चेन्नई: आईपीएल 2026 के बाद से ही हार्दिक पांड्या के मुंबई इंडियन्स का साथ छोड़कर अन्य टीम के साथ जुड़ने के अटकलें लगातार लग रही हैं। कुछ लोगों का मानना है कि वो चेन्नई सुपर किंग्स के साथ जुड़ सकते हैं, वहीं अन्य को लगता है कि हार्दिक लखनऊ सुपर जायंट्स या कोलकाता नाइट राइडर्स का दामन थाम सकते हैं। ऐसे में टीम इंडिया के पूर्व धाकड़ गेंदबाज रविचंद्रन अश्विन ने बताया है कि 32 वर्षीय हार्दिक किस टीम के साथ और किस कीमत पर जुड़ सकते हैं।
बदलाव के लिए बेताब हैं सीएसके और केकेआर
हार्दिक पांड्या साल 2024 में मुंबई इंडियन्स के साथ ट्रेड के जरिए जुड़े थे। गुजरात टाइटन्स को लगातार दो बार फाइनल में पहुंचाने और एक बार चैंपियन बनाने के बाद हार्दिक की मुंबई में वापसी हुई और वो टीम के कप्तान बने थे। उनकी कप्तानी में पांच बार की चैंपियन मुंबई इंडियन्स का हाल बेहाल हो गया। साल 2020 के बाद से मुंबई खिताबी जीत हासिल नहीं कर सकी है। ऐसे में अश्विन ने संभावित ट्रेड डील पर बात करते हुए कहा, सीएसके या केकेआर के अलावा कोई और टीम हार्दिक को लेने की कोशिश नहीं करेगी, क्योंकि ये दोनों टीमें अपनी टीम में बड़े बदलाव के लिए बेताब हैं। जहां सुपर किंग्स ने हाल ही में 17 साल तक हेड कोच रहे स्टीफन फ्लेमिंग के जाने की घोषणा की है, वहीं केकेआर पिछले सीज़न के कप्तान अजिंक्य रहाणे के रिटायरमेंट के बाद नई दिशा में आगे बढ़ेगी।
रिंकू और हर्षित के बदले केकेआर में शामिल हो सकते हैं हार्दिक
अश्विन ने कहा कि मुंबई इंडियन्स केकेआर के साथ स्वैप डील तब कर सकती है जब उन्हें बदले में तेज गेंदबाज हर्षित राणा और रिंकू सिंह मिलें। हार्दिक के सीएसके या केकेआर के अलावा किसी दूसरी फ़्रैंचाइज़ी में जाने की संभावना को नकारा नहीं जा सकता। चर्चा यह भी है कि चेन्नई हार्दिक के बदले शिवम दुबे और एक तेज गेंदबाज देगी। वहीं केकेआर कैमरन ग्रीन को देगी। उन्होंने यह भी कहा कि अगर ग्रीन अगले साल एशेज पर ध्यान रखने का फैसला करते हैं तो क्या होगा? अश्विन ने कहा, अगर मैं एमआई की जगह होता, तो मैं केकेआर के साथ डील सिर्फ एक शर्त पर स्वीकार करता और वो शर्त है बदले में हर्षित राणा और रिंकू सिंह मिलना। यही एकमात्र तरीका है जिससे मुंबई इंडियन्स मजबूत हो सकती है।'
मुंबई की टीम ट्रेड से पहले जोड़ेगी पूरा गणित
अश्विन ने आगे कहा,मुंबई की टीम यह भी सोचेगी कि हार्दिक के ट्रेड से चेन्नई और कोलकाता में से कौन सी टीम ज्यादा मजबूत होगी। अगर सीएसके हार्दिक को पाने के लिए दुबे और एक भारतीय तेज गेंदबाज देती है, तो वे मजबूत तो होंगे लेकिन अजेय नहीं। लेकिन केकेआर के साथ हार्दिक जुड़ते हैं तो वे अचानक बहुत मजबूत दिखने लगेंगे। हार्दिक के साथ केकेआर की बल्लेबाजी लाइनअप बहुत खतरनाक हो जाएगी। ये दोनों ऐसी टीमें हैं जिनके पास क्रमशः पांच और तीन खिताब हैं, इसलिए मुंबई को सोचना होगा कि वे कैसे सुनिश्चित करें कि इनमें से कोई टीम उनसे आगे न निकल जाए।'IPL 2026 के खत्म होने के बाद से हार्दिक मैदान से दूर हैं। 18वें सीजन में हार्दिक ने खेले 10 मैच में 206 रन बनाए और चार विकेट लिए। वहीं मुंबई इंडियन्स की टीम अंक तालिका में नौवें पायदान पर रही।
