क्रिकेट

रोहित शर्मा विजय हजारे ट्रॉफी में खेलेंगे या नहीं? मुंबई क्रिकेट एसोसिएशन के अधिकारी ने दिया ये बयान

रोहित शर्मा 25 दिसंबर से 18 जनवरी तक खेली जाने वाली विजय हजारे ट्रॉफी में खेलेंगे या नहीं इस बारे में मुंबई क्रिकेट एसोसिएशन के अधिकारी ने बड़ा बयान दिया है।

Image

रोहित शर्मा(फोटो क्रेडिट Rohit Sharma X/BCCI)

मुंबई: पूर्व भारतीय कप्तान रोहित शर्मा ने अभी तक मुंबई क्रिकेट संघ (एमसीए) को देश की 50 ओवर की प्रतियोगिता विजय हजारे ट्रॉफी के लिए अपनी उपलब्धता की सूचना नहीं दी है। विजय हजारे ट्रॉफी 25 दिसंबर से 18 जनवरी तक अहमदाबाद, राजकोट, जयपुर और बेंगलुरु में आयोजित की जाएगी जिसके नॉकआउट मैच बेंगलुरु के ‘सेंटर ऑफ एक्सीलेंस’ में खेले जाएंगे। एमसीए के एक वरिष्ठ अधिकारी ने पुष्टि की कि उन्हें भारत के वनडे सलामी बल्लेबाज रोहित से कोई सूचना नहीं मिली है।

अधिकारी ने कहा,'जहां तक मुझे जानकारी है, कोई सूचना नहीं मिली है।' रोहित ने हाल में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ मैच में मिली जीत के दौरान नाबाद 121 रन बनाए थे। इसके बाद उन्होंने तीन मैचों की श्रृंखला के दूसरे मैच में 73 रन की पारी खेली थी। भारत श्रृंखला 1-2 से हार गया लेकिन रोहित को ‘प्लेयर ऑफ द सीरीज’ चुना गया।

वहीं रोहित यहां एमसीए के बीकेसी स्टेडियम में नियमित रूप से ट्रेनिंग कर रहे हैं। सलामी बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल भी कुछ दिन पहले ट्रेनिंग में उनके साथ शामिल हुए थे जिसके बाद वह दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ पहले टेस्ट के लिए भारतीय टीम से जुड़े थे।

रोहित और विराट कोहली टेस्ट और टी20 अंतरराष्ट्रीय से संन्यास ले चुके हैं। इन दोनों सुपरस्टार के दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ 30 नवंबर से रांची में शुरू हो रही तीन मैचों की एकदिवसीय श्रृंखला के लिए भारतीय एकदिवसीय टीम का हिस्सा होने की उम्मीद है। श्रृंखला का दूसरा मैच तीन और तीसरा मैच छह दिसंबर को क्रमशः रायपुर और विशाखापत्तनम में खेला जाएगा।

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article