जोहान्ससबर्ग: सनराइजर्स ईस्टर्न केप के कप्तान ट्रिस्टन स्टब्स ने कहा कि गत चैम्पियन टीम को अपना दबदबा बरकरार रखने के लिये एसए20 के नये सत्र की शानदार शुरुआत करनी होगी। सनराइजर्स ईस्टर्न केप तीन बार की चैम्पियन है और एक बार उपविजेता रही है। पांच सीजन में चार बार फाइनल में पहुंची है। स्टब्स ने एसए20 से कहा, 'हमें पहले ही दिन से आक्रामक प्रदर्शन करना होगा।' सनराइजर्स को पहले मैच में प्रिटोरिया कैपिटल्स से खेलना है।
पांचवें सीजन के शेड्यूल का हो गया है ऐलान
क्रिकेट साउथ अफ्रीका (CSA) द्वारा आयोजित की जाने वाली इस प्रमुख टी20 लीग का आधिकारिक कार्यक्रम घोषित कर दिया गया है, जिसमें कुल छह टीमें खिताब के लिए भिड़ेंगी। एसए20 का पांचवां सत्र 17 जनवरी से 21 फरवरी तक चलेगा। गबेरहा में 17 जनवरी को होने वाले पहले मैच से पूर्व स्थानीय सितारे स्टब्स ने उम्मीद जताई कि दर्शक बड़ी तादाद में मैच देखने आयेंगे। उन्होंने कहा,'मुझे पता है कि लोग उस समय खेल देखने को बेचैन होंगे और आसपास के शहरों से भी आयेंगे । सभी आरेंज जर्सी में होंगे । उम्मीद है कि मौसम भी अच्छा रहेगा और स्टेडियम खचाखच भरे रहेंगे।'
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: रविचंद्रन अश्विन ने बताया किस टीम से और किस कीमत पर जुड़ेंगे हार्दिक पांड्या?
7 अक्टूबर को होगी मिनी ऑक्शन
आगामी सीजन के लिए खिलाड़ियों की नीलामी 7 अक्टूबर 2026 को आयोजित की जाएगी। मिनी ऑक्शन से पहले सभी टीमों ने रिटेन और प्री-साइन खिलाड़ियों के नाम का ऐलान कर दिया है। जोबर्स सुपर किंग्स और एमआई केपटाउन टीम में 6-6 खिलाड़ियों के लिए जगह खाली है। प्रिटोरिया कैपिटल्स में 5 और सनराइजर्स ईस्टर्न केप में दो खिलाड़ियों की जगह खाली है। डरबन सुपर जायंट्स और पॉल रॉयल्स की टीम ने नीलामी से पहले ही टीम बना ली है। दोनों में कोई जगह खाली नहीं है।
