हैदराबाद: टीम इंडिया के सलामी बल्लेबाज संजू सैमसन ने बुधवार को वेस्टइंडीज के खिलाफ सीरीज के चौथे टी20 मुकाबले में 23 गेंद में 56 रन की आतिशी पारी खेली। जीत के लिए 248 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी टीम इंडिया के लिए पारी की शुरुआत करने उतरे संजू सैमसन ने चौके के साथ शुरुआत की और 20 गेंद में अपना अर्धशतक पूरा कर लिया। उन्होंने अपनी पारी में 6 चौके और 4 छक्के जड़े। इस दौरान सैमसन ने एक व्यक्तिगत उपलब्धि तो हासिल की साथ ही एक ऐतिहासिक छक्का भी जड़ दिया।
भारत के लिए जड़ा दो हजारवां छक्का
संजू सैमसन ने अपनी पारी में तीसरा छक्का तीसरे ओवर की दूसरी गेंद पर जड़ा। यह अंतरराष्ट्रीय टी20 में टीम इंडिया के लिए जड़ा 2 हजारवां छक्का था। टी20आई में भारत के लिए पहला छक्का वीरेंद्र सहवाग ने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ जड़ा था। उसके बाद भारत के लिए सूर्यकुमार यादव एक हजारवां छक्का जड़ने वाले प्लेयर बने थे। अब संजू सैमसन 2 हजारवां छक्का जड़ने वाले प्लेयर बने। टीम इंडिया वेस्टइंडीज के बाद दो हजार छक्कों के आंकड़े को पार करने वाली दूसरी टीम बनी।
छक्कों का शतक जड़ने वाले छठे भारतीय
संजू सैमसन ने अपनी 56 रन की पारी के दौरान अंतरराष्ट्रीय टी20 में छक्कों की शतक भी पूरा कर लिया। सैमसन हैदराबाद में जड़ा सैमसन का दूसरा छक्का उनके टी20आई करियर का 100वां छक्का था। अब उनके खाते में 102 छक्के दर्ज हो गए हैं। सबसे छोटे फॉर्मेट में टीम इंडिया के लिए छक्कों का शतक जड़ने वाले सैमसन छठे भारतीय हैं। भारत के लिए टी20आई में सबसे ज्यादा छक्के जड़ने का रिकॉर्ड रोहित शर्मा के नाम दर्ज है। रोहित ने 205 छक्के जड़े। उनके बाद दूसरे स्थान पर सूर्यकुमार यादव(179), तीसरे पर अभिषेक शर्मा (141*), चौथे पर हार्दिक पांड्या(126) पांचवें स्थान पर विराट कोहली(124) हैं।
