शहर

Delhi News: मेट्रो सीट को लेकर विवाद, मारपीट के बाद 48 वर्षीय पवन शर्मा की मौत, पूर्व IAS संजय प्रताप सिंह और बेटा गिरफ्तार

Delhi News: दिल्ली के सुप्रीम कोर्ट मेट्रो स्टेशन पर सीनियर सिटिजन सीट को लेकर शुरू हुआ विवाद 48 वर्षीय पवन शर्मा की मौत की वजह बन गया। मृतक की मां की शिकायत पर पुलिस ने संजय प्रताप सिंह और उनके बेटे सिद्धार्थ सिंह को गिरफ्तार किया है।

Image

8 अक्टूबर की शाम सुप्रीम कोर्ट मेट्रो स्टेशन पर ट्रेन के अंदर हुई वारदात (प्रतीकात्मक फोटो)

Delhi News: सुप्रीम कोर्ट मेट्रो स्टेशन पर सीनियर सिटिजन सीट पर बैठने को लेकर हुए विवाद में 48 वर्षीय पवन शर्मा की जान चली गई। इस मामले में पवन की मां दुर्गा शर्मा की शिकायत के आधार पर सुप्रीम कोर्ट मेट्रो थाने में संजय प्रताप सिंह और उनके बेटे सिद्धार्थ सिंह के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। शिकायत के अनुसार, मेट्रो में सीट को लेकर हुए विवाद के दौरान पवन शर्मा के साथ कथित तौर पर मारपीट की गई और उन्हें धक्का दे दिया गया। इससे वह मेट्रो के फर्श पर गिर पड़े और उनके सिर में गंभीर चोट लग गई। घटना के बाद उन्हें इलाज के लिए LNJP अस्पताल ले जाया गया, जहां उनकी मौत हो गई।

रिश्वतखोरी के मामले में सामने आ चुका है संजय प्रताप सिंह का नाम

इस मामले में आरोपी संजय प्रताप सिंह का नाम पहले भी रिश्वतखोरी के एक मामले में सामने आ चुका है। मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक, दिसंबर 2015 में सीबीआई ने दिल्ली सरकार में अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति और अल्पसंख्यक कल्याण विभाग के तत्कालीन प्रधान सचिव संजय प्रताप सिंह को कथित तौर पर 2.2 लाख रुपये की रिश्वत मांगने के मामले में गिरफ्तार किया था। उस समय सीबीआई की तलाशी में उनके लॉकर से 31 सोने की छड़ें बरामद होने की खबर भी आई थी। वहीं, दूसरे आरोपी सिद्धार्थ सिंह को सुप्रीम कोर्ट का वकील बताया जा रहा है।

8 अक्टूबर की शाम सुप्रीम कोर्ट मेट्रो स्टेशन पर ट्रेन के अंदर हुई वारदात

FIR के मुताबिक, घटना 8 अक्टूबर की शाम सुप्रीम कोर्ट मेट्रो स्टेशन पर ट्रेन के अंदर हुई। पवन अपनी मां के साथ घर लौट रहे थे। आरोप है कि सीट को लेकर कहासुनी के बाद दोनों व्यक्तियों ने उनके साथ मारपीट की। मेट्रो स्टाफ ने पवन को अस्पताल पहुंचाया। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 105(3)(5) के तहत मामला दर्ज करने के बाद दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। मामले की जांच सब इंस्पेक्टर सतीश कुमार कर रहे हैं। पुलिस जांच में अब यह स्पष्ट होना बाकी है कि विवाद किस तरह बढ़ा, मारपीट में किसकी क्या भूमिका थी और पवन की मौत की वजह क्या रही।

Mohit Om
मोहित ओमauthor

जनमानस की खबर को पाठकों तक पहुंचाना ही एकमात्र लक्ष्य। एक दशक से ज्यादा पत्रकारिता का अनुभव। अपराध के पीछे की साजिश को बेपर्दा करने वाली हर खबर पर पैनी निगाह रखता हूँ।

और पढ़ें
End of Article