क्रिकेट

सचिन तेंदुलकर ने अर्जेंटीना की विश्व कप जीत पर लिखा खास संदेश, मेस्सी के साथ इस खिलाड़ी को किया सलाम

  • Authored by: शिवम अवस्थी
  • Updated Dec 19, 2022, 11:39 AM IST

Sachin Tendulkar tweet on Argentina win: अर्जेंटीना फुटबॉल टीम द्वारा फीफा विश्व कप 2022 का खिताब जीतने की खुशी भारत के महान पूर्व क्रिकेटर सचिन तेंदुलकर को भी है। फ्रांस के खिलाफ विश्व कप फाइनल में अर्जेंटीना की जीत के बाद सचिन तेंदुलकर ने अर्जेंटीना और लियोनेल मेस्सी को लेकर एक खास ट्वीट किया।

Image

सचिन तेंदुलकर ने लियोनेल मेस्सी को बधाई दी (Twitter/AP)

अर्जेंटीना ने अपने स्टार कप्तान लियोनेल मेस्सी (Lionel Messi) की अगुवाई में रविवार को वो कमाल कर दिखाया जिसका इंतजार उनका देश पिछले 36 सालों से कर रहा था। फ्रांस के खिलाफ खेले गए फीफा विश्व कप 2022 (FIFA World Cup 2022) के फाइनल मैच में कतर के लुसैल स्टेडियम में अर्जेंटीना ने पेनल्टी शूटआउट में फ्रेंच टीम को करारी शिकस्त दी और रोमांचक टक्कर के बाद तीसरा फीफा विश्व कप खिताब अपने नाम किया। इस जीत के बाद महान पूर्व भारतीय क्रिकेटर सचिन तेंदुलकर (Sachin Tendulkar) ने भी ट्वीट करके बधाई दी।

सचिन तेंदुलकर ने अर्जेंटीना की जीत के बाद एक खास ट्वीट में ना सिर्फ अर्जेंटीना और लियोनेल मेस्सी को जीत की बधाई दी बल्कि अर्जेंटीना के एक अन्य खिलाड़ी को भी बधाई दी जिनके बिना शायद मेस्सी का सपना पूरा नहीं हो पाता। ये खिलाड़ी हैं अर्जेंटीना के गोलकीपर इमिलियानो मार्टिनेज जिन्होंने एक्स्ट्रा टाइम के अंतिम क्षणों में एक शानदार सेव करके फ्रांस को बढ़त लेने से रोका बल्कि पेनल्टी शूटआउट में भी गजब का प्रदर्शन करते हुए अपनी टीम के हाथ ट्रॉफी तक पहुंचाए।

मास्टर ब्लास्टर सचिन तेंदुलकर ने अपने ट्वीट में लिखा, "मेस्सी के लिए ये कमाल करने पर अर्जेंटीना को बहुत-बहुत बधाई। जिस तरह से उनके अभियान की शुरुआत हुई थी (सउदी अरब के खिलाफ हार), वहां से जोरदार वापसी।" इसके अलावा सचिन ने गोलकीपर मार्टिनेज के लिए लिखा, "एक्स्ट्रा टाइम के अंतिम पलों में शानदार सेव करने के लिए मार्टिनेज के लिए भी खास शब्द। वो एक साफ इशारा था कि अर्जेंटीना ये जीतकर रहेगी।"

सचिन तेंदुलकर के अलावा कई अन्य पूर्व व मौजूदा क्रिकेटरों ने भी अर्जेंटीना फुटबॉल टीम और लियोनेल मेस्सी को इस ऐतिहासिक सफलता के लिए बधाई दी है। युवराज सिंह (Yuvraj Singh) को तो 2011 की विश्व कप क्रिकेट जीत याद आ गई जिसके बारे में उन्होंने अपने ट्वीट में भी लिखा। ये हैं कुछ क्रिकेटर्स के ट्वीट..

गौरतलब है कि अर्जेंटीना ने 36 साल का सूखा खत्म किया है और इसका जश्न उनके देश सहित पूरी दुनिया में मौजूद उनके करोड़ों फैंस मना रहे हैं। अर्जेंटीना ने इससे पहले 1978 और 1986 में फीफा विश्व कप का खिताब जीता था।

शिवम अवस्थी
शिवम अवस्थीauthor

शिवम् अवस्थी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में स्पोर्ट्स डेस्क के इंचार्ज हैं। इनको खेल पत्रकारिता में तकरीबन 17 सालों का अनुभव है। इनको क्रिकेट, फुटबॉल और टेनिस में खास रुचि है। उन्हें खेलना भी पसंद है और वो देहरादून में फुटबॉल व क्रिकेट इंटर डिस्ट्रिक्ट चैंपियनशिप में विजेता टीम के कप्तान भी रहे। पत्रकारिता में कदम रखने के कुछ समय बाद कॉमनवेल्थ गेम्स 2010 का संपूर्ण फील्ड कवरेज किया और कई ब्रेकिंग न्यूज दी। कई चर्चित भारतीय एथलीटों के इंटरव्यू लिए हैं। 2011 वनडे क्रिकेट वर्ल्ड कप का ऑनफील्ड रहकर शहर-शहर घूमते हुए पूरा टीवी कवरेज किया। विश्व कप से पहले युवा विराट कोहली का इंटरव्यू किया। डिजिटल जैसे-जैसे आगे बढ़ा उन्हें ब्रेट ली, सुनील गावस्कर, राहुल द्रविड़, जैसे तमाम धुरंधरों के साक्षात्कार किए और 16 वर्षीय ऋषभ पंत का पहला डिजिटल इंटरव्यू किया जिसे इंग्लिश और हिंदी वेबसाइट पर काफी रीडरशिप मिली। उन्होंने स्पोर्ट्स मल्टी पॉडकास्ट भी किया। आईपीएल के 18 सीजन से ऑनफील्ड जुड़े रहे। अब तक तकरीबन 6000 से ज्यादा एक्सक्लूसिव स्टोरीज लिख चुके हैं। साल 2025 में खेल जगत के तमाम बड़े रिकॉर्ड्स व आंकड़ों को ट्रैक किया है और उन पर आर्टिकल तैयार किए हैं।

और पढ़ें
End of Article