क्रिकेट

साउथ अफ्रीका टी20 लीग ने पूरे किए 5 साल, सभी 6 फ्रेंचाइजी ने मिलकर मनाया जश्न

SA20 League: SA20 की शुरुआत 10 जनवरी 2023 को केपटाउन के न्यूलैंड्स स्टेडियम में हुई थी। तब किसी ने नहीं सोचा था कि सिर्फ 4 साल में ये लीग दुनिया की सबसे तेजी से बढ़ती टी20 लीग बन जाएगी।

Image

साउथ अफ्रीका टी20 लीग (फोटो साभार- sa20_league)

SA20 League: साउथ अफ्रीका की सबसे बड़ी टी20 लीग SA20 ने रविवार को अपने सफर के 5 साल पूरे कर लिए। इस खास मौके पर लीग की सभी 6 फ्रेंचाइजी, खिलाड़ी, पार्टनर्स और स्टेकहोल्डर्स ने एक साथ जश्न मनाया। लीग कमिश्नर और साउथ अफ्रीका के पूर्व कप्तान ग्रीम स्मिथ ने इस माइलस्टोन को गर्व का पल बताया। SA20 की शुरुआत 10 जनवरी 2023 को केपटाउन के न्यूलैंड्स स्टेडियम में हुई थी, जब पहला बॉल सोल्ड-आउट क्राउड के सामने फेंका गया था। तब किसी ने नहीं सोचा था कि सिर्फ 4 साल में ये लीग दुनिया की सबसे तेजी से बढ़ती टी20 लीग बन जाएगी।

आंकड़े कहते हैं सफलता की कहानी

आंकड़े खुद इसकी सफलता की कहानी कहते हैं। 4 सीजन में 1.6 मिलियन से ज्यादा टिकट बिके हैं, 500 मिलियन से ज्यादा लोगों ने टीवी पर इसे देखा है और सोशल मीडिया पर 4 मिलियन फॉलोअर्स जुड़ चुके हैं। इस सेलिब्रेशन में ग्रीम स्मिथ ने सभी का शुक्रिया अदा किया। उन्होंने कहा, "5 साल तक पहुंचना अकेले हमारा काम नहीं है। ये 6 फ्रेंचाइजी के भरोसे से बना है, जिन्होंने पहले दिन से इस सपने को सपोर्ट किया। उन खिलाड़ियों का भी योगदान है जिन्होंने कुछ नया करने का रिस्क लिया। पार्टनर्स ने तब भरोसा दिखाया जब ये सिर्फ एक आइडिया था और फैंस ने हर सीजन स्टेडियम भरकर इसे अपनी लीग बना दिया।"

सनराइजर्स का दबदबा

पिछले 4 सीजन में सिर्फ दो ही टीम चैंपियन बनी हैं। सनराइजर्स ईस्टर्न केप ने लीग पर राज किया है। उन्होंने 2023 में पहला खिताब जीता, 2024 में उसे डिफेंड किया और 2026 में तीसरी बार ट्रॉफी उठाई। बीच में 2025 में MI केप टाउन ने उनका विजय रथ रोका और अपना पहला टाइटल जीता। अब निगाहें सीजन 5 पर हैं। सीजन 5 में एक बार फिर बड़े नाम नजर आएंगे। साउथ अफ्रीका से डेविड मिलर, कगिसो रबाडा, एडन मार्करम, लुंगी एनगिडी और रयान रिकेल्टन खेलेंगे। विदेशी स्टार्स में जोस बटलर, सुनील नरेन, अफगानिस्तान के राशिद खान, फिल सॉल्ट और मिचेल मार्श जैसे धुरंधर होंगे। स्मिथ का मानना है कि लोकल टैलेंट और इंटरनेशनल स्टार्स का यही मिक्स SA20 को खास बनाता है और युवा खिलाड़ियों को वर्ल्ड-क्लास खिलाड़ियों के साथ खेलने का मौका देता है।

ऑक्शन और नए सीजन का ऐलान

SA20 के सीजन 5 की तैयारी शुरू हो गई है। 7 अक्टूबर को जोहान्सबर्ग में प्लेयर ऑक्शन होगा। 4 टीमों में कुल 19 जगह खाली हैं और 2.10 मिलियन डॉलर का पर्स बचा है। डरबन सुपर जायंट्स और पार्ल रॉयल्स ने अपनी 19-19 खिलाड़ियों की टीम पहले ही पूरी कर ली है, इसलिए वे ऑक्शन में नहीं आएंगी। लीग का 5वां सीजन 17 जनवरी 2027 से शुरू होगा। पहला मैच गकेबरहा के सेंट जॉर्ज पार्क में डिफेंडिंग चैंपियन सनराइजर्स ईस्टर्न केप और प्रिटोरिया कैपिटल्स के बीच होगा, जो पिछले साल के फाइनल का रीमैच है। फैंस के लिए टिकटों की बिक्री 5 नवंबर 2026 से SA20 की वेबसाइट और 6 स्टेडियमों पर शुरू होगी।

Aditya Sahu
आदित्य साहूauthor

आदित्य साहू टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में स्पोर्ट्स और ट्रेडिंग कंटेंट लिखतें हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स की डिग्री हासिल करने के बाद वह पिछले 10 सालों से मीडिया में सक्रिय हैं। स्पोर्ट्स इवेंट की रियल टाइम कवरेज, डाटा टॉपिक्स और अनोखे कंटेंट आइडियाज को आकर्षक और एंगेजिंग तरीके से प्रस्तुत करना आदित्य की खासियत है। उनकी कॉपी राइटिंग और इंटरेस्टिंग हेडलाइन बनाने की क्षमता उन्हें डिजिटल दुनिया में अलग पहचान देती है। 15,000 से अधिक बायलाइन स्टोरी पब्लिश कर चुके आदित्य का लक्ष्य हर खबर को यूनिक एंगल और स्टोरीटेलिंग के रोचक अंदाज में पेश करना है।

और पढ़ें
End of Article