क्रिकेट

IPL 2026: थाला की टीम के लिए खेलते हुए चमके चेट्टा, बने सीएसके के लिए शतक जड़ने वाले पहले विकेटकीपर

चेन्नई सुपर किंग्स की जर्सी पहनकर खेल रहे विकेटकीपर बल्लेबाज संजू सैमसन का बल्ला आखिरकार चल निकला और उन्होंने दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ शतक जड़कर इतिहास रच दिया और कई रिकॉर्ड अपने नाम कर लिए।

Image

संजू सैमसन (फोटो क्रेडिट IPL/BCCI)

KEY HIGHLIGHTS
  • संजू सैमसन ने खेली 56 गेंद में 115 रन की नाबाद पारी
  • बने चेन्नई सुपर किंग्स के लिए शतक जड़ने वाले पहले विकेटकीपर
  • आईपीएल में तीन टीमों के लिए शतक जड़ने वाले बने दूसरे प्लेयर

Sanju Samson's First Century For CSK: संजू सैमसन का बल्ला चेन्नई सुपर किंग्स के लिए खेलते आखिरकार दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ चल निकला। चेपॉक स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में टॉस हारने के बाद पहले बल्लेबाजी करने उतरी चेन्नई सुपर किंग्स के लिए पारी का आगाज करने संजू सैमसन ने आतिशी बल्लेबाजी करते हुए चेन्नई के लिए पहला अर्धशतक सैमसन ने 26 गेंद में 9 चौके की मदद से पूरा कर लिया। इसके बाद उन्होंने अपनी अर्धशतकीय पारी को शतक में अगली 26 गेंद में तब्दील कर लिया। सैमसन ने 52 गेंद में अपना शतक 14 चौके और तीन छक्के की मदद से पूरा किया।

चेन्नई के लिए शतक जड़ने वाले पहले विकेटकीपर

सैमसन आईपीएल में चेन्नई के लिए शतक जड़ने वाले पहले विकेटकीपर बल्लेबाज बन गए हैं। संजू सैमसन चेन्नई सुपर किंग्स के लिए आईपीएल में शतक जड़ने वाले सातवें बैटर हैं। उनसे पहले माइक हसी, मुरली विजय(2), शेन वॉटसन(2), सुरेश रैना, ब्रेंडन मैकुलम, रुतुराज गायकवाड़ ये कारनामा कर चुके हैं।यह सैमसन का आईपीएल में चौथा शतक है। उन्होंने इससे पहले दो शतक राजस्थान रॉयल्स के लिए और एक दिल्ली कैपिटल्स के लिए खेलते हुए जड़ा था। पारी की शुरुआत करने आए संजू 56 गेंद में 115 रन बनाकर नाबाद रहे। उन्होंने अपनी पारी में 15 चौके और 4 छक्के जड़े।

सीएसके के लिए पहले तीन मैच में बना सके थे 22 रन

चेन्नई सुपर किंग्स के लिए संजू सैमसन का डेब्यू खराब रहा था। राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ वो केवल 6 रन बना सके। इसके बाद पंजाब किंग्स के खिलाफ सैमसन 7 और आरसीबी के खिलाफ 9 रन बना सके। पहले तीन मैच में केवल 22 रन बनाने के बाद संजू सैमसन के ऊपर अच्छे प्रदर्शन का दबाव बढ़ता जा रहा था। ऐसे में उन्होंने चौथे मुकाबले में घरेलू दर्शकों के सामने दिल्ली कैपिटल्स के गेंदबाजों को आड़े हाथ लिया और थाला की टीम के लिए खेलते हुए अपनी पहली बड़ी पारी को शतक में तब्दील कर दिया। यह आईपीएल 2026 में शतक जड़ने वाले पहले बैटर हैं।

तीन टीमों के लिए शतक जड़ने वाले दूसरे बैटर

आईपीएल में तीन टीमों के लिए शतक जड़ने वाले केएल राहुल के बाद दूसरे बैटर बन गए हैं। केएल राहुल ने पंजाब किंग्स, लखनऊ सुपर जायंट्स और दिल्ली कैपिटल्स के लिए शतक जड़े थे। वहीं सैमसम के खाते में दिल्ली कैपिटल्स, राजस्थान रॉयल्स और चेन्नई सुपर किंग्स के लिए शतक दर्ज हो गए हैं।

दो शतक जड़ने वाले पांचवें विकेटकीपर

संजू सैमसन आईपीएल में दो शतक जड़ने वाले पांचवें विकेटकीपर बैटर बन गए हैं। सैमसन से पहले एडम गिलक्रिस्ट, केएल राहुल, क्विंटन डिकॉक और ऋषभ पंत ने 2-2 शतक जड़ चुके हैं। इस क्लब में अब संजू सैमसन का नाम भी दर्ज हो गया है।

आईपीएल में सबसे ज्यादा शतक

आईपीएल में सबसे ज्यादा शतक जड़ने के मामले में संजू सैमसन साझा रूप से शेन वॉटसन, डेविड वॉर्नर और शुभमन गिल के साथ पांचवें पायदान पर पहुंच गए हैं। इन सभी ने आईपीएल में 4-4 शतक जड़े हैं। आईपीएल में सबसे ज्यादा शतक जड़ने वाले प्लेयर्स की सूची में विराट कोहली 8 शतक के साथ पहले स्थान पर हैं। उनके बाद दूसरे पायदान पर 7 शतक के साथ जोस बटलर हैं। तीसरे पायदान पर काबिज क्रिस गेल 6 शतक के साथ हैं। वहीं चौथे स्थान पर 5 शतक के साथ केएल राहुल हैं।

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article