AUS vs SA Test Series: ऑस्ट्रेलिया के कप्तान पैट कमिंस ने अब दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ होने वाली ICC वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप सीरीज पर अपना ध्यान लगाया है। यह सीरीज़ अगले साल होने वाले फाइनल के लिए क्वालीफाई करने वाली टीमों को तय करने में अहम भूमिका निभाएगी। रविवार को मैके में बांग्लादेश के खिलाफ ऑस्ट्रेलिया ने पारी और 51 रन से शानदार जीत हासिल की, जिसमें कमिंस ने छह विकेट लिए। दोनों टीमें पिछली बार भी डब्ल्यूटीसी फाइनल में भिड़ी थीं जहां पहली बार दक्षिण अफ्रीकी टीम ने खिताब उठाया था।
ऑस्ट्रेलियाई टीम के पास अब अक्टूबर में दक्षिण अफ्रीका के तीन टेस्ट मैचों के दौरे पर जाने से पहले तैयारी के लिए कुछ समय है। यह दौरा पिछले साल लॉर्ड्स में हुए वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप फाइनल का रीमैच होगा। साउथ अफ्रीका के खिलाफ यह सीरीज 2027 आईसीसी वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप फाइनल की झलक दिखा सकती है, क्योंकि ऑस्ट्रेलिया और साउथ अफ्रीका अभी स्टैंडिंग में टॉप दो स्थानों पर हैं। अगले साल होने वाले फाइनल में जगह बनाने की होड़ के बीच, कमिंस को मौजूदा चैंपियन के खिलाफ कड़ी टक्कर वाली सीरीज की उम्मीद है।
ICC वेबसाइट के अनुसार, कमिंस ने साउथ अफ्रीका के बारे में कहा, "वे सच में एक मजबूत टीम हैं। कुछ साल पहले ऑस्ट्रेलिया में उनके खिलाफ हमारी एक बड़ी सीरीज हुई थी और हमने शायद उम्मीद से बेहतर प्रदर्शन किया था, बहुत अच्छा खेले थे; और फिर पिछले साल लॉर्ड्स में उन्होंने हमें हराया और हमसे बेहतर खेल दिखाया।"
मौजूदा ऑस्ट्रेलियाई स्क्वाड में केवल छह खिलाड़ी ऐसे हैं जिन्होंने पहले साउथ अफ्रीका में टेस्ट मैच खेला है। कमिंस, मिशेल स्टार्क, जोश हेज़लवुड, नाथन लियोन, स्टीव स्मिथ और मैट रेनशॉ, ये सभी 2018 में ऑस्ट्रेलिया के उस देश के हालिया दौरे का हिस्सा थे।
ऑस्ट्रेलिया तीन मैचों की सीरीज़ के दौरान डरबन, गेबेरहा और केप टाउन में टेस्ट मैच खेलेगा। कमिंस को उम्मीद है कि उन्हें अलग-अलग तरह की परिस्थितियों और अपनी टीम के लिए कड़ी चुनौती का सामना करना पड़ेगा।
कमिंस ने कहा, "ये ऐसी जगहें हैं जहाँ हमने कुछ समय से टेस्ट क्रिकेट नहीं खेला है, इसलिए वहां के हालात हमेशा थोड़े अनजान होते हैं, यहां तक कि डरबन और केप टाउन के बीच भी पिचों का मिजाज काफी अलग हो सकता है। यह बहुत मजेदार होगा। इसीलिए मुझे टेस्ट क्रिकेट खेलना पसंद है। अलग-अलग हालात, अलग-अलग विरोधी टीमें और दुनिया के अलग-अलग हिस्से।"
अक्टूबर में होने वाली उस टेस्ट सीरीज से पहले, ऑस्ट्रेलिया हरारे में जिम्बाब्वे के खिलाफ तीन वनडे मैच खेलेगा। इसके अलावा, वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप सीरीज़ शुरू होने से पहले, सितंबर के आखिर में दक्षिण अफ्रीकी टीम के खिलाफ भी तीन 50-ओवर वाले मैच खेलेगा।
हालांकि 2023 में हुए हालिया ICC पुरुष क्रिकेट वर्ल्ड कप में भारत पर यादगार जीत के बाद से कमिंस ने ऑस्ट्रेलिया के लिए सिर्फ दो वनडे मैच खेले हैं, लेकिन ऑस्ट्रेलियाई कप्तान प्रोटियाज के खिलाफ किसी ना किसी स्टेज पर खेलने की सोच रहे हैं।
कमिंस ने जिम्बाब्वे दौरे को लेकर कहा, "मुझे लगता है कि मैं कम से कम कुछ मैचों में तो ज़रूर खेलूंगा।" कमिंस ने 2027 वर्ल्ड कप को ध्यान में रखते हुए कहा, जिसकी मेज़बानी दक्षिण अफ़्रीका, ज़िम्बाब्वे और नामीबिया मिलकर करेंगे। उन्होंने कहा, "मुझे नहीं पता कि मुझे यह कहना चाहिए या नहीं, लेकिन हमारा फ़ोकस टेस्ट सीरीज़ पर है। इसलिए (आने वाले) कई व्हाइट-बॉल (वनडे/टी20) मैचों में हम रेड-बॉल (टेस्ट) क्रिकेट को ध्यान में रखकर खेलेंगे। मुझे लगता है कि मैं उन छह (वनडे) मैचों में से एक, दो या ज्यादा से ज्यादा तीन मैच खेलूंगा।"
