क्रिकेट

IND vs PAK: कहां हुई चूक, पाकिस्तान कप्तान सलमान अली आगा ने दिया बयान

पाकिस्तान के कप्तान सलमान अली आगा ने बताया कि उनकी टीम कहां मैच में पिछड़ गई। 171 रन बनाकर भी पाकिस्तान को 6 विकेट से हार का सामना करना पड़ा। एशिया कप 2025 में पाकिस्तान की यह अब तक की सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाजी थी, लेकिन टीम इंडिया ने बता दिया कि यह स्कोर उसके लिए काफी नहीं है।

Image

सलमान अली आगा (साभार-AP)

अभिषेक शर्मा के तूफानी अर्धशतक और शुभमन गिल के साथ उनकी शतकीय साझेदारी के दम पर भारत ने पाकिस्तान को 6 विकेट से हराकर जीत का चौका लगा दिया। पाकिस्तान के 172 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए भारत ने अभिषेक (74 रन, 39 गेंद, छह चौके, पांच छक्के) और गिल (47 रन, 28 गेंद, आठ चौके) के बीच पहले विकेट की 105 रन की साझेदारी की बदौलत सात गेंद शेष रहते जीत हासिल कर ली।

इन दोनों के अलावा तिलक वर्मा ने 19 गेंद में दो छक्कों और दो चौकों से नाबाद 30 रन की उम्दा पारी खेली। इस जीत के साथ ही टीम इंडिया ने फाइनल में पहुंचने की अपनी उम्मीदों में जान फूंक दी है। यह टी20 क्रिकेट में पाकिस्तान की 15 मैच में 12वीं हार है। पिछले 6 मुकाबले की बात करें तो भारत का स्कोर 6-0 रहा है। हार के बाद पाकिस्तान के कप्तान सलमान अली आगा ने न केवल अपने बल्लेबाजों की तारीफ की बल्कि ये भी बताया कि उनकी टीम से कहां चूक हो गई।

पावप्ले में छिन गया हमसे मैच

मैच के बाद सलमान अली आगा ने बताया कि यह शानदार मैच था, लेकिन पावरप्ले में उन्होंने हमसे मैच छीन लिया। अगर पीछे मुड़कर देखें तो 10 ओवर के बाद जिस स्थिति में हम थे, वहाँ से हम 10-15 रन और बना सकते थे। 170-180 एक अच्छा स्कोर है, लेकिन पावरप्ले में उन्होंने बहुत अच्छी बल्लेबाज़ी की और वहीं हम मैच से दूर हो गए।

अगले मैच के लिए हमारे लिए बहुत सारी पॉजिटिव बातें भी हैं। जिस तरह फखर ने बल्लेबाज़ी की, फरहान ने बल्लेबाज़ी की और है हारिस ने गेंदबाज़ी की वह अच्छा रहा। अब पाकिस्तान का अगला मुकाबला श्रीलंका से 23 सितंबर को होगा। पाकिस्तान के लिए यह करो या मरो वाला मैच होगा।

(भाषा इनपुट के साथ)

Sameer Thakur
समीर कुमार ठाकुरauthor

समीर कुमार ठाकुर टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की स्पोर्ट्स टीम के सदस्य हैं। करीब 10 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ वे न केवल क्रिकेट, बल्कि हॉकी, फुटबॉल, बैडमिंटन और अन्य प्रमुख खेलों की गहरी समझ रखते हैं। खेलों की बारीकियों को पकड़ने, खिलाड़ियों के प्रदर्शन का विश्लेषण करने और मैच परिस्थितियों को सरल व रोचक अंदाज में समझाने की उनकी क्षमता उन्हें स्पोर्ट्स बीट का एक भरोसेमंद पत्रकार बनाती है। जर्नलिज़्म में डिप्लोमा कर चुके समीर ने टीवी मीडिया में भी काम किया है, जिससे उन्हें लाइव न्यूज प्रेजेंटेशन, ब्रेकिंग अपडेट्स और विजुअल स्टोरीटेलिंग का अनुभव मिला। समीर अब तक 10,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव स्पोर्ट्स इंटरव्यू, ऑन-ग्राउंड रिपोर्टिंग और मैच व सीरीज आधारित विश्लेषण शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article