क्रिकेट

IND vs ZIM: भारत की स्थिति भी हमारे जैसे ही है, मैच से पहले रियान बर्ल ने टीम इंडिया को दी चेतावनी

IND vs ZIM: भारत के खिलाफ मैच से पहले जिम्बाब्वे के ऑलराउंडर रियान बर्ल ने इस मुकाबले को लेकर प्रतिक्रिया दी। दक्षिण अफ्रीका और वेस्टइंडीज के खिलाफ हारने के कारण सुपर आठ का यह मैच भारत और जिम्बाब्वे दोनों के लिए करो या मरो जैसा बन गया है।

Image

रियान बर्ल (साभार-X)

IND vs ZIM: जिम्बाब्वे के ऑलराउंडर रयान बर्ल ने स्वीकार किया कि भारत के खिलाफ उसकी धरती पर खेलना बहुत बड़ी चुनौती है, लेकिन कहा कि घरेलू दर्शकों के सामने गुरुवार को यहां टी20 विश्व कप का अहम मैच खेलने का दबाव सूर्यकुमार यादव की टीम पर भारी पड़ सकता है। दक्षिण अफ्रीका और वेस्टइंडीज के खिलाफ हारने के कारण सुपर आठ का यह मैच भारत और जिम्बाब्वे दोनों के लिए करो या मरो जैसा बन गया है। बर्ल ने मैच की पूर्व संध्या पर प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा, ’’ यह हमारे लिए करो या मरो जैसा मैच है, लेकिन भारत की स्थिति भी हमारे जैसे ही है। यहां बहुत कुछ दांव पर लगा है, क्योंकि यह विश्व कप का मैच है। सेमीफाइनल में पहुंचने के लिए दोनों टीमों को कल का मैच हर हाल में जीतना होगा।’’

उन्होंने कहा, ’’हमें भारत के साथ ज़्यादा खेलने का मौका नहीं मिलता, इसलिए हम इस मैच का बेसब्री से इंतज़ार कर रहे थे। भारत में भारत के खिलाफ खेलना अपने आप में एक बड़ी चुनौती है। उन्हें घरेलू मैदान का फायदा मिलेगा लेकिन दोनों टीमों पर मैच जीतने का अतिरिक्त दबाव भी होगा।’’ बर्ल ने कहा, ’’दबाव टीमों पर अजीब असर डालता है। विश्व कप होने के कारण अतिरिक्त दबाव भी है। हमें उम्मीद है कि हम कल अपनी रणनीति पर अच्छी तरह से अमल करेंगे।’’

बर्ल को उम्मीद है कि जिम्बाब्वे की गेंदबाजी में विविधता उनके लिए फायदेमंद साबित होगी।

उन्होंने कहा, ’’हम काफी तैयारी कर रहे हैं। भारत के पास आक्रामक बल्लेबाज हैं जो पावर प्ले का पूरा फायदा उठाते हैं। उनका गेंदबाजी आक्रमण भी अच्छा है लेकिन हमारे पास गेंदबाजी में कई विकल्प हैं और शायद यही जिम्बाब्वे की टीम के लिए फायदा है।’’ बर्ल ने कहा, ’’हमारे पास बाएं हाथ का तेज गेंदबाज है, दाएं हाथ का तेज गेंदबाज है, हमारे पास दो लेग स्पिनर हैं, एक ऑफ स्पिनर है, एक बाएं हाथ का ऑफ स्पिनर है। इस तरह से हमारे पास काफी विविधता है। मुझे लगता है कि यह शायद इस पर निर्भर करेगा कि मैदान पर मौजूद बल्लेबाजों के हिसाब से हमारी गेंदबाजी का संयोजन किस तरह से बनता है।’’ बर्ल ने कहा कि वेस्टइंडीज के खिलाफ मैच में चोट लगने के बावजूद कप्तान सिकंदर रजा भारत के खिलाफ खेलने के लिए फिट हैं। उन्होंने कहा, ’’सिकंदर रजा इस मैच में खेलेंगे। वह इस मैच में खेलने के लिए फिट हैं।’’

Sameer Thakur
समीर कुमार ठाकुरauthor

समीर कुमार ठाकुर टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की स्पोर्ट्स टीम के सदस्य हैं। करीब 10 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ वे न केवल क्रिकेट, बल्कि हॉकी, फुटबॉल, बैडमिंटन और अन्य प्रमुख खेलों की गहरी समझ रखते हैं। खेलों की बारीकियों को पकड़ने, खिलाड़ियों के प्रदर्शन का विश्लेषण करने और मैच परिस्थितियों को सरल व रोचक अंदाज में समझाने की उनकी क्षमता उन्हें स्पोर्ट्स बीट का एक भरोसेमंद पत्रकार बनाती है। जर्नलिज़्म में डिप्लोमा कर चुके समीर ने टीवी मीडिया में भी काम किया है, जिससे उन्हें लाइव न्यूज प्रेजेंटेशन, ब्रेकिंग अपडेट्स और विजुअल स्टोरीटेलिंग का अनुभव मिला। समीर अब तक 10,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव स्पोर्ट्स इंटरव्यू, ऑन-ग्राउंड रिपोर्टिंग और मैच व सीरीज आधारित विश्लेषण शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article