Bhai Dooj 2026 Tilk Time: दीपावली के बाद भाई-बहन के रिश्ते को समर्पित भाई दूज का त्योहार आता है। यह दिन सिर्फ तिलक लगाने और मिठाई खिलाने तक सीमित नहीं है। इसके साथ बहन की दुआएं, भाई का प्यार और बचपन की कई खूबसूरत यादें जुड़ी होती हैं। इस दिन बहनें अपने भाइयों के माथे पर तिलक लगाकर उनकी लंबी उम्र और खुशहाल जीवन की कामना करती हैं। साल 2026 में भाई दूज की तारीख को लेकर भी लोगों के मन में सवाल है। दरअसल, द्वितीया तिथि दो दिन तक रहने वाली है। ऐसे में आइए जानते हैं कि इस साल भाई दूज कौन से दिन मनाई जाएगी और भाई को तिलक लगाने का सबसे शुभ मुहूर्क क्या रहेगा?
भाई दूज 2026 कब है?
हिंदू पंचांग के अनुसार, भाई दूज का त्योहार कार्तिक महीने के शुक्ल पक्ष की द्वितीया तिथि को मनाया जाता है। इसे यम द्वितीया भी कहा जाता है। साल 2026 में भाई दूज बुधवार, 11 नवंबर को मनाई जाएगी। इस बार द्वितीया तिथि 10 नवंबर को दोपहर से शुरू होकर 11 नवंबर की दोपहर तक रहेगी। लेकिन भाई दूज की पूजा के लिए अपराह्न काल का विशेष महत्व है। 11 नवंबर को अपराह्न के समय द्वितीया तिथि रहने के कारण इसी दिन भाई दूज मनाना शुभ रहेगा।
भाई दूज 2026 तिलक लगाने का शुभ मुहूर्त
भाई दूज पर बहनें शुभ मुहूर्त में भाई को तिलक लगाती हैं। इस दिन दोपहर का समय यानी अपराह्न काल तिलक की रस्म के लिए विशेष माना जाता है।
- भाई दूज की तारीख: 11 नवंबर 2026, बुधवार
- तिलक लगाने का शुभ मुहूर्त: दोपहर 1 बजकर 10 मिनट से 3 बजकर 20 मिनट तक
- मुहूर्त की कुल अवधि: 2 घंटे 10 मिनट
- द्वितीया तिथि शुरू: 10 नवंबर, दोपहर 2 बजे
- द्वितीया तिथि समाप्त: 11 नवंबर, दोपहर 3 बजकर 53 मिनट
भाई दूज तिलक करने की विधि
भाई दूज के दिन सुबह स्नान करके साफ कपड़े पहनें। इसके बाद पूजा की तैयारी करें। एक थाली में रोली, अक्षत, फूल, मिठाई, दीपक और कलावा रखें। शुभ मुहूर्त में भाई को साफ आसन पर बैठाएं। इसके बाद उनके माथे पर रोली और अक्षत से तिलक लगाएं। उनकी आरती उतारें और मिठाई खिलाएं। बहनें इस दौरान भाई की लंबी उम्र, अच्छी सेहत और तरक्की की कामना करती हैं।
इसके बाद भाई अपनी बहन को उपहार देते हैं और उसकी खुशहाली की कामना करते हैं। कई घरों में इस दिन भाई अपनी बहन के हाथों से भोजन भी करते हैं।
भाई दूज की पौराणिक कथा
भाई दूज से जुड़ी एक पौराणिक कथा यमराज और उनकी बहन यमुना की है। मान्यता है कि कार्तिक शुक्ल द्वितीया के दिन यमुना ने अपने भाई यमराज को घर बुलाया था। उन्होंने उनका स्वागत किया, माथे पर तिलक लगाया और प्रेम से भोजन कराया। बहन के इस स्नेह से प्रसन्न होकर यमराज ने उन्हें वरदान दिया कि इस दिन जो भाई अपनी बहन के घर जाकर उससे तिलक करवाएगा, उसे अकाल मृत्यु का भय नहीं रहेगा। तभी से भाई दूज पर बहन के हाथों तिलक करवाने की परंपरा चली आ रही है। यही वजह है कि भाई दूज को सिर्फ एक त्योहार नहीं, बल्कि भाई-बहन के प्यार, विश्वास और एक-दूसरे के प्रति जिम्मेदारी का प्रतीक माना जाता है।
