क्रिकेट

केरल क्रिकेट संघ ने की एस श्रीसंत के मैच फिक्सिंग के बहाने से आलोचना, कहा-नहीं हुए हैं आरोपों से बरी

केरल क्रिकेट संघ ने संजू सैमसन का समर्थन करने वाले टीम इंडिया के पूर्व क्रिकेटर एस श्रीसंथ की फिक्सिंग के बहाने आलोचना की है और उन्हें कारण बताओ नोटिस जारी किया है।

Image

एस श्रीसंथ (साभार BCCI)

तिरुवनंतपुरम: भारतीय क्रिकेटर संजू सैमसन के समर्थन में एस श्रीसंत की टिप्पणी से कथित तौर पर नाराज केरल क्रिकेट संघ (केसीए) ने इस पूर्व भारतीय तेज गेंदबाज पर राज्य की क्रिकेट संचालन संस्था के खिलाफ गलत और अपमानजनक बयान देने का आरोप लगाया है। केसीए ने हाल ही में एक मलयालम टीवी चैनल पर पैनल चर्चा के दौरान राज्य क्रिकेट निकाय और सैमसन से जुड़े मामले टिप्पणी की थी। जिसके बाद भारतीय टीम के साथ दो बार विश्व कप जीतने वाले श्रीसंत को कारण बताओ नोटिस जारी किया है।

केसीए ने जारी किया श्रीसंत को कारण बताओ नोटिस

केसीए ने शुक्रवार को जारी बयान में कहा कि श्रीसंत को जारी कारण बताओ नोटिस का सैमसन मामले से कुछ लेना देना नहीं है। उन्हें यह नोटिस इस संघ के खिलाफ भ्रामक और अपमानजनक टिप्पणियों के लिए भेजा गया है। श्रीसंत ने टीवी चर्चा के दौरान कथित तौर पर सैमसन को अपना समर्थन देने का वादा किया। उन्होंने सैमसन को राज्य की टीम में नहीं चुने जाने को लेकर केसीए को कटघरे में खड़ा करते हुए उनकी और केरल के अन्य खिलाड़ियों की रक्षा करने की कसम खाई।

सैमसन को विजय हजारे ट्रॉफी की टीम से बाहर करना बना मुद्दा

श्रीसंत ने यह टिप्पणी उस समय की जब राज्य क्रिकेट बोर्ड भारतीय टी20 टीम के विकेटकीपर को विजय हजारे ट्रॉफी के लिए केरल टीम से बाहर करने पर आलोचना का सामना कर रहा है। ऐसा माना जा रहा है कि इससे भारत की चैंपियंस ट्रॉफी टीम के लिए चुने जाने की उनकी संभावना प्रभावित हुई है। केसीए ने यह भी कहा कि पूर्व तेज गेंदबाज को अभी तक मैच फिक्सिंग मामले से बरी नहीं किया गया है।

बुरे दौर में संघ ने दिया था श्रीसंत का साथ

केसीए ने कहा कि श्रीसंत केरल क्रिकेट लीग फ्रेंचाइजी के सह-मालिक है और केसीए के खिलाफ अपमानजनक टिप्पणी इससे जुड़े अनुबंध का उल्लंघन है। बयान में कहा गया,'केरल क्रिकेट संघ हमेशा अपने खिलाड़ियों के साथ खड़ा रहा है।' राज्य क्रिकेट बोर्ड ने कहा कि उसने मैच फिक्सिंग के आरोपों का सामना करने वाले श्रीसंत को पूरा समर्थन दिया था। बयान के मुताबिक,'श्रीसंत की तरह किसी को केरल के खिलाड़ियों को बचाने की जरूरत नहीं है।'

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article