IND vs NZ T20 Series: सलामी बल्लेबाज रूतुराज गायकवाड़ कलाई की चोट के कारण न्यूजीलैंड के खिलाफ टी20 श्रृंखला से बाहर हो गए हैं। गायकवाड़ को रिहैबिलिटेशन के लिये बेंगलुरू स्थित राष्ट्रीय क्रिकेट अकादमी भेजा गया है। बीसीसीआई के एक सूत्र ने बताया, ‘‘वह कलाई की चोट के कारण श्रृंखला से बाहर हैं।’’ गायकवाड़ ने एक वनडे और नौ टी20 खेले हैं । उन्होंने पिछले साल अक्टूबर में भारत के खिलाफ आखिरी मैच खेला था। वहीं टीम के कप्तान हार्दिक पांड्या ने पहले टी20 के लिए ओपनिंग की स्थिति साफ कर दी है।
भारतीय कप्तान हार्दिक पंड्या ने बृहस्पतिवार को कहा कि फॉर्म में चल रहे सलामी बल्लेबाज शुभमन गिल को न्यूजीलैंड के खिलाफ टी20 श्रृंखला में पृथ्वी साव पर तरजीह मिलेगी जिन्होंने टीम में वापसी की है। वनडे में गिल के शानदार फॉर्म को देखते हुए हार्दिक ने कहा कि उनका चयन तय है । गिल ने पिछली चार पारियों में एक दोहरे शतक समेत तीन शतक लगाये । गिल और ईशान किशन पारी की शुरूआत करेंगे।
हार्दिक ने पहले टी20 से पूर्व कहा, ‘‘शुभमन ने शानदार प्रदर्शन किया है और वह पारी की शुरूआत करेगा।’’ हार्दिक ने श्रीलंका के खिलाफ टी20 श्रृंखला में नयी गेंद संभाली थी । न्यूजीलैंड के खिलाफ तीसरे वनडे में मोहम्मद सिराज और मोहम्मद शमी को आराम दिये जाने के कारण उन्होंने फिर यह जिम्मा उठाया।
उन्होंने कहा ,‘‘ मुझे नयी गेंद से गेंदबाजी करने में मजा आता है । मैं कई सालों से नेट पर नयी गेंद से ही गेंदबाजी करता हूं । पुरानी गेंद से गेंदबाजी करने की आदत है तो उससे इतना अभ्यास नहीं करना पड़ता । इससे मैच हालात में मदद मिलती है।’’
