क्रिकेट

फैन ने टूटे फोन से ली सेल्फी तो संजू सैमसन ने हैरान कर देने वाला किया काम

संजू सैमसन ने केरल में अपने होम टाउन में एक ऐसा काम कर दिया जिसने फैंस को हैरान कर दिया। दरअसल, एक क्रिकेट फैन अपने टूटे हुए फोन से संजू के साथ सेल्फी ले रहा था। इस पर संजू सैमसन ने उस फैन को 30 हजार का फोन गिफ्ट कर दिया। इसकी तस्वीरें सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रही हैं।

Image

संजू ने फैन को गिफ्ट किया फोन। फोटो- सोशल मीडिया

चेन्नई सुपर किंग्स में शामिल होने के बाद संजू सैमसन खूब चर्चा में शामिल रहे। इसके बाद टी20 वर्ल्ड कप में दमदार प्रदर्शन कर वाहवाही लूटी। अब वह अपनी खराब फॉर्म की वजह से चर्चा में हैं। लेकिन, इसी बीच उन्होंने एक ऐसा काम कर दिया है कि उनकी चर्चा खूब हो रही है।

केरल में इन दिनों विधानसभा का चुनाव चल रहा है। संजू सैमसन आईपीएल के विजी शेड्यूल से समय निकालकर वह वोटिंग करने अपने होम टाउन पहुंचे। इस दौरान एक रोचक घटना घटी। एक रिपोर्ट के अनुसार, संजू कोझिकोड से कोयंबटूर जा रहा थे और शाम करीब 5:15 बजे फोन पर बात करने के लिए अपनी कार पलक्कड़ में मुंडूर-थूथा रोड पर पुंचप्पडम स्कूल के पास रोकी।

क्रिकेट खेलने जा रहा था फैन

उसी समय, कटमपझिप्पुरम का रहने वाला केबल तकनीशियन शबरीश अपने दोस्त मणिकंदन के साथ मंगलनकुन्नू के पास के मैदान में क्रिकेट खेलने जा रहा था। तभी उन्होंने खड़ी कार के अंदर किसी परिचित व्यक्ति को देखा। उत्सुकतावश, दोनों ने पीछे मुड़कर देखा और पाया कि वह संजू थे। संजू उस वक्त फोन कॉल पर विजी थे। कॉल खत्म होने के बाद, उन्होंने उनसे बातचीत की। उनका हालचाल पूछा और एक फोटो खिंचवाई।

30 हजार का फोन किया गिफ्ट

शबरीश ने अपने फोन से सेल्फी ली, जिसका डिस्प्ले खराब था। यह देखकर संजू ने अपनी कार का पिछला हिस्सा खोला और उन्हें करीब 30,000 रुपये का एक नया स्मार्टफोन उपहार में दिया। थोड़ी बातचीत के बाद, वह अपनी यात्रा पर निकल गए, जिससे शबरीश और उनके दोस्त इस अप्रत्याशित भाव से दंग रह गए। इसके बाद संजू की इस दरदिया दिली की खबरें आम हो गईं। सोशल मीडिया पर तस्वीरें भी खूब वायरल हुई।

नहीं चला है आईपीएल में संजू का बल्ला

दिलचस्प बात यह है कि यह दिल को छू लेने वाला पल ऐसे समय में आया है, जब सैमसन मैदान पर खराब फॉर्म से गुजर रहे हैं। टी20 विश्व कप में भारत को खिताब बचाने में मदद करने के लिए अपने करियर की कुछ बेहतरीन पारियां खेलने के बावजूद, चेन्नई सुपर किंग्स में शामिल होने के बाद से वह उस फॉर्म को आईपीएल में बरकरार रखने के लिए संघर्ष कर रहे हैं। तीन मुकाबले वह खेल चुके हैं लेकिन अभी तक बड़ी पारी खेल नहीं पाए हैं।

Umesh Kumar
उमेश कुमारauthor

उमेश कुमार पत्रकारिता में पिछले 7 वर्षों से सक्रिय हैं। उन्होंने इलाहाबाद विश्वविद्यालय से पत्रकारिता की पढ़ाई की है। करियर की शुरुआत प्रिंट मीडिया से करने के बाद उन्होंने डिजिटल मीडिया में बतौर स्पोर्ट्स राइटर अपनी मजबूत पहचान बनाई। उमेश ने अमर उजाला (प्रिंट), ईटीवी भारत (हैदराबाद), दैनिक भास्कर और दैनिक जागरण जैसे संस्थानों के साथ काम किया है। उमेश ने क्रिकेट की कई बायलेटरल सीरीज, आईपीएल, वर्ल्ड कप, प्रो कबड्डी लीग, फीफा वर्ल्ड कप, हॉकी वर्ल्ड कप और ओलंपिक जैसे बड़े राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। खेलों की गहरी समझ और डेटा-ड्रिवन स्टोरीटेलिंग उनकी लेखनी की खासियत है।

और पढ़ें
End of Article