नहीं उन्होंने कप्तानी के लिए एक नाम भी सुझाया। सदगोपन रमेश ने कहा 'चेन्नई टीम की कप्तानी में बदलाव होना चाहिए। अगर ऐसा होता है तो संजू सैमसन को इस टीम का कप्तान बनाया जाना चाहिए। उन्होंने कहा संजू एक परफेक्ट टीम प्लेयर हैं।

50 प्रतिशत है सक्सेस रिकॉर्ड

इसके लिए उन्होंने सैमसन के कप्तानी रिकॉर्ड की भी तारीफ की। सैमसन ने राजस्थान रॉयल्स के कप्तान के तौप पर 66 मैच में जिम्मेदारी संभाली है जिसमें से 33 में उन्होंने जीत हासिल की। संजू की कप्तानी में भले ही राजस्थान की टीम ट्रॉफी नहीं जीत पाई हो, लेकिन एक बार फाइनल में जरूर पहुंची है। ऐसे में संजू चेन्नई के कप्तान के तौर पर अच्छे विकल्प हो सकते हैं। आईपीएल 2026 से पहले संजू सीएसके से जुड़ चुके हैं और उन्होंने पहले सीजन में कमाल की बैटिंग भी की थी। संजू को धोनी का उत्तराधिकारी भी माना जा रहा है।

सदगोपन रमेश ऐसा सोचने वाले इकलौते नहीं हैं। सीएसके के पूर्व बल्लेबाज एस बद्रीनाथ का भी यही मानना है। उनके अनुसार गायकवाड़ को कप्तानी नहीं करनी चाहिए। संजू सैमसन को टीम की कमान संभालनी चाहिए। बल्लेबाज के तौर पर सीएसके को उनकी दरकार है, लेकिन कप्तान के तौर पर संजू उनसे बेहतर विकल्प हैं। आईपीएल 2026 में भी बतौर बल्लेबाज गायकवाड़ सफल रहे थे। उन्होंने 28.04 की औसत से 14 मैच में 337 रन बनाए थे। अब आईपीएल 2027 में सीएसके की कमान किसके पास होगी ये तो वक्त बताएगा, लेकिन इतना तय है कि इस पर अंतिम फैसला एमएस धोनी ही लेंगे।

Sameer Thakur
समीर कुमार ठाकुरauthor

समीर कुमार ठाकुर टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की स्पोर्ट्स टीम के सदस्य हैं। करीब 10 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ वे न केवल क्रिकेट, बल्कि हॉकी, फुटबॉल, बैडमिंटन और अन्य प्रमुख खेलों की गहरी समझ रखते हैं। खेलों की बारीकियों को पकड़ने, खिलाड़ियों के प्रदर्शन का विश्लेषण करने और मैच परिस्थितियों को सरल व रोचक अंदाज में समझाने की उनकी क्षमता उन्हें स्पोर्ट्स बीट का एक भरोसेमंद पत्रकार बनाती है। जर्नलिज़्म में डिप्लोमा कर चुके समीर ने टीवी मीडिया में भी काम किया है, जिससे उन्हें लाइव न्यूज प्रेजेंटेशन, ब्रेकिंग अपडेट्स और विजुअल स्टोरीटेलिंग का अनुभव मिला। समीर अब तक 10,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव स्पोर्ट्स इंटरव्यू, ऑन-ग्राउंड रिपोर्टिंग और मैच व सीरीज आधारित विश्लेषण शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article