क्रिकेट

ICC ODI Ranking: रोहित शर्मा ने विराट को पीछे छोड़ा, कुलदीप की हुई टॉप-5 में एंट्री

टीम इंडिया के कप्तान रोहित शर्मा को श्रीलंका के खिलाफ वनडे सीरीज के शुरुआती दो मैचों में अर्धशतकीय पारी खेलने का फायदा आईसीसी रैंकिंग में मिला है। वो विराट कोहली को रैंकिंग में पीछे छोड़ने में सफल हुए हैं। वहीं कुलदीप यादव ने भी गेंदबाजों में टॉप-5 में एंट्री कर ली है।

Image

रोहित शर्मा

Photo : AP
KEY HIGHLIGHTS
  • रोहित शर्मा ने विराट कोहली को वनडे रैंकिंग में पछाड़ा
  • श्रीलंका के खिलाफ लगातार दो अर्धशतक जड़ने का मिला फायदा
  • कुलदीप यादव की हुई गेंदबाजों में टॉप-5 में एंट्री

दुबई: भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान रोहित शर्मा श्रीलंका के खिलाफ मौजूदा वनडे सीरीज में लगातार दो अर्धशतकीय पारियों के बल पर आईसीसी की वनडे रैंकिंग में तीसरे पायदान पर पहुंच गए हैं। बुधवार को आईसीसी द्वारा जारी की गई रैंकिंग में रोहित शर्मा विराट कोहली को पछाड़कर चौथे से तीसरे पायदान पर पहुंच गए हैं।

दूसरे पायदान पर काबिज हैं गिल

ताजा रैकिंग में रोहित को एक स्थान का फायदा हुआ है वहीं विराट को एक स्थान का नुकसान। शुभमन गिल वनडे में बल्लेबाजों की रैंकिंग में दूसरे पायदान पर काबिज हैं। वो भारत के रैंकिंग में टॉप बल्लेबाज है।पाकिस्तान के कप्तान बाबर आजम 824 रेटिंग प्वाइंट के साथ वनडे में दुनिया के नंबर वन बल्लेबाज बने हुए हैं। गिल के खाते में 782, रोहित शर्मा के 763 और विराट कोहली के खाते में 752 रेटिंग प्वाइंट हैं। आयरलैंड के हैरी टेक्टर 746 रेटिंग प्वाइंट के साथ पांचवें स्थान पर काबिज हैं।

कुलदीप की हुई टॉप-5 में एंट्री

वहीं वनडे में गेंदबाजों की रैंकिंग की बात की जाए तो भारत के कुलदीप यादव पांच स्थान की छलांग के साथ वनडे रैंकिंग में चौथे पायदान पर साझा रूप से मोहम्मद सिराज के साथ पहुंच गए हैं। कुलदीप और सिराज दोनों के खाते में 662 रेटिंग प्वाइंट हैं। दक्षिण अफ्रीका केशव महाराज पहले, ऑस्ट्रेलिया के जोश हेजलवुड दूसरे और ऑस्ट्रेलिया के एडम जंपा तीसरे पायदान पर काबिज हैं। स्टार गेंदबाज जसप्रीत बुमराह तीन स्थान के नुकसान के साथ पांचवें से आठवें स्थान पर फिसल गए हैं। वहीं टीम से बाहर चल रहे मोहम्मद शमी 12वें स्थान पर काबिज हैं।

अक्षर-वॉशिंगटन ने लगाई ऊंची छलांग

भारत के अक्षर पटेल गेंदबाजों की रैंकिंग में 37 स्थान की छलांग के साथ 96वें पायदान पर पहुंच गए हैं। बल्लेबाजों की रैंकिंग में अक्षप 35 स्थान के फायदे के साथ 178वें स्थान पर पहुंच गए हैं। वहीं वॉशिंगटन सुंदर 45 स्थान की छलांग के साथ 97वें स्थान पर काबिज हो गए हैं।

श्रीलंकाई खिलाड़ियों को भी हुआ फायदा

श्रीलंकाई खेमे के खिलाड़ियों को भी रैंकिग में फायदा हुआ है। जनिथ लियानागे 10 स्थान की छलांग के साथ बल्लेबाजों की रैंकिंग में 76वें और अविष्का फर्नांडो 88वें स्थान पर पहुंच गए हैं। वहीं गेंदबाजों में दुनिथ वेलालगे 76वें स्थान पर पहुंच गए हैं। दूसरे वनडे में 33 रन देकर 6 विकेट चटकाने वाले जैफ्री वैंडरसे 64 स्थान की छलांग के साथ 105वें स्थान पर पहुंच गए हैं।

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article