क्रिकेट

IND vs AUS U-19: साहिल परख ने जड़ा शतक, भारत की अंडर-19 टीम ने ऑस्ट्रेलिया को दी मात

IND vs AUS U-19: भारत की अंडर 19 क्रिकेट टीम का शानदार प्रदर्शन लगातार जारी है। टीम ने ऑस्ट्रेलिया की अंडर-19 टीम के खिलाफ एक और मैच में जीत दर्ज कर ली है। इस जीत के साथ ही टीम ने वनडे सीरीज में कब्जा जमा लिया है।

Image

साहिल पारख (फोटो- X)

IND vs AUS U-19: सलामी बल्लेबाज साहिल परख के आक्रामक नाबाद शतक की मदद से भारत अंडर-19 टीम ने सोमवार को यहां ऑस्ट्रेलिया को नौ विकेट से हराकर तीन युवा एकदिवसीय मैचों की श्रृंखला में 2-0 की बढ़त बना ली।साहिल ने 75 गेंद में 14 चौकों और पांच छक्कों से नाबाद 109 रन की पारी खेली जिसकी बदौलत भारतीय टीम ने 177 रन के लक्ष्य को सिर्फ 22 ओवर में हासिल कर लिया।भारत ने शनिवार को पहला मैच सात विकेट से जीता था।

रुद्र पटेल के जल्द पवेलियन लौटने के बाद मुंबई के 19 साल के साहिल ने अभिज्ञान कुंडू के साथ 153 रन की साझेदारी करके मेजबान टीम को लक्ष्य तक पहुंचाया।इससे पहले तेज गेंदबाज समर्थ नागराज के अलावा लेग स्पिनर मोहम्मद इनान और ऑफ स्पिनर किरण चोरमाले ने भी दो-दो विकेट चटकाए जिससे ऑस्ट्रेलिया की टीम 49.3 ओवर में 176 रन पर सिमट गई।

ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाज रहे फेल

ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाज अच्छी शुरुआत को बड़ी पारी में बदलने में नाकाम रहे।मेहमान टीम के लिए मध्य क्रम के बल्लेबाज एडिसन शेरिफ ने 61 गेंद में दो चौकों की मदद से सर्वाधिक 39 रन बनाए।तीन मैचों की श्रृंखला का तीसरा और अंतिम मैच यहां बृहस्पतिवार को खेला जाएगा। इसके बाद चेन्नई में 30 सितंबर से दो अनौपचारिक टेस्ट की श्रृंखला होगी।

(भाषा)

SIddharth Sharma
SIddharth Sharma author

सिद्धार्थ शर्मा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के स्पोर्ट्स डेस्क से जुड़े हैं। सिद्धार्थ को बचपन से ही खेलों, खासकर क्रिकेट में गहरी रुचि रही है और इसी जुनून ने उन्हें स्पोर्ट्स जर्नलिज्म की ओर खींचा। वह खिलाड़ियों के रिकॉर्ड्स और स्पोर्ट्स एनालिसिस पर मजबूत पकड़ रखते हैं। अबतक 4,000 से अधिक आर्टिकल लिख चुके सिद्धार्थ अपनी स्टोरीज को सरल, सटीक और रोचक अंदाज में प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। उनकी प्राथमिकता हमेशा यही रहती है कि पाठकों तक तेजी से, सही समय पर और विश्वसनीय स्पोर्ट्स अपडेट्स पहुंचें।

और पढ़ें
End of Article