क्रिकेट

अफगानिस्तान के खिलाफ वनडे सीरीज के लिए कौन लेगा टीम इंडिया में विराट की जगह?

विराट कोहली के चोट की वजह से अफगानिस्तान के खिलाफ तीन मैच की वनडे सीरीज से बाहर होने के बाद जानिए कौन सा खिलाड़ी ले सकता है टीम इंडिया में उनकी जगह?

Image

विराट कोहली (फोटो क्रेडिट AP)

नई दिल्ली: भारत के सुपरस्टार बल्लेबाज विराट कोहली हाल में समाप्त हुए आईपीएल के दौरान मांसपेशियों (हैमस्ट्रिंग) में खिंचाव के कारण अफगानिस्तान के खिलाफ 13 जून से शुरू हो रही वनडे श्रृंखला से बृहस्पतिवार को बाहर हो गए। कोहली की जगह रूतुराज गायकवाड़ को भारतीय टीम में शामिल किया जा सकता है जो श्रीलंका में त्रिकोणीय श्रृंखला में भारत ए के लिये खेलने वाले थे।

13 जून को होगा वनडे सीरीज का आगाज

तीन मैचों की श्रृंखला का पहला मैच 13 जून को धर्मशाला में खेला जाएगा। कोहली को रविवार को अहमदाबाद में खेले गए आईपीएल फाइनल के दौरान चोट लगी थी। उनकी टीम रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) ने यह मैच जीत कर लगातार दूसरी बार आईपीएल का खिताब जीता था। भारतीय क्रिकेट बोर्ड (बीसीसीआई) के एक सूत्र ने पीटीआई को बताया,'कोहली मांसपेशियों में खिंचाव के कारण वनडे श्रृंखला से बाहर हो गए हैं। फाइनल के दौरान उन्हें चोट लगी थी। स्कैन से पता चला है कि उनकी 'डिस्टल सेमीमेम्ब्रेनस टेंडन' (घुटने के पीछे की मांसपेशियां) फट गई है।'

’डिस्टल सेमीमेम्ब्रेनस टेंडन’ में लगी है चोट

’डिस्टल सेमीमेम्ब्रेनस टेंडन’ का फटना मांसपेशियों से जुड़ी एक दुर्लभ चोट है जो नसों के उस जाल को प्रभावित करती है जो घुटने के ठीक नीचे मांसपेशियों को पिंडली की हड्डी के अंदरूनी हिस्से से जोड़ती है। अपनी शानदार फिटनेस के लिए मशहूर 37 वर्षीय कोहली ने आईपीएल में शानदार प्रदर्शन किया था। कोहली ने गुजरात टाइटंस के खिलाफ फाइनल में नाबाद अर्धशतक लगाकर विजयी रन बनाया था। अपने टी20 खेल में कुछ बदलाव करने वाले कोहली ने आरसीबी के विजय अभियान में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उन्होंने एक शतक और पांच अर्धशतक सहित 675 रन बनाए।

फीकी पड़ी वनडे सीरीज की चमक

कोहली के बाहर हो जाने से आगामी वनडे श्रृंखला की चमक भी फीकी पड़ गई है। भारत के पूर्व कप्तान कोहली अब केवल वनडे प्रारूप में ही खेलते हैं लेकिन अब भी वह दुनिया भर के क्रिकेट प्रेमियों के लिए आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं। कोहली की शानदार फिटनेस को देखते हुए ऐसा कभी कभार ही हुआ है जब वह चोटिल होने के कारण किसी मैच या श्रृंखला से बाहर हो गए हों। अब यह देखना बाकी है कि रोहित शर्मा अफगानिस्तान के खिलाफ पूरी श्रृंखला के लिए उपलब्ध रहते हैं या नहीं। वह भी कोहली की तरह अब केवल वनडे प्रारूप में ही भारत की तरफ से खेलते हैं।

रोहित की फिटनेस के बारे में दी जाएगी आधिकारिक सूचना

आईपीएल के दौरान रोहित की जांघ की मांसपेशियों में भी खिंचाव आ गया था और उन्हें कुछ मैच से बाहर रहना पड़ा था। उन्हें फिटनेस के आधार पर ही टीम में शामिल किया गया है। कोहली की चोट के बारे में पूछने पर भारत के सहायक कोच रियान टेन डोएशे ने कहा,'इस बारे में आधिकारिक सूचना दी जायेगी । विराट या कोहली के बारे में कोई भी खबर बड़ी होती है । उन्होंने कहा,'इनकी फिटनेस का आकलन करते समय समान प्रोटोकॉल का पालन किया जायेगा । अभी यह तय करने में कुछ दिन है कि वे खेलने के लिये फिट हैं या नहीं । उसके हिसाब से बदलाव किये जायेंगे । लेकिन मेडिकल टीम से पुष्टि होने के बाद आधिकारिक सूचना दी जायेगी।'

वनडे विश्व कप 2027 को लेकर लग रही हैं अटकलें

कोहली और रोहित दोनों ने पिछले साल टेस्ट क्रिकेट से संन्यास ले लिया था। इसके बाद से ही उनके वनडे करियर को लेकर काफी अटकलें लगाई जा रही हैं। अगला वनडे विश्व कप अगले साल अक्टूबर-नवंबर में दक्षिण अफ्रीका में होगा। कोहली और रोहित को उनकी फॉर्म और फिटनेस के आधार पर ही विश्व कप की टीम में जगह मिलेगी। अफगानिस्तान के खिलाफ दूसरा वनडे 17 जून को लखनऊ में और तीसरा वनडे 20 जून को चेन्नई में खेला जाएगा। भारत इसके बाद अपना अगला वनडे इंग्लैंड के खिलाफ 14 जुलाई को खेलेगा। तब भारतीय टीम तीन वनडे मैच की श्रृंखला के लिए इंग्लैंड का दौरा करेगी।

(भाषा)

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article