क्रिकेट

मुंबई इंडियंस के रेयान रिकेलटन ने अश्विनी कुमार की बॉलिंग स्पीड पर किया खुलासा

Ryan Rickelton On Ashwani Kumar: आईपीएल 2025 के मैच में कोलकाता के खिलाफ अर्धशतकीय पारी खेलने वाले मुंबई इंडियंस के ओपनर रियान रिकेलटन ने इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के अपने पदार्पण मैच में चार विकेट लेने वाले पहले भारतीय गेंदबाज बने टीम के साथी अश्वनी कुमार की तारीफ करते हुए कहा कि उनकी गेंद लोग जितना समझते हैं, उससे कहीं ज्यादा तेज गति से आती है।

Image

रेयान रिकेलटन ने अश्विनी कुमार की बॉलिंग स्पीड पर खुलासा किया (IPLT20/BCCI)

KEY HIGHLIGHTS
  • आईपीएल 2025
  • रेयान रिकेलटन ने किया खुलासा
  • अश्विनी कुमार की रफ्तार पर कही बड़ी बात

मुंबई इंडियंस के आक्रामक सलामी बल्लेबाज रियान रिकेलटन (Ryan Rickelton) ने इंडियन प्रीमियर लीग (IPL 2025) के अपने पदार्पण मैच में चार विकेट लेने वाले पहले भारतीय गेंदबाज बने टीम के साथी अश्वनी कुमार (Ashwani Kumar) की तारीफ करते हुए कहा कि उनकी गेंद ‘लोग जितना समझते हैं, उससे कहीं ज्यादा तेज गति से आती है।’

पंजाब के वामहस्त तेज गेंदबाज ने सोमवार को कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) के खिलाफ तीन ओवर में 24 रन पर चार विकेट लेकर स्वप्निल पदार्पण किया। उनकी शानदार गेंदबाजी से मुंबई ने केकेआर को 16.2 ओवर में 116 रन पर आउट करने के बाद आठ विकेट से आसान जीत दर्ज की। सत्र की पहली जीत के साथ ही मुंबई की टीम तालिका में छठे स्थान पर पहुंच गयी।

रिकेल्टन ने वानखेड़े स्टेडियम में मैच के बाद मीडिया से कहा, "उसकी गेंदबाजी लोग जितना समझते हैं, उससे कहीं ज्यादा तेज हैं। यह उनकी एक बड़ी खूबी है। वह नयी गेंद को स्विंग करने में सक्षम है।" दक्षिण अफ्रीका के इस विकेटकीपर बल्लेबाज ने कहा, ‘‘आप जितना सोचते हैं, उससे कहीं ज्यादा तेज हैं और उसकी गेंद थोड़ी नीचे भी रहती है। वह निश्चित रूप से इस टीम में बेहतरीन खिलाड़ी हैं और यहां की पिच उसके अनुकूल है।"

रिकेलटन ने कहा, "मैं उसे नयी गेंद से गेंदबाजी करते देखना चाहता हूं ताकि वह अपने अन्य कौशल दिखा सके। वह मुंबई इंडियंस के लिए एक अच्छी खोज हैं और मैं वास्तव में यह देखने के लिए उत्सुक हूं कि वह कैसा प्रदर्शन करता है।" केकेआर के रमनदीप सिंह ने भी अश्वनी को ‘प्रतिभाशाली क्रिकेटर’ करार दिया। पंजाब के रमनदीप और अश्विनी एक ही अकादमी में प्रशिक्षण लेते हैं।

उन्होंने कहा, "अश्वनी बहुत प्रतिभाशाली क्रिकेटर हैं, वह पंजाब से हैं। आईपीएल की पहचान नये क्रिकेटरों को प्रतिभा दिखाने का मौका देने का है और आप उनकी प्रतिभा देख सकते हैं।" रिकेलटन ने कहा कि उनके लिए मुंबई इंडियंस के लिए पहला अर्धशतक बनाना बहुत बड़ी राहत थी।

इस खब्बू विकेटकीपर बल्लेबाज ने 41 गेंदों पर पांच छक्कों और चार चौकों की मदद से नाबाद 62 रन बनाए जिससे मुंबई ने 43 गेंद शेष रहते ही आसान जीत दर्ज की।

उन्होंने कहा, "ईमानदारी से कहूं तो यह बहुत बड़ी राहत थी। पहले दो मैच मुश्किल पिचों पर थे। मुंबई में यहां स्पेंसर (जॉनसन) ने मुझे थोड़ा परेशान किया। उस चुनौती से निपट कर स्कोर करना वाकई बहुत खुशी की बात है। सबसे ज्यादा खुशी इस बात की है कि टीम को इस जीत से दो अंक मिले।"

रिकेलटन ने इससे पहले एसए20 प्रतियोगिता में इसी फ्रेंचाइजी की टीम एमआई केप टाउन का प्रतिनिधित्व किया है। उन्होंने कहा कि इससे उन्हें फ्रेंचाइजी को समझने का अच्छा अनुभव मिला।

Shivam Awasthi
शिवम अवस्थीauthor

शिवम् अवस्थी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में स्पोर्ट्स डेस्क के इंचार्ज हैं। इनको खेल पत्रकारिता में तकरीबन 17 सालों का अनुभव है। इनको क्रिकेट, फुटबॉल और टेनिस में खास रुचि है। उन्हें खेलना भी पसंद है और वो देहरादून में फुटबॉल व क्रिकेट इंटर डिस्ट्रिक्ट चैंपियनशिप में विजेता टीम के कप्तान भी रहे। पत्रकारिता में कदम रखने के कुछ समय बाद कॉमनवेल्थ गेम्स 2010 का संपूर्ण फील्ड कवरेज किया और कई ब्रेकिंग न्यूज दी। कई चर्चित भारतीय एथलीटों के इंटरव्यू लिए हैं। 2011 वनडे क्रिकेट वर्ल्ड कप का ऑनफील्ड रहकर शहर-शहर घूमते हुए पूरा टीवी कवरेज किया। विश्व कप से पहले युवा विराट कोहली का इंटरव्यू किया। डिजिटल जैसे-जैसे आगे बढ़ा उन्हें ब्रेट ली, सुनील गावस्कर, राहुल द्रविड़, जैसे तमाम धुरंधरों के साक्षात्कार किए और 16 वर्षीय ऋषभ पंत का पहला डिजिटल इंटरव्यू किया जिसे इंग्लिश और हिंदी वेबसाइट पर काफी रीडरशिप मिली। उन्होंने स्पोर्ट्स मल्टी पॉडकास्ट भी किया। आईपीएल के 18 सीजन से ऑनफील्ड जुड़े रहे। अब तक तकरीबन 6000 से ज्यादा एक्सक्लूसिव स्टोरीज लिख चुके हैं। साल 2025 में खेल जगत के तमाम बड़े रिकॉर्ड्स व आंकड़ों को ट्रैक किया है और उन पर आर्टिकल तैयार किए हैं।

और पढ़ें
End of Article